पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह क्रिकेट नहीं, बल्कि कानूनी मसला है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व इंडियन ऑलराउंडर को गैरकानूनी ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ के लिए समन जारी किया है। उन्हें 23 सितंबर 2025 को पेश होने का निर्देश दिया गया है।
रॉबिन उथप्पा को भी किया गया तलब

ED ने इसी मामले में एक और पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा को भी समन भेजा है। उन्हें भी 22 सितंबर को जांच एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। इससे पहले शिखर धवन और सुरेश रैना को भी इसी तरह के केस में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जा चुका है।
क्या है मामला?
यह जांच एक गैरकानूनी ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़ी है, जिसे लेकर आरोप हैं कि उसने करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी और धोखाधड़ी की है। बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग की गतिविधियाँ की गई हैं।
जांच एजेंसी का ध्यान इस बात पर है कि क्या इन पूर्व खिलाड़ियों की छवि या नाम का उपयोग इस ऐप के प्रचार-प्रसार या अन्य व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ED ने इस मामले में अभी जांच शुरू की है।
सोनू सूद से भी होगी पूछताछ
क्रिकेटरों के अलावा, अभिनेता सोनू सूद को भी ED ने समन भेजा है। उन्हें भी जांच एजेंसी ने अगले सप्ताह पेश होने के लिए कहा है। सभी से मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत बयान दर्ज कराए जाएंगे।
1xBet को लेकर हो रही है पूछताछ
दरअसल इन सभी खिलाड़ियों से 1xBet को लेकर पूछताछ की जा रही है। जिसे एक ग्लोबल बुकी प्लेटफॉर्म माना जा रहा है। यह ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध है और विभिन्न खेल आयोजनों पर सट्टा लगाने की सुविधा देता है।
हाल ही में खेलते नजर आए थे युवराज और उथप्पा
आपको बता दें, कि युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हों, लेकिन वे हाल ही में इंग्लैंड में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 में मैदान पर दिखे थे। दोनों ही इंडिया चैंपियंस टीम का हिस्सा थे, जिसने इस टूर्नामेंट में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था।
इंडिया चैंपियंस ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान से खेलने से किया था मना
हालाँकि इंडिया चैंपियंस का सेमीफाइनल मुकाबला पाकिस्तान के साथ था जिसके बाद खिलाड़ियों ने इस मैच को खेलने से मना कर दिया था और उनको वॉकओवर देते हुए टूर्नामेंट से हैट गए थे जिसके चलते पाकिस्तान चैंपियंस की टीम फाइनल में पहुंची थी जहाँ उन्हें साउथ अफ्रीका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।







