क्रिकेट की सबसे पुरानी राइवलरी में से एक एशेज की शुरुआत हो चुकी है और ऑस्ट्रेलिया ने पहला टेस्ट मैच काफी आसानी से जीतकर सीरीज में बढ़त बना ली है। दूसरा मुकाबला ब्रिस्बेन के द गाबा में खेला जाना है। इस मुकाबले की शुरुआत 4 दिसंबर को होनी है और उससे पहले ही इंग्लिश टीम ने प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। इस बार टीम में सिर्फ एक ही बदलाव किया गया है। तो चलिए जानते हैं कि इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन किस प्रकार से दिख रही है।
चोटिल मार्क वुड की जगह विल जैक्स को मिला मौका

इंग्लैंड ने मैच से दो दिन पहले ही प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। इस मुकाबले के लिए उन्होंने चोटिल तेज गेंदबाज मार्क वुड की जगह ऑलराउंडर विल जैक्स को मौका दिया है। वुड ने पहले मैच के बाद घुटने में चोट की शिकायत की थी, जिसके चलते उनको इस मैच से पहले ही रूल आउट कर दिया गया था। विल की 3 सालों के बाद इंग्लैंड की टेस्ट टीम में वापसी हो रही है।
इंग्लैंड की टीम पिछले मैच में केवल तेज गेंदबाजों के साथ उतरी थी और किसी भी स्पिनर को मौका नहीं दिया था। हालाँकि इस मैच में उन्होंने अपनी गलतियों से सबक लेने की कोशिश करते हुए विल को मौका दिया है। उनको मौका देने का कारण यह भी है कि वो न सिर्फ ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं बल्कि नंबर 8 पर बैटिंग की फ्लेक्सिबिलिटी भी देते हैं।
2022 में किया था विल जैक्स ने डेब्यू
इंग्लैंड की टीम पिछले मैच की दोनों पारियों में 200 से नीचे सिमट गई थी। दोनों बार मिडिल और लोअर ऑर्डर कुछ खास योगदान नहीं दे पाया था, जिसके चलते उन्होंने अपनी बल्लेबाजी को लंबा करने का फैसला किया था। जैक्स ने 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना डेब्यू किया था और उसी सीरीज में उन्होंने अपने करियर के दोनों टेस्ट मैच खेले थे।
यही नहीं, एक मुकाबले में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से पाकिस्तानी बल्लेबाजी को ढेर कर दिया था। विल ने खेले गए 2 टेस्ट मैचों में 6 विकेट लिए हैं। उन्होंने सभी विकेट एक ही पारी में ले लिए थे और उसके बाद से अगली 3 इनिंग्स में एक भी विकेट लेने में सफल नहीं हुए हैं।
जो रूट का ऑस्ट्रेलिया में फ्लॉप शो जारी
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फ्लॉप शो लगातार जारी है। वो पहले टेस्ट में भी कुछ खास नहीं कर पाए थे और दोनों पारियों में 8 रन ही बना पाए थे। वो दोनों बार मिचेल स्टार्क का शिकार हुए थे। अगर इंग्लिश टीम इस मैच में अच्छा प्रदर्शन करना चाहती है तो उनका चलना बहुत जरूरी है, क्योंकि वो टीम को साथ में लेकर चलते हैं।







