IND VS PAK: भारतीय क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच अब इस टी-20 विश्व कप 2026 में 15 फरवरी को होने वाला मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। क्यूंकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अब आखिरकार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के दबाव के आगे झुक गया है। इस बीच हम बता देना चाहते हैं कि इससे पहले पाकिस्तानी सरकार ने भारत के खिलाफ कोलंबो में होने वाले मैच के बहिष्कार की घोषणा की थी। इसके बाद यह विवाद काफी बढ़ गया था। आइए इस पूरी खबर पर भी एक नजर डाल लेते हैं।
PCB ने जारी किया अपना बयान :-
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपना बयान जारी करते हुए कहा है कि, “पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने ICC और BCB के बीच हुई उच्च-स्तरीय बातचीत के नतीजों के बारे में औपचारिक रूप से जानकारी दे दी है।”

इसके आगे पाकिस्तान बोर्ड ने कहा है कि, “कई देशों के साथ बातचीत के नतीजों और दोस्त देशों के अनुरोध को देखते हुए, पाकिस्तान सरकार अपनी क्रिकेट टीम को 15 फरवरी, 2026 को टी-20 विश्व कप में अपने तय मैच के लिए मैदान में उतरने का निर्देश देती है।”
ने भी किया आधिकारिक ऐलान :-
आईसीसी ने PCB और BCB के बीच लाहौर में हुई बैठक की जानकारी साझा की है। इसके अलावा उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर कोई वित्तीय, खेल या प्रशासनिक पेनल्टी नहीं लगाई जाएगी।

इस बीच हम बता देना चाहते हैं कि बांग्लादेश की टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारत का दौरा करने से इनकार कर दिया था। वहीं इसके बाद से ही ऐसी संभावनाएं जताई जा रही थी कि BCB के खिलाफ ICC आर्थिक प्रतिबंध लगा सकता है।
लाहौर में हुई थी ICC और PCB के बीच अहम बैठक :-

इसके अलावा बीते रविवार, 8 फरवरी को लाहौर में ICC, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई थी। तब उस बैठक का मुख्य एजेंडा टी-20 विश्व कप 2026 में 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान मैच की स्थिति को स्पष्ट करना था। वहीँ अब इस लंबी बैठक के बाद विवाद खत्म हुआ है और यह मैच खेले जाने का रास्ता साफ हुआ है।
कब से हुई थी विवाद की शुरुआत :-
बांग्लादेश की टीम ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत में टी-20 विश्व कप खेलने से इनकार कर दिया था। इसके चलते हुए बीते 24 जनवरी को ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। इसके बाद उनकी जगह पर स्कॉटलैंड को शामिल किया था।

इस बात पर PCB अध्यक्ष नकवी ने नाराजगी जताते हुए ICC पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाने के साथ पाकिस्तान की भागीदारी पर भी संदेह जताया था। वहीं इसके बाद पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने की बात कही थी।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







