Wednesday, February 25

AUS vs IND- Australia’s Playing XI Announced for Sydney Test: ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार (3 जनवरी) से सिडनी में शुरू हो रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें और अंतिम टेस्ट के लिए खराब फॉर्म में चल रहे ऑलराउंडर मिशेल मार्श को अपनी प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया है।

Pat Cummins
Pat Cummins

कप्तान पैट कमिंस ने खुलासा किया कि मार्श की जगह तस्मानिया के ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर को टीम में शामिल किया गया है, जो टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। 31 वर्षीय वेबस्टर पिछले दो साल से शेफील्ड शील्ड में तस्मानिया के लिए शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और उन्होंने इस दौरान पांच शतक और 9 अर्द्धशतक सहित 1788 रन बनाए हैं।

कमिंस ने सिडनी टेस्ट की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मिची (मिशेल मार्श) ने स्पष्ट रूप से इस सीरीज में उतने रन नहीं बनाए हैं, या शायद उतने विकेट नहीं लिए हैं, जितने वह लेना चाहते थे। इसलिए हमें लगा कि अब समय आ गया है कि हम तरोताज़ा हो जाएं, और ब्यू (वेबस्टर) टीम के साथ हैं। वह शानदार रहे हैं। इसलिए, यह मिची (मिशेल मार्श) के लिए शर्म की बात है, क्योंकि हम जानते हैं कि वह टीम के लिए कितना कुछ लेकर आते हैं, लेकिन हमें लगता है कि ब्यू के लिए अब मौका मिलने का यह अच्छा सप्ताह है।”

Mitchell Marsh recovered from back injury
Mitchell Marsh

मार्श ने चार टेस्ट मैचों में 10.42 की औसत से केवल 73 रन बनाए और 46.33 की औसत से तीन विकेट लिए। इस सीरीज में उनका हाइएस्ट स्कोर 47 रन था, जो पर्थ में दूसरी पारी में आया था, जहाँ ऑस्ट्रेलिया को हार झेलनी पड़ी थी। इस सीरीज की पहली पारी में गेंद से 2/12 का प्रदर्शन करने के बाद से मार्श ने 28 ओवरों में 127 रन खर्च करते हुए सिर्फ एक विकेट हासिल किए हैं।

दूसरी ओर, अनकैप्ड ब्यू वेबस्टर (Beau Webster) ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करके अपनी एक अलग पहचान कायम की है। उन्होंने अब तक 93 मुकाबलों की 159 पारियों में 37.83 की औसत से 5297 रन बनाए हैं, जिसमें 12 शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं। इस फॉर्मेट में उनकी सबसे बड़ी पारी 187 रनों की रही है।

Uncapped All-rounder Beau Webster Added To Australia's Squad For The Second Test Against India
Beau Webster

इसके अलावा, गेंदबाजी करते हुए वेबस्टर ने 37.39 की औसत से 148 विकेट चटकाए हैं, जिसमें 6/100 का एक पारी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन शामिल है। उन्होंने अपने फर्स्ट क्लास करियर में 3 पारियों में 4-विकेट हॉल और 2 पारियों में 5-विकेट हॉल भी पूरा किया है।

पैट कमिंस ने अन्तिम टेस्ट मैच के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क की उपलब्धता की भी पुष्टि की, जो पसलियों की चोट से जूझ रहे हैं। इस चोट के चलते उन्हें बुधवार को स्कैन भी कराना पड़ा था। हालाँकि, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने पुष्टि की है कि वह पूरी तरह से फिट हैं और अगला टेस्ट मैच खेल सकते हैं।

बता दें कि, ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में चार मैचों के बाद मेजबान टीम 2-1 से आगे है। अब उनकी नजरें सिडनी टेस्ट में जीत हासिल करके भारत से लगभग आठ सालों बाद सीरीज जीतने पर होगी। दूसरी ओर, भारत अंतिम मैच में जीत हासिल करके सीरीज में 2-2 से बराबरी करना और WTC फाइनल में पहुँचने की उमीदों को बरकरार रखना चाहेगा।

भारत के खिलाफ पांचवें टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग XI – Australia’s Playing XI For The Fifth Test Against India:

सैम कोनस्टास, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीवन स्मिथ, ट्रैविस हेड, ब्यू वेबस्टर, एलेक्स कैरी (विकेट कीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, नाथन लॉयन, स्कॉट बोलैंड।

Latest Cricket News in HindiLatest Football News in HindiLatest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरें पाने के लिए हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्रामऔर ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version