Sudirman Cup 2025: स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी आगामी सुदीरमन कप 2025 में हिस्सा नहीं लेने वाली हैं। वहीं इस बार पुरुष युगल में वर्ल्ड नंबर-10 भारत की पुरुष युगल जोड़ी अपनी चोट से उबरने के बाद अपनी वापसी के लिए पूरी तरह से तैयार थी। लेकिन अब बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से यह जानकारी दी गई है कि सात्विक-चिराग बीमारी के कारण बीडब्ल्यूएफ सुदीरमन कप टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
टूर्नामेंट से हटे सात्विक-चिराग :-
भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय युगल जोड़ी ने अपना आखिरी मुकाबला पिछले महीने ऑल इंग्लैंड ओपन सुपर 1000 में खेला था। तब से लेकर अभी तक यह जोड़ी कोर्ट से दूर रही है। वहीं इससे पहले भी सात्विक और चिराग की इस स्टार भारतीय जोड़ी ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप से भी अपना नाम वापस ले लिया था।

इन दोनों स्टार बैडमिंटन खिलाड़ियों के इस टूर्नामेंट से बाहर हो जाने के बाद अब यह दूसरी भारतीय जोड़ी है जो इस टूर्नामेंट से बाहर हुई है। क्यूंकि उनसे पहले महिला युगल में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने भी इस टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था। वहीं इसके बाद भारतीय बैडमिंटन टीम में अब पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधु, विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता लक्ष्य सेन और एचएस प्रणय शामिल होंगे।
हर दो साल में होती है यह प्रतियोगिता :-
सुदीरमन कप बैडमिंटन की प्रतियोगिता हर दो साल में होती है। इसके अलावा यह प्रतियोगिता 16 देशों की मिश्रित टीम स्पर्धा है। इस बार यह टूर्नामेंट 27 अप्रैल से 4 मई तक चीन के शियामेन में आयोजित होने वाली है। वहीं भारत ने विश्व रैंकिंग के आधार पर प्रतिष्ठित मिश्रित टीम चैंपियनशिप के लिए अपनी योग्यता प्राप्त कर ली है। तभी तो अब भारत की नजर कठिन ग्रुप डी लाइनअप से नाकआउट में अपनी जगह बनाने पर होगी। भारत के अलावा इस ग्रुप में पूर्व चैंपियन इंडोनेशिया, दो बार का उपविजेता डेनमार्क और इंग्लैंड भी शामिल हैं।

इसके अलावा सुदीरमन कप में प्रत्येक मुकाबले में पांच मैच होते हैं। इनमें पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल शामिल हैं। वहीं इस सुदीरमन कप के 19वें संस्करण में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। इस टूर्नामेंट के ड्रा के दौरान चार वरीयता प्राप्त टीमों को अलग-अलग समूहों में रखा गया था। इनमें गत चैंपियन और मेजबान चीन ग्रुप ए में शीर्ष वरीयता प्राप्त है। वहीं इस टूर्नामेंट में भारतीय बैडमिंटन टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन साल 2011 और 2017 में आया था। तब भारतीय टीम इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थी। इसके अलावा पिछले संस्करण में भारत, मलेशिया और चीनी ताइपे से हारकर ग्रुप चरण में ही बाहर हो गया था।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







