ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है। टीम के सीनियर खिलाड़ी लगातार संन्यास की घोषणा कर रहे हैं। कोई टी20 इंटरनेशनल छोड़ चुका है तो कोई वनडे प्रारूप से रिटायर हो चुका है। वहीं कुछ खिलाड़ी निकट भविष्य में संन्यास की घोषणा कर सकते हैं। सिर्फ पिछले आठ महीनों में पांच ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर इंटरनेशनल क्रिकेट से विदाई ले चुके हैं।
ऐसे खिलाड़ियों में डेविड वॉर्नर, मार्कस स्टोइनिस, स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल और मिचेल स्टार्क आदि शामिल हैं। यहाँ हम आपको पिछले कुछ महीनों में संन्यास ले चुके ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं।
पिछले कुछ महीनों में संन्यास ले चुके ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी
5. डेविड वॉर्नर
डेविड वॉर्नर ने अपने करियर में 112 टेस्ट मैचों में 8786 रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 335 रन रहा है।
वनडे इंटरनेशनल में उन्होंने 161 मैचों में 6932 रन बनाए, जबकि 110 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 3277 रन उनके नाम दर्ज हैं।
वॉर्नर ने जनवरी 2024 में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला। उनका आखिरी वनडे मुकाबला 2023 वर्ल्ड कप फाइनल रहा, वहीं जून 2024 में टी20 वर्ल्ड कप के साथ उनका टी20 इंटरनेशनल करियर भी समाप्त हो गया।
4. ग्लेन मैक्सवेल
ग्लेन मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की ओर से अब तक 149 वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने बल्ले से 3990 रन बनाए और गेंदबाजी करते हुए 77 विकेट भी हासिल किए।
मैक्सवेल ने अपना आखिरी वनडे मैच चैंपियंस ट्रॉफी में खेला था। इसके बाद उन्होंने 2 जून 2025 को वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की। मैक्सवेल ने यह फैसला अपने करियर को पूरी तरह 2026 टी20 वर्ल्ड कप पर फॉकस करने के लिए लिया।
3. स्टीव स्मिथ
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने वनडे प्रारूप में कुल 170 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 5800 रन बनाए। इस दौरान उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 164 रन रहा।
स्मिथ ने अपना आखिरी वनडे मैच चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के खिलाफ खेला था। इसके बाद उन्होंने 5 मार्च 2025 को वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की।
2. मार्कस स्टोइनिस
ऑस्ट्रेलिया टीम के ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस ने अपने करियर में कुल 71 वनडे मैच खेले। इस दौरान उन्होंने बल्ले से 1245 रन बनाए और गेंदबाजी करते हुए 48 विकेट हासिल किए।
हालांकि, उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए टीम में चुना गया था, लेकिन इसके बाद उन्होंने 6 फरवरी 2025 को वनडे क्रिकेट से अपने रिटायरमेंट की घोषणा कर दी।
1. मिचेल स्टार्क
ऑस्ट्रेलिया टीम के दिग्गज तेज़ गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने अपने करियर में कुल 65 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 23.81 की औसत से 79 विकेट अपने नाम किए। स्टार्क ने सितंबर 2025 में इस फॉर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी। हालांकि, माना जा रहा है कि वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया टीम का हिस्सा बन सकते हैं।

