Sunday, February 1

KL Rahul’s Statement on His Batting Order: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने एक बार फिर अपनी शानदार फॉर्म का प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में उन्होंने नाबाद 42* रन बनाकर टीम को फाइनल में पहुंचाया।

राहुल ने मैच के बाद कहा कि उन्हें बैटिंग ऑर्डर में ऊपर-नीचे जाने की आदत हो गई है और वो टीम की जरूरत के मुताबिक किसी भी पोजीशन पर खेलने के लिए तैयार रहते हैं।

मिडिल ऑर्डर में KL Rahul का शानदार प्रदर्शन

KL Rahul पिछले चार-पांच सालों से वनडे क्रिकेट में ज्यादातर नंबर 5 पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 2020 के बाद से इस पोजीशन पर कम से कम 20 पारियाँ खेलने वाले बल्लेबाजों में उनका औसत 61.52 है, जो कि दुनिया में सबसे ज्यादा है। यहां तक कि साउथ अफ्रीका के हेनरिक क्लासेन का औसत भी उनसे कम है।

हालांकि, इस टूर्नामेंट में भारत ने अपनी बल्लेबाजी लाइनअप में बदलाव किया और बाएं हाथ के बल्लेबाज अक्षर पटेल को नंबर 5 पर भेजा, जिससे राहुल को नंबर 6 पर खेलना पड़ा। इसके बावजूद राहुल ने खुद को इस पोजीशन के लिए ढाल लिया और अपनी बाउंड्री हिटिंग पर ज्यादा काम किया।

मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में KL Rahul ने कहा, “मैंने पिछले एक साल में बाउंड्री हिटिंग पर बहुत काम किया है। श्रीलंका में जब मैंने नंबर 6 पर बल्लेबाजी की थी, तब ही मुझे समझ आ गया था कि यही मेरी बैटिंग पोजीशन होगी और टीम को मुझसे यही उम्मीद होगी।”

राहुल ने आगे कहा कि वो जहां भी बल्लेबाजी करने के लिए कहे जाते हैं, वहां अपना 100% देने की कोशिश करते हैं। उन्होंने ये भी माना कि कप्तान रोहित शर्मा हमेशा उनका समर्थन करते हैं और इसी वजह से वो किसी भी रोल के लिए तैयार रहते हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कमाल की पारी

सेमीफाइनल मुकाबले में जब KL Rahul बल्लेबाजी करने आए तो भारत को 15 ओवरों में 86 रनों की जरूरत थी और 6 विकेट हाथ में थे। विराट कोहली ने 84 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन जब वो आउट हुए तो ऑस्ट्रेलिया को वापसी का मौका मिल सकता था। लेकिन राहुल ने 34 गेंदों में नाबाद 42 रन बनाकर मैच को एकतरफा बना दिया। उन्होंने तनवीर संघा, एडम जंपा और बेन ड्वार्शुइस जैसे गेंदबाजों को बड़े शॉट लगाकर रन बनाए।

राहुल ने मैच के बाद कहा, “जब मैं क्रीज पर आया तो मैंने कोहली से कहा कि तुम सेट बल्लेबाज हो और तुम्हें अंत तक खेलना चाहिए। मैं हर ओवर में एक जोखिम उठाऊंगा और बाउंड्री की तलाश करूंगा।”

केएल राहुल ने दिया ट्रोलर्स को जवाब

केएल की प्लेइंग इलेवन में जगह को लेकर अक्सर सवाल उठाए जाते हैं। लेकिन राहुल ने साफ कर दिया कि वो 2020 से लगातार नंबर 5 पर बल्लेबाजी कर रहे हैं और हर बार ब्रेक के बाद उनकी जगह को लेकर सवाल उठते हैं।

उन्होंने कहा, “मैं भी कभी-कभी सोचता हूं कि और क्या कर सकता हूं? हर बार जब भी मुझे जो रोल दिया गया है, मैंने उसे पूरी ईमानदारी से निभाया है। रोहित भाई हमेशा मेरा समर्थन करते हैं और यही मुझे आत्मविश्वास देता है।”

केएल राहुल की ये पारी भारत के लिए बेहद अहम थी और अब सभी की नजरें फाइनल पर हैं। भारत को चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के लिए राहुल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों से ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version