टी20 विश्व कप 2026 के दौरान भारतीय खिलाडियों को अपने परिवार के साथ रहने की अनुमति नहीं मिलेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया की इस मांग को नामंज़ूर कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम मैनेजमेंट ने यह अनुरोध किया था, लेकिन बोर्ड ने जनवरी 2025 से लागू अपनी नियम को ध्यान में रखते हुए इसे स्वीकार नहीं किया। इस नीति के तहत बडे टूर्नामेंट्स के समय प्लेयर्स के साथ उनकी पत्नियों, मंगेतरों या अन्य पारिवारिक सदस्यों के रहने की इजाजत नहीं होती।
टीम की अपील, BCCI का इनकार
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, टीम मैनेजमेंट ने बोर्ड से आग्रह किया था कि विश्व कप के दौरान खिलाड़ियों को अपने जीवनसाथी या मंगेतर के साथ यात्रा करने की अनुमति दी जाए। हालांकि, BCCI ने इस प्रस्ताव को सीधे तौर पर खारिज कर दिया। बोर्ड ने यह जरूर स्पष्ट किया कि खिलाडी चाहें तो निजी स्तर पर अपनी अलग व्यवस्था कर सकते हैं, लेकिन टीम की आधिकारिक योजना में परिवारों को शामिल नहीं किया जाएगा।
अनुशासन को लेकर सख्ती की वजह
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि सपोर्ट स्टाफ ने बोर्ड को सूचित किया था कि कुछ खिलाड़ी अनौपचारिक बैठकों और रणनीति से जुड़ी चर्चाओं में पूरी तरह भाग नहीं ले रहे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए BCCI ने अपनी नियम को सख्ती से लागू रखने का फैसला किया। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम इस बार घरेलू मैदानों पर टी20 विश्व कप खेल रही है।
“भारतीय टीम प्रबंधन ने बीसीसीआई से यह पूछने के लिए संपर्क किया था कि क्या खिलाडियों की पत्नियां और मंगेतर टीम के साथ यात्रा कर सकते हैं और क्या वे उनके साथ ठहर सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि परिवार खिलाड़ी के साथ नहीं ठहरेंगे। हालांकि, अगर वे चाहें तो अलग से रहने की व्यवस्था कर सकते हैं,” बीसीसीआई के सूत्र ने बताया है।
बीसीसीआई के नियम क्या कहते हैं?
- 45 दिनों या उससे अधिक के दौरे पर खिलाडियों को अधिकतम दो सप्ताह तक परिवार के सदस्यों को साथ रखने की अनुमति है।
- छोटे दौरों के लिए परिवार के सदस्य अधिकतम एक सप्ताह तक खिलाडियों के साथ रह सकते हैं।
- निर्धारित समय से अधिक समय तक यदि परिवार के सदस्य दौरे के दौरान साथ रहते हैं, तो अतिरिक्त खर्च खिलाडियों को इसका पैसा खुद देना होगा।
- खिलाडियों को टीम बस में ही एक साथ यात्रा करनी होगी।
- मैनेजर, एजेंट और शेफ सहित निजी स्टाफ को अलग होटल में रहना होगा।







