2025 का साल आज खत्म हो रहा है। हर साल की तरह इस साल भी क्रिकेट में खूब रोमांच देखने को मिला। दुनिया भर में कई टी20 लीग खेली गईं। इसके अलावा आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी और महिला वनडे वर्ल्ड कप भी हुआ। घरेलू क्रिकेट में भी बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। इस साल कई विश्व रिकॉर्ड बने, लेकिन कुछ रिकॉर्ड ऐसे रहे जो लोगों को खास तौर पर याद रहेंगे। हम आपको ऐसे ही 5 विश्व रिकॉर्ड के बारे में बताने वाले हैं, जिन्हें तोड़ना लगभग बहुत मुश्किल है।
सबसे कम उम्र में लिस्ट ए क्रिकेट में शतक लगाना
बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने 14 साल और 272 दिन की उम्र में शतक लगाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के जहून इलाही के नाम था। उन्होंने साल 1986 में 15 साल और 209 दिन की उम्र में शतक बनाया था।
एक ही पारी में 19 छक्के लगाना
न्यूजीलैंड के फिन एलेन ने मेजर लीग क्रिकेट में वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ 19 छक्के लगाए। इसके साथ ही वह टी20 क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
टी20 मैच में 8 विकेट लेना
गेलेफू में म्यांमार के खिलाफ खेले गए टी20 इंटरनेशनल मैच में भूटान के सोनम येशे ने 8 विकेट लिए। टी20 क्रिकेट में यह पहली बार हुआ है जब किसी गेंदबाज ने एक मैच में 8 विकेट लिए। महिला टी20 या किसी भी टी20 लीग में भी अब तक ऐसा नहीं हुआ था।
एक ही ओवर में 5 विकेट
इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार ऐसा हुआ जब एक गेंदबाज ने एक ही ओवर में 5 विकेट लिया हो। इंडोनेशिया के गेडे प्रियांदना ने कंबोडिया के खिलाफ मैच में एक ओवर में सिर्फ एक रन देकर 5 विकेट झटके। अब इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए किसी गेंदबाज को ओवर की हर गेंद पर विकेट लेना होगा।
13 अलग-अलग देशों के खिलाफ शतक
वेस्टइंडीज के शाई होप ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मैच में 109 रन बनाए। इस पारी के साथ वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 13 अलग-अलग देशों के खिलाफ शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले महेला जयवर्धने और क्रिस गेल ने 12-12 देशों के खिलाफ शतक लगाए थे।







