टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज़ समाप्त हो गई है और अब टी20 सीरीज़ का आगाज़ होने वाला है। उसके लिए दोनों टीमें तैयारी में जुटी हुई हैं और उसके पहले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम को झटका लग गया है। उनके दिग्गज खिलाड़ी टी20 सीरीज़ के पहले मैच में खेलते हुए नहीं दिखेंगे और उनके स्थान पर इस युवा खिलाड़ी को टीम में जगह दी गई है।
पिता बनने वाले हैं एडम जेम्पा

दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज लेग स्पिन गेंदबाज़ एडम जेम्पा भारत के खिलाफ होने वाले पहले टी20 मैच में खेलते हुए नहीं दिखेंगे। वह पिता बनने वाले हैं, जिसके चलते उन्होंने पर्थ में खेले गए पहले वनडे मैच में भी हिस्सा नहीं लिया था और इसी कारण से इस मैच के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
उन्होंने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज़ में दो मैच खेले थे, जिनमें से एक मैच में वह मैन ऑफ़ द मैच भी रहे थे। दूसरे वनडे में इस दिग्गज स्पिन गेंदबाज़ ने 4 विकेट लिए थे।
तनवीर सांघा को दिया जायेगा पहले मैच में मौका
पहले टी20 मैच में उनके अनुभव की कमी ज़रूर खलेगी, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने युवा स्पिन गेंदबाज़ तनवीर सांघा को टीम में जगह दी है। वह पहले भी टीम में लगातार रहते थे, लेकिन उन्हें जेम्पा की वजह से खेलने का मौका नहीं मिल पाता था। हालांकि, पहले मैच में वह खेलते हुए दिख सकते हैं। भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम जेम्पा का बैकअप भी तैयार रखना चाहेगी।
वहीं, तनवीर सांघा ने हाल ही में भारत ए के खिलाफ लिस्ट ए सीरीज़ खेली थी और उसमें उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था। यही नहीं, उन्होंने इस साल हुए घरेलू वनडे टूर्नामेंट में भी शानदार प्रदर्शन किया है, जिसके लिए अब उन्हें टीम में जगह दी गई है।
सांघा का हालिया प्रदर्शन रहा है शानदार
तनवीर ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 7 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 10 विकेट लेने में सफलता हासिल की है। वह बिग बैश लीग में सिडनी थंडर के लिए भी खेल चुके हैं। उनके पास छोटे फॉर्मेट का अच्छा-खासा अनुभव है, जो ऑस्ट्रेलिया के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम को भारत के खिलाफ टी20 सीरीज़ के बाद इंग्लैंड के खिलाफ एशेज खेलनी है, जो उनके लिए बहुत मायने रखती है। इसलिए ज़्यादातर खिलाड़ी उसकी तैयारी में व्यस्त हैं। वहीं, जॉश हेज़लवुड पहले दो मैचों में खेलेंगे।
कब हैं टी20 सीरीज?
29 अक्टूबर: पहला टी20 मैच, कैनबरा
31 अक्टूबर: दूसरा टी20 मैच, मेलबर्न
2 नवंबर: तीसरा टी20 मैच, होबार्ट
6 नवंबर: चौथा टी20 मैच, गोल्ड कोस्ट
8 नवंबर: पांचवां टी20, ब्रिस्बेन







