वेस्टइंडीज के धुरंधर बल्लेबाज़ और पूर्व कप्तान क्रिस गेल दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाज़ों में से थे। उनके सामने गेंदबाज़ी करना बड़े से बड़े गेंदबाज़ों के लिए चिंता का सबब रहता था। उन्होंने मॉडर्न डे क्रिकेट खेलने का तरीका बदला है। उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी की पूरी दुनिया दीवानी थी और भारत में ख़ासकर उन्हें सबसे ज़्यादा प्यार मिलता था।
आईपीएल को दुनिया की सबसे बेस्ट लीग बनाने में उनका भी बड़ा योगदान है। उनके बहुत से रिकॉर्ड आज भी कायम हैं, जबकि क्रिकेट आज बहुत तेज़ी से बदल रहा है। इस धाकड़ बल्लेबाज़ ने दुनिया की बेस्ट लीग में काफी अच्छा परफॉर्मेंस किया, उसके बाद भी उन्होंने कहा कि मुझे अपमानित किया गया और मैं डिप्रेशन में चला गया था। तो चलिए जानते हैं कि पूर्व विंडीज कप्तान ने किसके ऊपर यह आरोप लगाए हैं।
गेल ने पंजाब किंग्स पर लगाया अपमानित करने का आरोप

क्रिस गेल ने यूट्यूबर शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट पर बताया कि उनका आईपीएल करियर सही ढंग से खत्म नहीं हो पाया। उन्होंने कहा, “मेरा IPL करियर अच्छे ढंग से समाप्त नहीं हुआ। मैं सच कह रहा हूं कि पंजाब किंग्स (उस समय किंग्स इलेवन पंजाब) में मेरा अपमान किया गया। मुझे लगा कि उस टीम में मुझे उस तरीके से प्राथमिकता नहीं दी गई जिससे लगे कि मैं एक सीनियर प्लेयर हूं और इस लीग के लिए बहुत कुछ करके आ रहा हूं।”
क्रिस ने आगे बताया कि पंजाब टीम में उन्हें अपमानित किया गया और उनके साथ बच्चों जैसा व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा, “मुझे ऐसा लग रहा था जैसे मेरे कंधों पर बहुत बड़ा बोझ है। यह पहली बार था जब मुझे लगा कि मैं डिप्रेशन में जा रहा हूं।”
कुंबले को फ़ोन करके बताई बात
क्रिस गेल ने बताया कि उनकी मानसिक स्थिति ख़राब हो गई थी और उसके ऊपर पैसा मायने नहीं रखता है। उन्होंने कहा, “ऐसी स्थिति में आपकी मानसिक सेहत पैसों से ज़्यादा मायने रखती है। मैंने अनिल कुंबले को फ़ोन किया और उन्हें साफ़-साफ़ बता दिया कि मैं टीम छोड़ रहा हूं।” उस समय वर्ल्ड कप भी शुरू होने वाला था।
हालात ऐसे थे कि आप कुछ नहीं कर सकते थे, इसलिए मेरी मानसिक स्थिति बिगड़ती जा रही थी। “मैं अंदर से टूट चुका था और जब मैंने मुंबई के खिलाफ आख़िरी मैच खेला, तो मुझे लगा कि यह सब कुछ भी नहीं है।”
कुंबले से बात करने के दौरान रोने लगा
गेल ने कहा कि मैंने अनिल कुंबले से बात की और उसी दौरान ही रोने लगा, क्योंकि मैं अंदर से टूट गया था। क्रिस गेल ने कहा, “मैं रोया और टीम के संचालन के तरीके को लेकर अनिल कुंबले से बहुत निराश था। केएल राहुल कप्तान थे, उन्होंने मुझसे कहा, ‘क्रिस, तुम अगला मैच खेलोगे।’ मैंने साफ़ कहा कि मैं टीम के लिए शुभकामनाएं देता हूं। मैंने अपना सामान पैक किया और वहाँ से चला गया।”
ख़राब बर्ताव के चलते छोड़ा टीम का साथ
आपको बता दें कि क्रिस को पंजाब किंग्स में लगातार नज़रअंदाज़ किया जा रहा था। आईपीएल के सबसे बेहतरीन ओपनर में से एक गेल की बल्लेबाज़ी पोज़िशन से छेड़छाड़ हो रही थी और उसके बाद कुछ मैच ख़राब होने के बाद उन्हें टीम से ड्रॉप कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने यह फैसला लिया था।







