5000 Plus Runs in Women’s ODI Cricket: महिला वनडे क्रिकेट ने पिछले दो दशकों में जबरदस्त प्रगति की है। जहां पहले महिला क्रिकेट को सीमित दायरे में देखा जाता था, वहीं अब यह खेल ग्लोबल लेवल पर काफी पॉपुलर हो चुका है। इस बदलाव के केंद्र में वे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अपनी लगातार प्रदर्शन से न केवल मैच जिताए, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम दर्ज कराया।
आज हम बात करेंगे उन महिला बल्लेबाजों की, जिन्होंने Women’s ODI Cricket में 5000 से ज्यादा रन बनाकर अपनी टीमों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका की सलामी बल्लेबाज लौरा वुल्वार्ट भी महिला वर्ल्ड कप 2025 सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 169 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर इस क्लब में शामिल हुईं।
ये हैं महिला वनडे क्रिकेट में 5000 से ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज
1. मिताली राज (भारत) – 7805 रन
भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज का नाम महिला क्रिकेट की सबसे महान बल्लेबाजों में शुमार है। 1999 से 2022 तक चले शानदार करियर में उन्होंने 232 मैचों में 7805 रन बनाए। उनका औसत 50.68 रहा, जो इस फॉर्मेट में उनकी स्थिरता और परिपक्वता को दर्शाता है।
मिताली का महिला वनडे क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 125* रहा, जबकि उन्होंने 7 शतक और 64 अर्धशतक लगाए। मिताली की बल्लेबाजी का सबसे बड़ा गुण उनकी कंसिस्टेंसी थी। वह हर परिस्थिति में टीम के लिए रन बनाती रहीं और लंबे समय तक भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ बनी रहीं।
2. शार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) – 5992 रन
इंग्लैंड की शार्लोट एडवर्ड्स का नाम महिला क्रिकेट इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने 1997 से 2016 तक 191 महिला वनडे मैच खेले और 5992 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 38.16 और स्ट्राइक रेट 65.29 रहा।
एडवर्ड्स ने अपने वनडे करियर में 9 शतक और 46 अर्धशतक लगाए और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 173* रहा। कप्तान के रूप में उन्होंने इंग्लैंड को कई बड़ी जीत दिलाई और महिला क्रिकेट में नेतृत्व का एक नया मानक स्थापित किया। वह वर्तमान समय में इंग्लैंड महिला टीम की हेड कोच भी हैं।
3. सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) – 5936* रन
न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से हैं, जिन्होंने लंबे समय तक अपनी फिटनेस और फॉर्म बनाए रखी। उन्होंने 2006 से अब तक 178 मैचों में 5936 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 38.79 और स्ट्राइक रेट 79.74 रहा।
वह 13 शतक और 37 अर्धशतकों के साथ न्यूजीलैंड की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक रहीं। उनकी आक्रामक ओपनिंग और तकनीकी बल्लेबाजी ने कई बार टीम को मजबूत शुरुआत दी।
4. स्टेफनी टेलर (वेस्टइंडीज) – 5873 रन
वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं, लेकिन बल्लेबाजी में उनका योगदान भी शानदार है। उन्होंने 2008 से अब तक 170 मैचों में 42.25 की औसत से 5873 रन बनाए हैं।
स्टेफनी टेलर ने अपने वनडे करियर में 7 शतक और 41 अर्धशतक लगाए, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 171 रहा। टेलर ने न सिर्फ रन बनाए, बल्कि अपने नेतृत्व और शांत स्वभाव से टीम को मजबूत किया।
5. स्मृति मंधाना (भारत) – 5253* रन
सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना इस समय भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे बड़ी आइकन बन चुकी हैं। उन्होंने 2013 से अब तक 115 मैचों में 48.63 की औसत और 90.61 के शानदार स्ट्राइक रेट साथ 5253 रन बनाए हैं।
उनके 14 शतक और 34 अर्धशतक बतौर ओपनर उनकी निरंतरता और आत्मविश्वास को दर्शाते हैं। मंधाना अपनी आक्रामक और एलीगेंट बल्लेबाजी स्टाइल से हर मैच में दर्शकों का दिल जीत लेती हैं। वे भारत के लिए आने वाले वर्षों में सबसे बड़ी उम्मीद हैं।
6. लौरा वुल्वार्ट (दक्षिण अफ्रीका) – 5121* रन
दक्षिण अफ्रीका की लौरा वुल्वार्ट ने बहुत कम उम्र में अपनी पहचान बना ली। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 169* रनों की पारी खेलकर उन्होंने महिला वनडे क्रिकेट में 5000 रन पूरे किए।
वुल्वार्ट ने 2016 से अब तक 118 मैचों में 50.20 की औसत और 73.89 की स्ट्राइक रेट के साथ 5121 रन बनाए हैं। महिला वनडे क्रिकेट में वुल्वार्ट का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 184* रहा है। उन्होंने 10 शतक और 38 अर्धशतक भी लगाए हैं।
इन छह खिलाड़ियों ने महिला वनडे क्रिकेट में न सिर्फ रन बनाए बल्कि नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा भी बनीं। मिताली राज की स्थिरता, एडवर्ड्स की लीडरशिप, बेट्स की निरंतरता, टेलर की ऑलराउंड क्षमता, मंधाना की फ्लुएंसी और वुल्वार्ट की क्लास, सभी ने महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
[नोट: यहाँ दिए गए सभी आंकड़े 29 अक्टूबर 2025 तक अपडेटेड हैं।]
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

