महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के 20 सबसे बड़े रिकॉर्ड की लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम और डिएंड्रा डॉटिन का दबदबा है।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Womens T20 World Cup 2026) की शुरूआत 12 जून से इंग्लैंड की मेजबानी में शुरू होने वाली है। इस टूर्नामेंट में अब तक खेले गए नौ संस्करणों में महिला खिलाड़ियों ने कई बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन्हें तोड़ना थोड़ा मुश्किल है। हालांकि, इस संस्करण में खिलाड़ियों और टीमों की नजरें उनमें से कई रिकॉर्ड तोड़ने पर होंगी।
हालाँकि, यदि महिला टी20 वर्ल्ड कप के कुछ सबसे बड़े रिकॉर्ड पर नजर डालें तो यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि उनमें से कुछ रिकॉर्ड इस संस्करण में टूटना नामुमकिन है। यदि अब तक इस टूर्नामेंट के इतिहास को खंगाल कर देखें तो ऑस्ट्रेलिया महिला टीम और उनके खिलाड़ियों के नाम कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं।
इसके अलावा, इंग्लैंड महिला टीम और उनके खिलाड़ियों का भी नाम भी इस रिकॉर्ड की लिस्ट में शामिल है। अब यहाँ हम आपको महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के 20 सबसे बड़े रिकॉर्ड की जानकारी देने जा रहे हैं।
ये हैं महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के 20 सबसे बड़े रिकॉर्ड
1. सबसे ज्यादा खिताब (6) – ऑस्ट्रेलिया महिला टीम

महिला T20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा खिताब जीतने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के नाम दर्ज है। उन्होंने 2009 से लेकर अब तक कुल 9 संस्करणों में हिस्सा लिया है, जिसमें वह छह बार चैंपियन भी बने हैं।
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने 2010, 2012 और 2014 में लगातार तीन बार खिताब जीतकर रिकॉर्ड बनाया था, जबकि 2018, 2020 और 2023 में फिर से लगातार तीन खिताब जीतकर अपने ही रिकॉर्ड को दोहराया।
2. सबसे ज्यादा जीत (39 मैच) – ऑस्ट्रेलिया महिला टीम

ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के नाम ही महिला T20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने अब तक 9 संस्करणों में कुल 49 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्हें 39 मुकाबले में जीत मिली है।
सबसे बड़ी बात यह है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम को इस टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक सिर्फ 9 ही मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है। हालांकि, इस टीम की अब तक कि जीत प्रतिशत 80.61% रही है, जो दूसरे स्थान पर मौजूद इंग्लैंड (75.0%) से काफी आगे है।
3. सबसे बड़ी जीत (114 रन) – इंग्लैंड महिला टीम

इंग्लैंड महिला टीम के नाम महिला T20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ी जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 2023 में केपटाउन में खेले गए एक मुकाबले में पाकिस्तान महिला टीम को 114 रनों के बड़े अंतर से हराया था।
इंग्लैंड ने उस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट खोकर 213 रन बनाए थे और पाकिस्तान के सामने 214 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा था। हालांकि, इस लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 9 विकेट खोकर 99 रन ही बना सकी थी, जिसके चलते उन्हें 114 रनों से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी थी।
4. सबसे बड़ा टोटल (213/5) – इंग्लैंड महिला टीम

महिला T20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा टोटल बनाने का कारनामा भी इंग्लैंड महिला टीम ने ही किया है। उन्होंने 21 फरवरी 2023 को केपटाउन के न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 213 का स्कोर बनाया था, जो इस टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा टोटल है।
उस मुकाबले में नैट सिवर-ब्रंट ने 40 गेंदों पर 81* और डैनी व्याट-हॉज ने 33 गेंदों पर 59 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी और इंग्लैंड को ऐतिहासिक टोटल बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, पाकिस्तान की टीम रन चेज करते हुए 20.0 ओवरों में सिर्फ 99/9 का स्कोर ही बना सकी थी।
5. सबसे कम टोटल (46/10) – बांग्लादेश महिला टीम

महिला T20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे न्यूनतम टोटल बनाने का शर्मनाक रिकॉर्ड बांग्लादेश महिला टीम के नाम दर्ज है। वह 2018 में गयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रन चेज करते हुए मात्र 46 के स्कोर पर ही ऑलआउट हो गई थी।
उस मुकाबले में स्टेफानी टेलर की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 106/8 का स्कोर बनाया था। लेकिन 107 रनों के लक्ष्य का पीछा करती हुई बांग्लादेश की टीम मात्र 46 रनों पर ही सिमट गई थी।
6. सबसे बड़ा रन चेज (165/2) – इंग्लैंड महिला टीम

