आईपीएल 2026 के शेड्यूल का इंतज़ार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं। इस बार टूर्नामेंट की शुरुआत 28 मार्च से होनी है। अब लगभग 3 हफ्तों का समय ही बचा है, लेकिन मैचों के शेड्यूल का ऐलान नहीं किया गया है।
हालाँकि आईपीएल के पहले मैच में इस बार दो बड़ी टीमें आमने-सामने नज़र आएंगी, जिनके बीच मैच नहीं जंग होगी। तो चलिए जानते हैं कि आईपीएल 2026 का पहला मैच कब और किसके बीच होना है।
RCB और CSK/SRH के बीच हो सकता है आईपीएल 2026 का ओपनिंग मैच
आईपीएल में अक्सर ओपनिंग पिछले साल की दोनों फाइनलिस्ट के बीच होती है। लेकिन इस बार इस प्रथा को तोड़ा जा रहा है। पहले मैच पर दुनियाभर की नज़रें रहती हैं और ऐसे में अगर बड़ी टीमें खेल रही होती हैं तो और ज़्यादा लोग इस मैच को देखते हैं।
मीडिया ख़बरों की मानें तो आईपीएल 2026 का ओपनिंग मैच चेन्नई सुपर किंग्स/ सनराइजर्स हैदराबाद और डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जा सकता है।
पिछली बार का फाइनल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और पंजाब किंग्स के बीच हुआ था, जिसे आरसीबी ने जीता था। लेकिन इस बार बैंगलोर के सामने पंजाब किंग्स नहीं बल्कि सीएसके खेलती हुई नज़र आएगी।
फिर से चिन्नास्वामी में खेले जाएंगे मैच
बीसीसीआई की कोशिश रहती है कि पहला मैच हमेशा ऐसी टीम का हो जिनकी फैन फॉलोइंग बहुत ज़्यादा हो। चेन्नई और बैंगलोर इस लीग की दो सबसे ज़्यादा पसंद की जाने वाली टीमें हैं। इसलिए बोर्ड पहला मैच इन टीमों का कराने का सोच रहा है। यह मैच बैंगलोर के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा सकता है। इस स्टेडियम में एक बार फिर से क्रिकेट की वापसी हो रही है।
पिछले साल आरसीबी की जीत के बाद विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई थी। उसके बाद इस स्टेडियम में कोई भी मैच नहीं कराए गए थे। लेकिन गवर्नमेंट से क्लीयरेंस मिलने के बाद अब इस ग्राउंड पर फिर से मैच खेले जाएंगे।
पंजाब किंग्स गुजरात के खिलाफ खेल सकती है अपना पहला मैच
वहीं पिछली बार की रनर-अप पंजाब किंग्स अपना पहला मैच गुजरात टाइटंस के खिलाफ 29 मार्च को खेल सकती है। जीटी ने भी पिछली बार प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया था, लेकिन उन्हें एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

