Champions Trophy 2025, IND vs AUS: चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिला, जहां विराट कोहली ने इतिहास रच दिया और भारतीय टीम ने 4 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज कर ली।
उन्होंने एक बार फिर अपनी शानदार बल्लेबाजी से टीम को संभाला और इस दौरान भारत के लिए चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने फाइनल का टिकट भी पक्का कर लिया है। आइए जानते हैं भारत की इस शानदार जीत के बाद प्रेस कांप्रेस मे विराट कोहली ने क्या कहा?
दुबई में लिया बदला, टीम इंडिया ने फाइनल का टिकट कटाया

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में एक हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल देखने को मिला, जहां टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया से अपना हिसाब बराबर कर लिया। इस जबरदस्त प्रदर्शन के साथ भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में एंट्री मार ली।
विराट कोहली की दमदार पारी

265 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया कोहली के क्लासिक खेल की गवाह बनी। संकट के समय विराट ने एक बार फिर अपनी काबिलियत साबित की और 96 गेंदों में 84 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस मैच जिताऊ पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
कोहली बोले- पाकिस्तान वाले मैच जैसी ही थी ये इनिंग
कोहली को रन चेज़ का बादशाह यूं ही नहीं कहा जाता। जब टीम मुश्किल में होती है, तब उनका बल्ला आग उगलता है। इस मैच के बाद कोहली ने अपनी पारी को लेकर कहा:
मुझे लगता है कि ये पारी पाकिस्तान वाले मैच जैसी ही थी। मैंने उस मैच में भी सिर्फ 7 चौके मारे थे और पूरा ध्यान सिर्फ साझेदारी बनाने पर था। आज भी वही करने की कोशिश की।
रोहित शर्मा और शुभमन गिल के जल्दी आउट होने के बाद 265 रन का लक्ष्य आसान नहीं दिख रहा था। लेकिन विराट ने श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और केएल राहुल के साथ अहम साझेदारियां कीं और अपनी रणनीति से भारत को जीत दिलाई।
उन्होंने इस बारे में कहा:
सब कुछ पिच पर निर्भर करता है। मैं उसी के हिसाब से अपनी बल्लेबाजी प्लान करता हूं। मेरे लिए सबसे जरूरी है स्ट्राइक रोटेट करना और साझेदारी निभाना। इन पिचों पर पार्टनरशिप बहुत मायने रखती है। मुझे खुशी है कि मैं क्रीज पर शांत रहा, टाइमिंग अच्छी थी और रन बनाता रहा। मेरे लिए सबसे अहम बात वो सिंगल्स थे जो मैंने लिए।
इसके अलावा उन्होंने दबाव को झेलने की अहमियत पर भी बात की:
इस मैच में बस दबाव झेलने की बात थी। अगर आप मैच को जितना लंबा ले जाओगे, विपक्षी टीम उतना ही दबाव में आ जाएगी। जरूरी है कि आप खुद पर काबू रखें और घबराए नहीं। अगर रन रेट छह भी चल रहा हो, तब भी मैं परेशान नहीं होता क्योंकि मुझे खुद पर भरोसा है।
क्या ये कोहली की बेस्ट पारी थी?
पाकिस्तान के खिलाफ जबरदस्त शतक के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ कोहली का बल्ला थोड़ा शांत रहा था। लेकिन सेमीफाइनल जैसे बड़े मैच में कोहली ने मोर्चा संभाला और टीम को जीत दिलाई। लेकिन क्या ये उनकी सबसे बेहतरीन पारी थी?
इस सवाल पर कोहली ने कहा:
मुझे नहीं पता कि ये मेरी बेस्ट इनिंग थी या नहीं। मैंने पहले भी कहा है कि ये फैसला आप लोग करें। मैं इन चीजों पर ध्यान नहीं देता। जब आप माइलस्टोन के बारे में नहीं सोचते, तो वो खुद हो जाते हैं। तीन अंकों तक पहुंचना अच्छा लगता है, लेकिन जीत ज्यादा जरूरी है। अब मेरे लिए वो चीजें मायने नहीं रखतीं।
9 मार्च को क्रिकेट जगत को मिलेगा नया चैंपियन
अब टीम इंडिया फाइनल की दहलीज पर खड़ी है, लेकिन असली चुनौती अभी बाकी है। 9 मार्च को क्रिकेट जगत को मिलेगा नया चैंपियन, और भारत को अपने अगले प्रतिद्वंद्वी का इंतजार है। क्या टीम इंडिया उठाएगी चैंपियंस ट्रॉफी? सबकी नजरें अब उस महामुकाबले पर टिकी हैं।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







