Sunday, February 1

सनातन प्रीमियर लीग (SPL) 2026 के ट्रायल्स फरवरी में 8 अलग-अलग शहरों में आयोजित होंगे।

मार्च 2026 में धर्मगुरुओं के पावन सान्निध्य में क्रिकेट के जरिए युवाओं को सनातन संस्कृति, अनुशासन और समाज सेवा से जोड़ने की एक सशक्त पहल के रूप में  सनातन प्रीमियर लीग (SPL) 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

इस लीग की आधिकारिक घोषणा 16 जनवरी 2026 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई थी, जहाँ कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज के साथ श्री चिन्मयानंद बापू और 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य मदन लाल भी उपस्थित रहे।

इंदौर में होगा SPL 2026 का भव्य आयोजन

सनातन प्रीमियर लीग (SPL) 2026 का आयोजन 12, 13, 14 और 15 मार्च 2026 को इंदौर में किया जाएगा। इसकी ओपनिंग सेरेमनी 12 मार्च को होगी और 14 मार्च को मशहूर रेसलर द ग्रेट खली विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

यह चार-दिवसीय राष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट टूर्नामेंट SANATAN CRICKET CLUB (LLP) द्वारा आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार इसे एक राष्ट्रीय गौरव क्रिकेट टूर्नामेंट के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

देशभर से 8 टीमें लेंगी हिस्सा

सनातन प्रीमियर लीग 2026 में देश के अलग-अलग राज्यों से कुल 8 टीमें भाग लेंगी। SPL 2026 में भाग लेने वाली टीमें इस प्रकार हैं:

  1. अहिल्या माता गार्जियन्स – मध्य प्रदेश
  2. चंद्रशेखर आजाद थंडर्स – उत्तराखंड
  3. छत्रपति शिवाजी वॉरियर्स – महाराष्ट्र
  4. द्रविड़ चोल रॉकर्स – आंध्र प्रदेश
  5. इंद्रप्रस्थ किंग्स – दिल्ली
  6. महाराणा प्रताप रणबांकुरे – राजस्थान
  7. रानी लक्ष्मीबाई स्ट्राइकर्स – उत्तर प्रदेश
  8. सरदार वल्लभभाई पटेल लायंस – गुजरात

टूर्नामेंट का फॉर्मेट

सनातन प्रीमियर लीग (SPL) 2026 T10 फॉर्मेट में खेली जाएगी। इस टूर्नामेंट में कुल 15 मुकाबले होंगे, जिनमें ग्रुप स्टेज, सेमीफाइनल और फाइनल शामिल हैं। सभी मुकाबले डे-नाइट प्रारूप में खेले जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों को रोमांचक अनुभव मिलेगा।

फाइनल मुकाबले से पहले एक विशेष फ्रेंडली मैच का भी आयोजन किया जाएगा, जो आपसी सद्भाव, एकता और खेल भावना का प्रतीक होगा।

4 फरवरी से  8 शहरों में शुरू होंगे ट्रायल्स

SPL 2026 के लिए खिलाड़ियों के ट्रायल्स फरवरी 2026 में देश के 8 शहरों में आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल्स के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो आगे चलकर अपनी-अपनी टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

सनातन प्रीमियर लीग 2026 के ट्रायल्स के टीम वाइज शेड्यूल इस प्रकार है:

  1. महाराणा प्रताप रणबांकुरे (राजस्थान) – जयपुर, 4-5 फरवरी
  2. चंद्रशेखर आजाद थंडर्स (उत्तराखंड) – देहरादून, 6-7 फरवरी
  3. सरदार वल्लभभाई पटेल लायंस (गुजरात) – सूरत, 8-9 फरवरी
  4. इंद्रप्रस्थ किंग्स (दिल्ली) – दिल्ली, 10-11 फरवरी
  5. छत्रपति शिवाजी वॉरियर्स (महाराष्ट्र) – मुंबई, 12-13 फरवरी
  6. रानी लक्ष्मीबाई स्ट्राइकर्स (उत्तर प्रदेश) – लखनऊ, 14-15 फरवरी
  7. द्रविड़ चोल रॉकर्स (आंध्र प्रदेश) – चेन्नई, 15-16 फरवरी
  8. अहिल्या माता गार्जियन्स (मध्य प्रदेश) – इंदौर, 18-19 फरवरी

सनातन प्रीमियर लीग में मिलेगी रिकॉर्ड प्राइज मनी और कई आकर्षक पुरस्कार

सनातन प्रीमियर लीग 2026 की विजेता टीम को 31 लाख रुपये की प्राइज मनी दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 15 लाख रुपये मिलेंगे। इसके अलावा:

  • टूर्नामेंट के मैन ऑफ द सीरीज को कार दी जाएगी
  • हर मैच के मैन ऑफ द मैच को 21,000 रुपये का पुरस्कार मिलेगा
  • ऑरेंज कैप (टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी) और पर्पल कैप (सबसे ज्यादा विकेट लेने वाला खिलाड़ी) विजेताओं को बाइक दी जाएगी
  • टूर्नामेंट में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को 11,000 रूपये की राशि दी जाएगी।

क्रिकेट टूर्नामेंट के जरिए समाज सेवा के लिए समर्पित पहल

SPL से आयोजकों और स्पॉन्सर्स के माध्यम से प्राप्त होने वाली पूरी राशि समाज सेवा के कार्यों में लगाई जाएगी। इसमें बाढ़, भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं में पीड़ितों की सहायता, आर्थिक रूप से कमजोर बेटियों के विवाह, एसिड अटैक पीड़िताओं के इलाज और पुनर्वास, गरीब बच्चों की शिक्षा तथा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे परिवारों को आर्थिक सहयोग शामिल है।

साथ ही, इस आयोजन के संरक्षक देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने बताया था कि इस टूर्नामेंट के मैचों में खिलाड़ी के हर रन बनाने पर 500 रुपये गरीबों और समाज सेवा के कार्यों में लगाए जाएंगे।

बता दें कि, यह पहल केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य युवाओं को शारीरिक मजबूती के साथ-साथ मानसिक, नैतिक और आध्यात्मिक रूप से भी सशक्त बनाना है। आयोजकों का मानना है कि क्रिकेट जैसे चर्चित खेल के जरिए युवाओं तक सकारात्मक संदेश सबसे प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सकता है।

सनातन प्रीमियर लीग की आयोजन समिति

सनातन प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन SANATAN CRICKET CLUB (LLP) द्वारा किया जा रहा है। इसके संस्थापक विजय शर्मा हैं, जबकि सह-संस्थापक देव जोशी और आनंद मिश्रा हैं। इस आयोजन के मुख्य संरक्षक पूज्य श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज और लीग के कमिश्नर 1983 वर्ल्ड कप विजेता मदन लाल हैं।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version