BCCI की नई कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में गिल, बुमराह और जडेजा सबसे ऊंची कैटेगरी में हैं, जबकि विराट और रोहित B कैटेगरी में आ गए हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पुरुष खिलाड़ियों के लिए 2025-26 की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी कर दी है। यह कॉन्ट्रैक्ट 1 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 तक लागू रहेगी। इस नई सूची में कुछ बड़े और अहम बदलाव देखने को मिले हैं, जो भारतीय क्रिकेट के बदलते ढांचे को साफ तौर पर दिखाते हैं।
इस बार सबसे ज्यादा चर्चा टॉप कैटेगरी को लेकर है, जिसमें केवल तीन खिलाड़ियों को जगह मिली है। यह फैसला चयन नीति और मौजूदा टीम संरचना को ध्यान में रखकर लिया गया है।
कैटेगरी A में सिर्फ तीन खिलाड़ी
BCCI की टॉप कैटेगरी A में इस बार सिर्फ Shubman Gill, Jasprit Bumrah और Ravindra Jadeja को शामिल किया गया है।
शुभमन गिल इस समय भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान हैं और पिछले साल उन्होंने रोहित शर्मा से यह जिम्मेदारी संभाली थी। जसप्रीत बुमराह टीम के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाज बने हुए हैं, जबकि रविंद्र जडेजा इस समय भारतीय टीम के सबसे अनुभवी सक्रिय टेस्ट खिलाड़ी हैं।
कोहली और रोहित कैटेगरी B में खिसके
पूर्व भारतीय कप्तान Virat Kohli और Rohit Sharma इस बार कैटेगरी बी में रखे गए हैं। दोनों खिलाड़ी अब सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट खेल रहे हैं, जिसका असर उनकी कॉन्ट्रैक्ट कैटेगरी पर साफ दिखा है।
पिछले सीजन में A+ ग्रेड मौजूद था, जिसमें कोहली, रोहित, बुमराह और जडेजा शामिल थे। इस बार BCCI ने A+ ग्रेड को पूरी तरह हटा दिया है, जिससे टॉप कैटेगरी का स्वरूप बदल गया है।
कैटेगरी B में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण
कैटेगरी बी में कई सीनियर और मौजूदा फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी शामिल हैं। इस लिस्ट में टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ ऋषभ पंत, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर जैसे बल्लेबाज मौजूद हैं।
इसके अलावा हार्दिक पांड्या, Washington Sundar, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज को भी इसी कैटेगरी में रखा गया है। BCCI की पिछली सूची के मुकाबले इस बार ए और बी ग्रेड को मिलाकर एक मिडिल टियर बनाया गया है, जिससे वॉशिंगटन सुंदर को फायदा मिला है।
अक्षर पटेल को झटका, कैटेगरी C में डाले गए
इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम Axar Patel का है, जिन्हें कैटेगरी बी से घटाकर कैटेगरी सी में रखा गया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब अक्षर सफेद गेंद के दोनों फॉर्मेट में भारत के अहम खिलाड़ी बने हुए हैं।
इतना ही नहीं, वह मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के उपकप्तान भी हैं। इसके बावजूद उनकी कॉन्ट्रैक्ट ग्रेडिंग में गिरावट देखने को मिली है।
कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट छोटी हुई, कई नाम बाहर
BCCI ने इस बार पुरुष खिलाड़ियों की कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट को 34 से घटाकर 30 खिलाड़ियों तक सीमित कर दिया है। सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, जो पिछले सीजन में ग्रेड ए में थे, इस बार लिस्ट से बाहर हो गए हैं।
इसके साथ ही सरफराज खान, रजत पाटीदार और मुकेश कुमार को भी नई कॉन्ट्रैक्ट सूची में जगह नहीं मिली है। बोर्ड ने अभी तक तीनों कैटेगरी की सैलरी संरचना का खुलासा नहीं किया है।
कैटेगरी C में युवा खिलाड़ियों को मौका
कैटेगरी सी में कई युवा और उभरते हुए खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इसमें तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, ऋतुराज गायकवाड़ और रवि बिश्नोई जैसे नाम शामिल हैं।
इस लिस्ट से साफ है कि BCCI भविष्य की टीम को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों को कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में बनाए रखना चाहता है, ताकि उन्हें लगातार राष्ट्रीय क्रिकेट से जोड़े रखा जा सके।
BCCI सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट 2025-26
कैटेगरी A: शुभमन गिल, जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जडेजा
कैटेगरी B: वॉशिंगटन सुंदर, रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, मोहम्मद सिराज, हार्दिक पांड्या, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, यशस्वी जायसवाल, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर
कैटेगरी C: अक्षर पटेल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, ध्रुव जुरेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, नीतिश कुमार रेड्डी, अभिषेक शर्मा, बी साई सुदर्शन, रवि बिश्नोई, ऋतुराज गायकवाड़।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







