Asia Cup U-19 Record: ACC अंडर-19 एशिया कप के 10वें मुकाबले में भारत और मलेशिया के बीच मैच खेला जा रहा है। इस मैच में क्रिकेट फैंस को वैभव के बल्ले से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह 50 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वैभव ने 25 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। इसके बाद अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए। वैभव के अधूरे काम को विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने पूरा किया। मलेशिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मुकाबले में भारत की तरफ से खेलते हुए अभिज्ञान ने 121 गेंदों में 201 रन बनाए। कुंडू ऐसा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। उनके दोहरे शतक की मदद से भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 408 रन का विशाल स्कोर बनाया।
अभिज्ञान कुंडू ने बल्ले से दिखाया अपना क्लास
अभिज्ञान कुंडू ने मलेशिया के खिलाफ दबाव में आकर बहुत समझदारी से बल्लेबाजी की। शुरुआत में उन्होंने समय लिया और पिच पर खुद को जमाया, सेट होने के बाद उन्होंने अपने शॉट्स खेलने शुरू किए। वे क्रीज पर डटे रहे और वेदांत त्रिवेदी के साथ मिलकर एक शानदार साझेदारी निभाई।
अभिज्ञान ने 80 गेंदों में 127 की स्ट्राइक रेट से जोरदार शतक लगाया, इस दौरान उन्होंने 11 चौके और 1 छक्का लगाया। शतक के बाद भी वे रुके नहीं और तेजी से रन बनाते रहे। उन्होंने 121 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। 50 ओवर पूरे होने के बाद अभिज्ञान 125 गेंदों में नाबाद 209 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी इस यादगार पारी में 17 चौके और 9 छक्के शामिल थे।
अंडर-19 एशिया में दोहरा शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज
U-19 एशिया कप में साउथ अफ्रीका के टॉपऑर्डर बल्लेबाज जोरिच वैन शाल्कविक ने जुलाई 2025 में जिम्बाबे के खिलाफ खेलते हुए मात्र 153 गेंदों में 215 रन बनाए थे। वहीं भारत की तरफ से अंडर-19 एशिया कप में मलेशिया के खिलाफ खेलते हुए अभिज्ञान कुंडू ने 121 गेंदों में 201 रन बनाए, जिसमें 17 चौके और 9 छक्के शामिल थे। इस रिकॉर्ड के साथ वे U-19 एशिया कप में दोहरा शतक बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए।
IPL ऑक्शन में अभिज्ञान कुंडू पर टीमें खर्च कर सकती हैं मोटी रकम
अभिज्ञान कुंडू लेफ्ट-हैंड बल्लेबाज हैं और जरूरत पड़ने पर विकेटकीपिंग भी कर सकते हैं। वे लोअर-मिडल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं, जिससे वे एक उपयोगी खिलाड़ी बन जाते हैं। कई टीमों को नीचे के क्रम में ऐसे बल्लेबाज की तलाश रहती है जो मुश्किल समय में संभलकर खेले और मौका मिलते ही बड़े शॉट लगा सके। कुंडू में ये दोनों खूबियां हैं। इसी वजह से IPL में उन पर अच्छी बोली लगने की उम्मीद है। CSK, KKR और SRH जैसी टीमें उनके पीछे जा सकती हैं। इन टीमों को लोअर ऑर्डर में एक भरोसेमंद बैकअप बल्लेबाज चाहिए और कुंडू इस रोल के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं।

