Thursday, February 26

न्यूजीलैंड ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से श्रीलंका को 61 रनों के बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है।

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 61 रनों से हराकर टूर्नामेंट में अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए, जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 107 रन ही बना सकी।

इस हार के साथ ही श्रीलंका को सुपर 8 में लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी और वह सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई। दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने इस जीत के साथ अंतिम चार में पहुंचने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा दिया है।

सैंटनर और मैक्कॉन्ची की मजबूत साझेदारी के दम पर न्यूजीलैंड ने बनाए 168 रन

पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत आक्रामक रही, लेकिन जल्द ही टीम ने विकेट गंवाने शुरू कर दिए। फिन ऐलन (23) और रचिन रविंद्र (32) ने उपयोगी योगदान दिया, जबकि मिडिल ऑर्डर पूरी तरह लड़खड़ा गया।

एक समय न्यूजीलैंड 84 रन पर 6 विकेट गंवाकर संकट में था, लेकिन कप्तान मिचेल सैंटनर (26 गेंदों में 47 रन) और कोल मैक्कॉन्ची (23 गेंदों में नाबाद 31 रन) ने सातवें विकेट के लिए 84 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को 168 तक पहुंचा दिया।

श्रीलंका की ओर से महीश तीक्षणा और दुष्मंथा चमीरा ने तीन-तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड को दबाव में रखा, लेकिन डेथ ओवरों में रन रोक नहीं सके।

मैट हेनरी के झटकों से बिखरा श्रीलंका का टॉप ऑर्डर

169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर पथुम निसंका बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद टीम लगातार दबाव में रही और पॉवरप्ले में सिर्फ 20 रन ही बना सकी।

मैट हेनरी ने शुरुआती ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते हुए दो विकेट झटके और श्रीलंका को बैकफुट पर धकेल दिया। कुसल मेंडिस (11) और चरिथ असालंका (5) भी ज्यादा देर नहीं टिक सके।

मिडिल ऑर्डर भी नहीं बचा सका मैच

मिडिल ऑर्डर में कामिंडु मेंडिस (31) और अंत में दुनिथ वेलालागे (29) ने कुछ संघर्ष दिखाया, लेकिन रन गति बहुत धीमी रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। कप्तान दासुन शनाका भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के स्पिन और पार्ट टाइम गेंदबाजों ने मिलकर मैच पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा और बल्लेबाजों को बिल्कुल भी खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

रचिन रविंद्र की शानदार गेंदबाजी ने खत्म की उम्मीदें

इस मुकाबले में सह-मेजबानों के लिए सबसे बड़ा खतरा रचिन रविंद्र साबित हुए। उन्होंने गेंद से कमाल करते हुए 4 विकेट लिए और श्रीलंका की जीत उम्मीदें खत्म कर दी। उनके अलावा मिचेल सैंटनर और ग्लेन फिलिप्स ने भी अहम विकेट झटके। अंत मे श्रीलंका 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 107 रन ही बना सकी और न्यूजीलैंड ने 61 रनों से यह मैच जीत लिया।

सेमीफाइनल की रेस में न्यूजीलैंड मजबूत, श्रीलंका बाहर

इस जीत के बाद न्यूजीलैंड सुपर 8 ग्रुप 2 में 3 अंक और +3.51 नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। अब उसका अंतिम मुकाबला 27 फरवरी को इंग्लैंड से होगा। यदि न्यूजीलैंड वह मैच जीत जाता है तो सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।

अगर इंग्लैंड के खिलाफ हार मिलती है, तो उसे 28 फरवरी को पाकिस्तान बनाम श्रीलंका मैच के परिणाम का इंतजार करना होगा। उस मुकाबले में पाकिस्तान की हार न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल में पहुंचा देगी।

दूसरी ओर श्रीलंका इस हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है और अब उसे अपना अंतिम मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है, जो खुद इंग्लैंड से हारकर दबाव में है।

हालांकि, यदि पाकिस्तान अगले मुकाबले में श्रीलंका को हरा भी देता है, तो न्यूजीलैंड तभी बाहर होगा जब पाकिस्तान बहुत बड़ी जीत दर्ज करे, क्योंकि नेट रन रेट के मामले में न्यूजीलैंड फिलहाल काफी आगे है।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version