भारत में होने वाले महिला वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया ने टीम का ऐलान कर दिया है। यह टूर्नामेंट 30 सितंबर से भारत और श्रीलंका की मेज़बानी में खेला जाना है। उन्होंने इस मल्टीनेशनल इवेंट के लिए टीम में 15 खिलाड़ियों को जगह दी है और अनुभवी खिलाड़ियों पर काफी भरोसा दिखाया गया है।
ऑस्ट्रेलिया पिछली बार की चैंपियन है और वह भारत और श्रीलंका में होने वाले वर्ल्ड कप में अपने ख़िताब को डिफेंड करना चाहेगी। तो चलिए जानते हैं कि वीमेंस वर्ल्ड कप 2025 (Womens World Cup 2025) के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में किन खिलाड़ियों को मौका दिया गया है।
एलिसा हेली संभालेंगी ऑस्ट्रेलिया की कमान

वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की कमान एलिसा हेली के पास रहेगी। वह पिछले कुछ समय से लगातार चोटिल चल रही थीं, जिसकी वजह से उनके खेलने पर संदेह था। लेकिन अब वह पूरी तरह से फिट हैं, जिसका प्रमाण इंडिया ए के खिलाफ हुई सीरीज़ में देखने को मिला था, जब उन्होंने उस श्रृंखला में बल्लेबाज़ी से काफी अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपनी फॉर्म में भी वापसी के संकेत दिए थे। इस वर्ल्ड कप में उनके ऊपर काफी ज़िम्मेदारी होगी, क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई टीम चैंपियन है और उनकी कप्तानी में टीम अभी कोई मल्टीनेशनल टूर्नामेंट नहीं जीती है।
सोफी मोलिनक्स की हुई वापसी
भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में लंबे समय से चोटिल चल रहीं सोफी मोलिनक्स की भी वापसी हुई है। पिछले साल उनकी घुटने की सर्जरी हुई थी, जिसके चलते वह टीम से बाहर चल रही थीं। हालांकि, मेडिकल टीम ने अब उन्हें पूरी तरह से फिट करार दे दिया है, जिसके बाद वह वर्ल्ड कप में खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के फिज़ियो ने सोफी मोलिनक्स को लेकर कहा कि वह घुटने की चोट से काफी बेहतर तरीके से उबर रही हैं और हमें पूरी उम्मीद है कि वह वर्ल्ड कप में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगी।
जगह बनाने में सफल हुई जॉर्जिया वेयरहेम
इसके अलावा लेग स्पिनर जॉर्जिया वेयरहेम भी टीम में जगह बनाने में सफल हुई हैं। वह हाल ही में ख़त्म हुए द हंड्रेड के सीज़न में चोटिल होने के चलते बाहर हो गई थीं। एशिया में होने वाले इस टूर्नामेंट में उनका योगदान काफी अहम होने वाला है, क्योंकि स्पिन की ज़िम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है।
भारतीय टीम अपने घर में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए घरेलू परिस्थितियों का फायदा लेने का प्रयास करेगी ताकि स्पिन गेंदबाज़ों को मदद मिल सके, इसलिए वेयरहेम का फिट होना काफी ज़रूरी है।
एलिस पेरी के ऊपर काफी दारोमदार
ऑस्ट्रेलिया की धाकड़ ऑलराउंडर और दुनिया की सबसे बेहतरीन खिलाड़ी एलिस पेरी के ऊपर इस वर्ल्ड कप में काफी ज़िम्मेदारी रहने वाली है, क्योंकि वह पिछले कुछ समय से भारत में हो रही विमेंस प्रीमियर लीग में भी हिस्सा ले रही हैं, जहाँ उनका प्रदर्शन भी अच्छा रहा है।
उन्होंने आरसीबी को एकलौता ख़िताब जिताने में भी अहम भूमिका निभाई थी। अगर ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप जीतना चाहती है तो उनका फॉर्म में रहना काफी ज़रूरी है, क्योंकि न सिर्फ़ उन्हें बड़े मैचों में प्रदर्शन करना आता है बल्कि भारतीय परिस्थितियों में भी वह अच्छे से ढल चुकी हैं।
वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया वीमेंस का स्क्वाड
एलिसा हीली (कप्तान), डार्सी ब्राउन, एश्ले गार्डनर, किम गर्थ, ग्रेस हैरिस, अलाना किंग, फोएबे लिचफील्ड, ताहलिया मैक्ग्रा, सोफी मोलिनक्स, बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगन शट्ट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहेम।

