अगला बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट टी20 वर्ल्ड कप 2026 होगा, जो भारत और श्रीलंका में फरवरी से मार्च के बीच खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी। हर बार की तरह इस बार भी दर्शकों को रोमांचक और बेहतरीन क्रिकेट देखने को मिलेगा। कुछ खिलाड़ियों के लिए यह वर्ल्ड कप शायद उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का आखिरी टूर्नामेंट साबित हो सकता है।
उन 7 खिलाड़ियों के बारे में जो 2026 टी20 वर्ल्ड कप के बाद क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं
डेविड मिलर (दक्षिण अफ़्रीका)

दक्षिण अफ़्रीका के विस्फोटक बल्लेबाज़ डेविड मिलर कई सालों से टीम के अहम फिनिशर रहे हैं। अब तक टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 130 मैचों में 2591 रन बनाए हैं। हालांकि अब उनकी उम्र 36 साल से ज़्यादा हो चुकी है और हाल के टूर्नामेंटों में उनका प्रदर्शन पहले जैसा नहीं रहा। मिलर पहले ही कह चुके हैं कि वे आगे चलकर लीग क्रिकेट पर ज़्यादा ध्यान देंगे। ऐसे में 2026 वर्ल्ड कप के बाद उनका संन्यास लेना संभव है।
ट्रेंट बोल्ट (न्यूज़ीलैंड)

न्यूज़ीलैंड के तेज़ गेंदबाज़ ट्रेंट बोल्ट पहले ही केंद्रीय अनुबंध छोड़ चुके हैं ताकि वे लीग क्रिकेट खेल सकें। उन्होंने कई बार कहा है कि वे अपने करियर के आखिरी दौर में हैं। 2026 वर्ल्ड कप तक उनकी उम्र 37 साल हो जाएगी। अब तक वे टी20 इंटरनेशनल के 61 मैचों में 83 विकेट ले चुके हैं। ऐसे में यह टूर्नामेंट उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आख़िरी पड़ाव साबित हो सकता है।
जॉनसन चार्ल्स (वेस्टइंडीज)

जॉनसन चार्ल्स वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज़ हैं। पिछले कुछ वर्षों में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने आखिरी वनडे 2023 में खेला था और 2025 CPL में सिर्फ 10 पारियों में 212 रन बनाए। टी20 इंटरनेशनल में वे अब तक 64 मैचों में 1468 रन बना चुके हैं। 2026 वर्ल्ड कप तक उनकी उम्र 37 साल हो जाएगी। अगर वे इस टूर्नामेंट में भी असफल रहे, तो टीम मैनेजमेंट उन्हें बाहर कर सकता है। ऐसे में उनका संन्यास लेना संभव है।
आदिल रशीद (इंग्लैंड)

आदिल रशीद इंग्लैंड के अनुभवी लेग स्पिनर हैं। वे पहले ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और फिलहाल टी20 टीम का हिस्सा हैं। अब तक उन्होंने 131 टी20 मैचों में 141 विकेट लिए हैं। 2026 तक उनकी उम्र 38 साल हो जाएगी। अगर उनकी फिटनेस या फॉर्म में गिरावट आई, या कोई नया स्पिनर अच्छा प्रदर्शन करने लगा, तो टीम उन्हें रिप्लेस कर सकती है। ऐसे में रशीद भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं।
मोहम्मद नबी (अफ़ग़ानिस्तान)

मोहम्मद नबी अफ़ग़ानिस्तान के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने टीम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई है। अब तक वे 142 मैचों में 2416 रन और 102 विकेट ले चुके हैं। वे निचले क्रम में तेज़ बल्लेबाज़ी और समझदारी भरी स्पिन गेंदबाज़ी के लिए जाने जाते हैं। 2026 वर्ल्ड कप तक उनकी उम्र 41 साल हो जाएगी। उन्होंने पहले ही कहा है कि वे आगे चलकर कोचिंग या घरेलू लीग पर ध्यान देना चाहते हैं। इसलिए संभव है कि वे वर्ल्ड कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लें।
कुशल परेरा (श्रीलंका)

कुशल परेरा श्रीलंका के बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज़ हैं। एक समय वे टीम की बल्लेबाज़ी लाइन-अप के अहम सदस्य थे, लेकिन हाल के वर्षों में उनका प्रदर्शन काफ़ी गिरा है। अब तक वे 88 मैचों में 2276 रन बना चुके हैं। 2025 एशिया कप में उन्होंने सिर्फ़ एक अर्धशतक लगाया, बाकी मैचों में वे फ्लॉप रहे। अगर 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भी उनका बल्ला नहीं चला, तो यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो सकता है।
मार्कस स्टोइनिस (ऑस्ट्रेलिया)

मार्कस स्टोइनिस ऑस्ट्रेलिया के भरोसेमंद ऑलराउंडर हैं। उन्होंने 2025 में वनडे क्रिकेट से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया था। उन्होंने कहा था कि अब वे सिर्फ़ टी20 और लीग क्रिकेट पर ध्यान देना चाहते हैं। अब तक वे 77 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 1251 रन और 46 विकेट ले चुके हैं। बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए उपयोगी खिलाड़ी हैं। लेकिन माना जा रहा है कि 2026 वर्ल्ड कप के बाद वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा ले सकते हैं।







