आज तक जितने भी अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच खेले गए हैं, अभी तक के इतिहास में इतना हाई-स्कोरिंग फाइनल नहीं हुआ था। साल 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 411 रनों का विशाल स्कोर बनाया था। भारत ऐसा करने वाला पहला देश बना है, जिसने U-19 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में 400 रनों का आँकड़ा पार किया हो। इस रन को चेज़ करने उतरी इंग्लैंड की टीम 311 रन पर ही ऑलआउट हो गई और इस खिताबी फाइनल मैच में भारतीय टीम विजेता बनी।
इस मुकाबले में टीम और व्यक्तिगत तौर पर भी बहुत से रिकॉर्ड टूटे हैं। इस आर्टिकल में हम आपको ऐसे 5 बड़े रिकॉर्ड्स के बारे में बताएँगे, जो इस बार फाइनल में बनाए गए हैं।
अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल मैच में बने 5 रिकॉर्ड, यहाँ जानें
1. एक एडिशन में अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे ज़्यादा रन (दोनों पारियाँ)
वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में दोनों टीमों ने कुल मिलाकर 722 रन बनाए थे। यह नीचे हमने अंडर-19 क्रिकेट के इतिहास में किसी भी मैच में बने सबसे ज़्यादा रनों के बारे में बताया है।
722 रन – भारत बनाम इंग्लैंड – 2026
634 रन – भारत बनाम वेस्टइंडीज – 2014
631 रन – ऑस्ट्रेलिया बनाम आयरलैंड – 2004
2. ICC टूर्नामेंट के फाइनल में हाईएस्ट व्यक्तिगत स्कोर
फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन बनाए थे। यह पुरुष और महिला क्रिकेट के किसी भी ICC टूर्नामेंट के फाइनल में खेली गई सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी बन गई है। वैभव से पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली के नाम था, जिन्होंने 2022 ODI वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 170 रन बनाए थे।
- 175 रन – वैभव सूर्यवंशी – अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल
- 170 रन – एलिसा हीली – महिला ODI वर्ल्ड कप 2022 फाइनल
3. अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर
इससे पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में कोई भी टीम 300 रनों का आँकड़ा पार नहीं कर पाई थी। 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने 411 रन बनाए, जिससे भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 400 रनों का आँकडा छूने वाली पहली टीम बनी। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने अपना छठा U-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है।
4. अंडर-19 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे ज़्यादा छक्के
भारत बनाम इंग्लैंड फाइनल मैच में इस बार कुल 31 छक्के लगे हैं। भारत की ओर से 19 और इंग्लैंड की ओर से 12 छक्के लगे। यह एक यूथ ODI मैच में सबसे ज़्यादा छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इससे पहले एक यूथ ODI मैच में सबसे ज्यादा छक्कों की संख्या 23 थी।
5. साल 2026 में जिम्बाब्वे में खेले गए वर्ल्ड कप में भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप को सबसे ज़्यादा बार जीतने के अपने ही रिकॉर्ड को बेहतर कर लिया है। आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम ने U-19 वर्ल्ड कप का छठा टाइटल अपने नाम किया है। इस लिस्ट में दूसरा नाम ऑस्ट्रेलियाई टीम का आता है, जिसने 4 बार अंडर-19 लेवल पर वर्ल्ड कप फाइनल जीता है।
- भारत – 6 बार
- ऑस्ट्रेलिया – 4 बार
- पाकिस्तान – 2 बार
- इंग्लैंड 1- बार
- साउथ अफ्रीका – 1 खिताब