इंग्लैंड महिला टीम के नाम महिला T20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ा सफल रन चेज करने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 2009 में द ओवल में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 164 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 165/2 का स्कोर बनाकर जीत हासिल की थी।
उस मुकाबले में करेन रॉल्टन की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 163/5 का स्कोर बनाया था, लेकिन इंग्लैंड ने क्लेयर टेलर की 53 गेंदों पर 76* रनों की शानदार पारी के दम पर 164 रनों का टारगेट 3 गेंदें शेष रहते हुए चेज कर लिया था। बाद में इंग्लैंड ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर पहले संस्करण का खिताब भी जीता था।
7. सबसे न्यूनतम टोटल डिफेंड (91/10) – न्यूजीलैंड महिला टीम

महिला T20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे न्यूनतम टोटल डिफेंड करने का कारनामा न्यूजीलैंड महिला टीम ने किया है। उन्होंने 2020 में मेलबर्न में खेले गए ग्रुप A के मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ मात्र 91 रनों का स्कोर डिफेंड कर लिया था।
उस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 91 रन बनाए थे, जिसमें रेचल प्रीस्ट (32 गेंदों पर 25 रन) सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज थीं। हालांकि, बांग्लादेश की टीम ने उनसे भी खराब बल्लेबाजी की और 19.5 ओवरों में 74 के स्कोर पर ही ऑलआउट हो गई।
8. एक पारी में एक्स्ट्रा से सबसे ज्यादा रन (24) – श्रीलंका

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एक पारी में एक्स्ट्रा से सबसे ज्यादा रन बटोरने का रिकॉर्ड श्रीलंका महिला टीम के नाम दर्ज है। उन्होंने 2018 में ग्रॉस आइलेट में खेले गए एक ग्रुप मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 24 रन एक्स्ट्रा के जरिए बटोरे थे यानी वो रन बल्ले से नहीं आए थे।
उस लो-स्कोरिंग मैच में साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने 24 एक्स्ट्रा रन खर्च किए थे, जिसमें 19 वाइड, 3 लेग बाई और 2 बाई शामिल थे। हालांकि, इतने अतिरिक्त रन के बावजूद श्रीलंकाई टीम पहली पारी में सिर्फ 99/8 का स्कोर ही बना सकी थी और उन्हें 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।
9. सबसे ज्यादा रन (1216) – सूजी बेट्स

न्यूजीलैंड की बेहतरीन बैटिंग ऑलराउंडर सूजी बेट्स के नाम महिला T20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 2009 से लेकर अब तक 42 मैचों में 31.17 की औसत से कुल 1216 रन बनाए हैं, जिसमें 94* रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी शामिल है।
बेट्स ने अपने करियर में न्यूजीलैंड के लिए कई अहम पारियां खेली हैं और 2024 में पहली बार खिताब जिताने में भी अहम भूमिका निभाई थी। वह शुरुआती संस्करण से लेकर अब तक व्हाइट फर्न्स के लिए अपनी अहम भूमिका निभाती रही हैं और अब भी टीम का अहम हिस्सा बनी हुई हैं।
10. सबसे बड़ी पारी (126) – मेग लैनिंग

ऑस्ट्रेलिया की बेहतरीन बल्लेबाज मेग लैनिंग के नाम महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 2014 में सिल्हट में आयरलैंड के खिलाफ खेले गए एक मुकाबले में 65 गेंदों पर 126 रनों की बड़ी पारी खेली थी। लैनिंग ने अपनी उस पारी में रिकॉर्ड 18 चौके और 4 छक्के भी लगाए थे।
11. सबसे ज्यादा 50+ स्कोर (8) – सूजी बेट्स

न्यूजीलैंड की अनुभवी सूजी बेट्स ने इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने का कारनामा किया है और उनके पास ही सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी है। बेट्स ने अब तक 42 मैचों में 8 बार 50+ स्कोर बनाया है। इस दौरान उन्होंने 1216 रन बनाए, जिसमें 94* रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी भी शामिल है।
12. सबसे तेज शतक (38 गेंदों पर) – डिएंड्रा डॉटिन

वेस्टइंडीज की विस्फोटक बल्लेबाज और वर्ल्ड बॉस के नाम से मशहूर डिएंड्रा डॉटिन के नाम इस टूर्नामेंट में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंट किट्स एंड नेविस के बैसेटेरे में खेले गए एक मुकाबले में मात्र 38 गेंदों पर ही शतक लगा दिया था, जो 16 सालों बाद भी एक रिकॉर्ड बना हुआ है।
13. सबसे ज्यादा छक्के (31) – डिएंड्रा डॉटिन

महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी डिएंड्रा डॉटिन के नाम ही दर्ज है। उन्होंने इस टूर्नामेंट के इतिहास में 2009 से अब तक 34 मुकाबलों में सबसे ज्यादा 31 छक्के लगाए हैं।
इस मामले में भारत की हरमनप्रीत कौर और सोफी डिवाइन 19-19 छक्कों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। अब इन्हीं दोनों खिलाड़ियों के पास यह रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा, लेकिन डॉटिन भी 2026 के टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज के लिए खेलती नजर आएंगी।
14. सबसे ज्यादा चौके (132) – सूजी बेट्स और एलिसा हीली

