Saturday, June 13

टीम इंडिया इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है जहाँ दोनों देशों के बीच व्हाइट बॉल सीरीज खेली जा रही है। वनडे सीरीज में तो ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से बाजी मार ली, लेकिन टी20 में पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। दूसरा मैच 31 अक्टूबर को मेलबर्न के ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाना है, लेकिन उस मैच से पहले ही क्रिकेट जगत को दुखद करने वाली खबर सामने आई है। इस मैच से पहले ही एक 17 वर्षीय खिलाड़ी का अचानक ग्राउंड में ही निधन हो गया है। तो चलिए जानते हैं इस मुद्दे के बारे में।

17 वर्षीय बेन ऑस्टिन का गर्दन में गेंद लगने की वजह से हुआ निधन

Ben Austin Passes Away From Freak Injury
Ben Austin Passes Away From Freak Injury

ऑस्ट्रेलिया में एक क्लब मैच के दौरान युवा खिलाड़ी का गेंद लगने की वजह से निधन हो गया है। दरअसल, मेलबर्न के एक क्लब में युवा खिलाड़ी बेन ऑस्टिन के गर्दन के पास गेंद लगी और उन्हें बचाया नहीं जा सका।

नेट में वो साइड आर्म से प्रैक्टिस कर रहे थे, लेकिन तभी एक बाउंसर गेंद को खेलने में नाकाम हो गए और वो गेंद हेलमेट और उनकी गर्दन के बीच एरिया में लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें आईसीयू में भी रखा गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

थ्रो डाउन के दौरान गर्दन पर लगी थी गेंद

ऑस्टिन फेरंटीन गली क्रिकेट क्लब के लिए खेलते थे और वो 28 अक्टूबर को साइड आर्म से थ्रो डाउन की प्रैक्टिस कर रहे थे, तभी गेंद उनके गर्दन में लगी थी। ऑस्टिन ने हेलमेट तो पहना था, लेकिन उन्होंने स्टेम गार्ड नहीं लगाया था, जो कि गर्दन को प्रोटेक्ट करता है। उनकी यह चोट ठीक उसी प्रकार की थी जैसे 2014 में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज फिल ह्यूज को लगी थी।

ऐसे ही शेफील्ड शील्ड में मैच खेलते हुए ह्यूज के गर्दन में गेंद लगी थी और उनका निधन हो गया था। जिसके बाद से क्रिकेट में लगातार सुरक्षा उपकरणों का उपयोग बढ़ा है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने तो अपने सभी बल्लेबाजों के लिए स्टेम गार्ड लगाना अनिवार्य कर दिया था, लेकिन एक छोटी सी गलती उनकी जान ले गई।

बेन के पिता ने गेंदबाज के प्रति जताई सहानुभूति

बेन के पिता ने कहा कि, “ट्रेसी और मेरे लिए, बेन एक लाडला बेटा, कूपर और जैक का बहुत प्यारा भाई और हमारे परिवार और दोस्तों के जीवन में एक चमकता हुआ प्रकाश था।

इस घटना ने बेन को हमसे छीन लिया है, लेकिन हमें इस बात से थोड़ी राहत मिली है कि वह वो काम कर रहा था जो वह कई सालों से करता आ रहा था, अपने दोस्तों के साथ नेट पर जाकर क्रिकेट खेलना।

उसे क्रिकेट बहुत पसंद था और यह उसके जीवन की खुशियों में से एक था। हम उसके टीम साथी का भी समर्थन करना चाहेंगे जो नेट्स में गेंदबाजी कर रहे थे। इस दुर्घटना ने दो युवाओं को प्रभावित किया है और हमारी संवेदनाएं उनके और उनके परिवार के साथ हैं।”

विक्टोरिया क्रिकेट ने बढ़ाया बेन के परिवार के लिए मदद का हाथ

इस घटना के बाद क्रिकेट जगत में न सिर्फ शोक की लहर है बल्कि विक्टोरिया क्रिकेट ने कहा कि वे ऑस्टिन के परिवार का सहयोग करेंगे और साथ ही इस घटना में शामिल उस गेंदबाज को भी पूरी तरह मदद करेंगे ताकि वह इस घटना से उभर सकें।

Share.

आकाश अवस्थी स्पोर्ट्स डाइजेस्ट हिंदी में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में दो वर्षों का अनुभव रखते हैं। इससे पहले वे इंडिया न्यूज़ और स्पोर्ट्सविकी जैसे प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म्स के साथ भी काम कर चुके हैं। क्रिकेट, कबड्डी और अन्य खेलों की बारीकियों को गहराई से समझना और उन्हें आसान व रोचक अंदाज में पाठकों तक पहुंचाना उनकी खासियत है। खेल जगत के साथ साथ पॉलिटिक्स की हर हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है।

Leave A Reply

Exit mobile version