Clive Lloyd Offers Help After West Indies 27 All Out Collapse Against Australia: वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम का टेस्ट क्रिकेट में बुरा दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में किंग्स्टन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए तीसरे और अंतिम टेस्ट में वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में महज 27 रनों पर ढेर हो गई। यह टेस्ट इतिहास का सबसे कम स्कोर में से एक रहा।
इस हार के साथ वेस्टइंडीज को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-3 से क्लीन स्वीप झेलनी पड़ी और इसके साथ ही टीम ने 2025-27 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल की बेहद खराब शुरुआत की है।
क्लाइव लॉयड ने की वेस्टइंडीज क्रिकेट को संभालने की पेशकश
वेस्टइंडीज टीम के इस बेहद खराब प्रदर्शन के बाद हर तरफ आलोचना हो रही है। फैंस से लेकर क्रिकेट के दिग्गजों तक ने टीम की कमजोरियों को जमकर लताड़ा है। इसी बीच वेस्टइंडीज के दिग्गज और दो बार की वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान क्लाइव लॉयड ने टीम की हालत सुधारने में मदद करने की पेशकश की है।
क्रिकेट वेस्टइंडीज द्वारा आयोजित एक खास बैठक में, जो 1975 वर्ल्ड कप जीत के 50 साल पूरे होने पर बुलाई गई थी, क्लाइव लॉयड ने वेस्टइंडीज क्रिकेट के हर पहलू की समीक्षा करने की जरूरत बताई।
उन्होंने कहा, “हमें वेस्टइंडीज क्रिकेट के हर स्तर, चाहे वह जमीनी स्तर हो या इंटरनेशनल, सब कुछ बारीकी से देखना होगा। वेस्टइंडीज क्रिकेट एक संस्था है, जिसने इस क्षेत्र के लोगों को बहुत कुछ दिया है और हमें इसे फिर से जीवित करने के लिए हर संभव प्रयास करना होगा।”
“मैं हमेशा मदद करने को तैयार हूं”: क्लाइव लॉयड
क्लाइव लॉयड ने आगे कहा कि वह वेस्टइंडीज टेस्ट टीम की मदद करने को हमेशा तैयार हैं ताकि टीम टेस्ट क्रिकेट में अपनी लगभग 100 साल पुरानी विरासत को बचा सके।
उन्होंने कहा, “मैं हमेशा किसी भी तरीके से मदद करने को तैयार हूं। हमें अपने पास मौजूद विचारों को जरूरतों के साथ जोड़ना होगा और सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए स्वस्थ चर्चा करनी होगी। हम लगभग 100 साल से टॉप क्लास टेस्ट क्रिकेट खेलते आ रहे हैं, अब समय है कि हम इसे फिर से सही दिशा में ले जाएं।”
बल्लेबाजों से लॉयड की सलाह- ‘विकेट की कीमत समझें’
क्लाइव लॉयड ने खास तौर पर टीम के बल्लेबाजों को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपने विकेट की ‘भारी कीमत’ समझनी होगी और जब क्रीज पर टिक जाएं तो लंबी पारी खेलने का इरादा होना चाहिए।
लॉयड ने कहा, “हमें ऐसे बल्लेबाजों की जरूरत है जो अपने विकेट की कीमत समझें और जब सेट हो जाएं तो क्रीज पर डटे रहें। ‘यूनीक बैटिंग’ की कोई जरूरत नहीं, अगर मुश्किल हालात हैं तो ‘बैटिंग अगली’ यानी संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी भी करनी होगी। हमें ऐसे तरीके खोजने होंगे जिससे हम क्रीज पर टिके रहें और विपक्षी गेंदबाजों को थकाएं। हम अभी तक ऐसा नहीं कर पा रहे हैं।”
भारत और न्यूजीलैंड में अगली बड़ी चुनौती
वेस्टइंडीज के लिए आगे का सफर आसान नहीं होने वाला। ऑस्ट्रेलिया से शर्मनाक हार के बाद अब टीम को अक्टूबर में भारत दौरे पर आना है जहां दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद दिसंबर में वेस्टइंडीज की टीम न्यूजीलैंड जाएगी, जहां तीन टेस्ट मैचों की चुनौती उनका इंतजार कर रही है।
वेस्टइंडीज क्रिकेट में लगातार गिरावट के बीच अब यह देखना होगा कि क्लाइव लॉयड जैसे दिग्गज की मदद से टीम अपने पुराने गौरव को पाने के लिए क्या कदम उठाती है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