न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स और ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा चौके लगाने के मामले में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। बेट्स ने 42 पारियों में और हीली ने 39 पारियों में अब तक कुल 132 चौके लगाए हैं। हालांकि, हीली अब अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुकी हैं, जबकि बेट्स 2026 में भी न्यूजीलैंड के लिए खेलती नजर आएंगी।
15. किसी बल्लेबाज द्वारा एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के (9) – डिएंड्रा डॉटिन

किसी एक महिला टी20 वर्ल्ड कप मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली बल्लेबाज वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डॉटिन हैं। उन्होंने 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंट किट्स एंड नेविस के बैसेटेरे में खेले गए एक मुकाबले में 9 छक्के लगाते हुए मात्र 38 गेंदों पर ही रिकॉर्डतोड़ शतक जड़ दिया था।
16. किसी बल्लेबाज द्वारा एक पारी में सबसे ज्यादा चौके (9) – मेग लैनिंग

किसी एक महिला टी20 वर्ल्ड कप मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा चौके लगाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग के नाम दर्ज है। उन्होंने 2014 में आयरलैंड के खिलाफ सिल्हट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एक मुकाबले में 18 चौके लगाते हुए 126 रनों की रिकॉर्ड पारी खेली थी।
17. सबसे ज्यादा विकेट (48) – मेगन शूट

ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज मेगन शूट के नाम महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने अब तक 29 मैचों में 11.72 की औसत से 48 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 5.65 की इकॉनमी से रन खर्च किए, जबकि उनकी बेस्ट बॉलिंग स्पेल 4/18 की रही है।
18. सबसे बढ़िया बॉलिंग स्पेल (5/5) – डिएंड्रा डॉटिन

वेस्टइंडीज की फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर डिएंड्रा डॉटिन ने महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अब तक का सबसे बेस्ट बॉलिंग स्पेल फेंका है। उन्होंने 2010 में गयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मात्र 3.4 ओवरों में मात्र 5 तन खर्च करते हुए 5 विकेट हासिल किए थे, जिससे बांग्लादेश की टीम 107 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मात्र 46 रनों पर ही सिमट गई थी।
19. एक संस्करण में सबसे ज्यादा विकेट (15) – अमेलिया केर

किसी एक महिला टी20 वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर अमेलिया कर के नाम दर्ज है। उन्होंने 2024 के संस्करण में शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 मैचों में 15 विकेट हासिल किए थे, जिसमें 4/26 का बेस्ट बॉलिंग स्पेल शामिल था। उनकी इस गेंदबाजी के दम पर न्यूजीलैंड पहली बार चैंपियन भी बनी थी।
20. सबसे ज्यादा मैच (47) – एलिस पेरी

महिला T20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एलिस पेरी के नाम दर्ज है। उन्होंने अब तक इस टूर्नामेंट में कुल 47 मुकाबले खेले हैं। पेरी 2026 में भी यह टूर्नामेंट खेलती हुई नजर आएंगी, इसीलिए उनके इस रिकॉर्ड में और भी इजाफा देखने को मिलेगा।
FAQs
1. महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन किसने बनाए हैं?
महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा रन सूजी बेट्स ने बनाए हैं। उनके नाम 42 मैचों में 1210 रन दर्ज है।
2. महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट किसने लिए हैं?
महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट ऑस्ट्रेलिया की मगन शूट ने लिए हैं। उनके नाम 29 मैचों में 11.72 की औसत से 48 विकेट दर्ज है।
3. महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ा रन चेज किस टीम ने किया है?
महिला T20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ा सफल रन चेज करने का रिकॉर्ड इंग्लैंड महिला टीम के नाम दर्ज है। उन्होंने 2009 में द ओवल में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 164 रनों का टारगेट चेज करते हुए 165/2 का स्कोर बनाया था।
4. महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे न्यूनतम टोटल डिफेंड किस टीम ने किया है?
महिला T20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे न्यूनतम टोटल डिफेंड न्यूजीलैंड महिला टीम ने किया है। उन्होंने 2020 में मेलबर्न में खेले गए ग्रुप A के मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ मात्र 91 रनों का स्कोर डिफेंड कर लिया था।
5. महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ा टोटल किस टीम ने बनाया है?
महिला T20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा टोटल बनाने इंग्लैंड महिला टीम ने बनाया है। उन्होंने 2023 में केपटाउन के न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 213/5 का स्कोर बनाया था।
महिला T20 वर्ल्ड कप की लेटेस्ट न्यूज के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

