उत्तर प्रदेश के इस युवा खिलाड़ी को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ खेले जाने वाले 3 मैचों की वनडे सीरीज़ के लिए चयनित किया गया है। आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स ने इन्हें 50 लाख रुपये में खरीदा । उन्होंने वाइजैग में लखनऊ सुपर जायंट्स के ख़िलाफ़ आईपीएल में अपना डेब्यू किया था, जहाँ उन्होंने दो ओवरों में 35 रन देकर 1 विकेट हासिल किया और 15 गेंदों में 39 रन बनाए।
विप्रज निगम का क्रिकेट करियर
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में विप्रज निगम का जन्म 28 जुलाई 2004 को हुआ था। विप्रज ने क्रिकेट करियर की शुरुआत लखनऊ से की थी। 12 साल की उम्र में यूपी टिंबर क्लब से खेलना शुरू किया। शुरुआत में वह सिर्फ़ एक बल्लेबाज़ थे, बाद में वह ऑलराउंडर बने। कभी-कभी लेग स्पिन गेंदबाज़ी भी करते हैं। उत्तर प्रदेश अंडर-19 और अंडर-23 टीम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी तरफ़ खींचा है। 2024 में उन्होंने लखनऊ फाल्कन्स की ओर से खेलते हुए 20 विकेट लिए और सबका ध्यान अपनी तरफ़ केंद्रित किया। इस शानदार प्रदर्शन से उन्हें उत्तर प्रदेश रणजी टीम में शामिल किया गया।
आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की टीम में चुने जाने के बाद मिली नई पहचान
रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद विप्रज को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने का मौका मिला। 2025 आईपीएल में 14 मैचों में 11 विकेट लेकर अपनी छाप छोड़ी। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के ख़िलाफ़ खेले गए मुक़ाबले में उन्होंने 15 गेंदों में 39 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। यह प्रदर्शन उनके आत्मविश्वास को दर्शाता हैं ।
वनडे सीरीज़ के लिए भारतीय ए टीम में चयन के बाद विप्रज निगम ने क्या कहा
इस दौरान विप्रज ने कहा कि “मेरे लिए ये दो साल किसी सपने से कम नहीं रहे। भारत ए में चयन मेरे करियर का बेहद अहम पड़ाव है। मुझे ख़ुशी है कि मेरी मेहनत रंग लाई। आईपीएल के अनुभव से बहुत कुछ सीखने को मिला। अगर मुझे ऑस्ट्रेलिया ए के ख़िलाफ़ खेलने का मौका मिला, तो मैं अपनी पूरी क्षमता के साथ उतरूंगा। मेरा सपना है कि मैं एक दिन टीम इंडिया के लिए विश्व कप टीम का हिस्सा बनूं। यह सफर लंबा है, लेकिन मैं हर चुनौती के लिए तैयार हूं।”







