Abhishek Sharma ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 में मेघालय के खिलाफ मात्र 28 गेंदों पर शतक जड़ा है।
बाएँ हाथ के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने गुरूवार को राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन में खेले गए मुकाबले में टी20 क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक जड़ा। उन्होंने इस मुकाबले में 8 चौकों और 11 छक्कों की मदद से 106 रनों की नाबाद पारी खेली।
मेघालय द्वारा दिए गए 143 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने 9.3 ओवरों में मात्र 3 विकेट खोकर ही जीत हासिल कर ली। इस दौरान अभिषेक की शतकीय पारी के अलावा सोहराब धालीवाल ने 15 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाए।
पंजाब बनाम मेघालय टी20 मैच के बारे में अधिक बात करें तो, मेघालय ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 142 रन बनाए थे, जिसमें विकेटकीपर बल्लेबाज अर्पित भटेवरा ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए थे, जबकि लैरी संगमा 21 रनों के साथ अपनी टीम के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।
पंजाब की ओर से अभिषेक शर्मा और रमनदीप सिंह ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि हरप्रीत बराड़, अश्वनी कुमार और सोहराब धालीवाल को 1-1 सफलता मिली।
अभिषेक शर्मा ने मात्र 28 गेंदों पर जड़ा शतक

अभिषेक शर्मा ने मेघालय के खिलाफ 05 दिसंबर को राजकोट में खेले गए मुकाबले में 28 गेंदों पर शतक लगाया, जो टी20 क्रिकेट इतिहास का संयुक्त दूसरा सबसे तेज शतक है। इससे पहले गुजरात के उर्विल पटेल ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 में त्रिपुरा के खिलाफ इतने ही गेंदों पर शतक जड़ा था।
बता दें कि, टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड साहिल चौहान के नाम दर्ज है, जिन्होंने जून 2024 में साइप्रस के खिलाफ खेले गए एक टी20 अन्तर्राष्ट्रीय मुकाबले में 27 गेंदों पर शतक जड़ा था।
टी20 क्रिकेट में सबसे तेज शतक
- 27 गेंदें – साहिल चौहान (एस्टोनिया) vs साइप्रस, 2024
- 28 गेंदें – उर्विल पटेल (गुजरात) vs त्रिपुरा, 2024
- 28 गेंदें – अभिषेक शर्मा (पंजाब) vs मेघालय, 2024
- 30 गेंदें – क्रिस गेल (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) vs पुणे वारियर्स इंडिया, 2013
- 32 गेंदें – ऋषभ पंत (दिल्ली) vs हिमाचल प्रदेश, 2018
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरें पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







