Monday, February 16

A Look at All Major Records of England vs India Oval Test 2025: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई पांच मैचों की एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 का समापन बेहद रोमांचक अंदाज में हुआ। द ओवल में खेले गए अंतिम टेस्ट में भारतीय टीम ने 6 रनों से जीत दर्ज करते हुए सीरीज 2-2 से बराबर कर ली। यह जीत भारत की टेस्ट इतिहास में रनों के लिहाज से सबसे करीबी जीत रही, जिससे यह मुकाबला कई मायनों में ऐतिहासिक बन गया।

इस टेस्ट में मोहम्मद सिराज ने 9 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया और प्लेयर ऑफ द मैच बने। वहीं दूसरी ओर, जो रूट और हैरी ब्रूक की शानदार पारियों ने मैच को पांचवें दिन तक पहुंचाया।  इस मैच में कई बड़े रिकॉर्ड्स बने, जिनमें भारत की सबसे करीबी जीत, सिराज की रिकॉर्डतोड़ गेंदबाजी और जो रूट का खास आंकड़ा शामिल रहा। आइए एक नजर डालते हैं ओवल टेस्ट में बने ऐसे ही कुछ ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स पर।

इंग्लैंड बनाम भारत ओवल टेस्ट 2025 में बने सभी बड़े रिकॉर्ड्स

1. भारत की टेस्ट इतिहास में सबसे करीबी जीत

भारत ने ओवल टेस्ट में इंग्लैंड को 6 रन से हराया, जो उसकी टेस्ट क्रिकेट में अब तक की सबसे कम अंतर से जीत है। इससे पहले भारत ने 2004 में वानखेड़े पर ऑस्ट्रेलिया को 13 रन से हराया था। इसके अलावा, इंग्लैंड के खिलाफ भारत की पिछली सबसे करीबी जीत 1972 में कोलकाता में 28 रनों से थी।

2. 300+ रन के लक्ष्य में हार का सबसे छोटा अंतर

टेस्ट इतिहास में यह पहली बार हुआ, जब किसी टीम को 300 से अधिक रन का पीछा करते हुए 10 रन से भी कम अंतर से हार मिली। इंग्लैंड को 374 रन का लक्ष्य मिला था, और वे 367 रन पर ऑलआउट हो गए। इससे पहले 1925 में इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 375 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 11 रन से हारा था।

3. 300+ के रन चेज में 50 रन से भी कम टारगेट बचने पर पहली बार हुआ ऐसा पतन

जब 332 के स्कोर पर इंग्लैंड का पांचवां विकेट गिरा, तब वह जीत से सिर्फ 42 रन दूर थे, लेकिन उनकी पूरी टीम 367 रनों पर सिमट गई। 300 से ज्यादा के लक्ष्य में किसी टीम ने पहली बार इतनी करीब पहुंचने के बावजूद हार झेली है। इससे पहले 2011 में ज़िम्बाब्वे ने 287/4 से गिरकर 331 पर ऑलआउट होकर 366 रन के लक्ष्य में हार झेली थी।

4. मोहम्मद सिराज बने इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज

इस सीरीज में मोहम्मद सिराज ने कुल 23 विकेट लिए, जो इंग्लैंड में किसी भी भारतीय तेज़ गेंदबाज़ के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा है। इससे पहले जसप्रीत बुमराह ने 2021-22 में इंग्लैंड में ही 23 विकेट लिए थे।

5. सिराज ने 185.3 ओवर डाले, 2002 के बाद दूसरा सबसे लंबा स्पेल

सिराज ने इस सीरीज में कुल 185.3 ओवर गेंदबाज़ी की, जो जून 2002 के बाद किसी भी भारतीय तेज़ गेंदबाज़ द्वारा दूसरा सबसे लंबा स्पेल है। सबसे ज्यादा (187 ओवर) ओवर बुमराह ने 2021-22 में डाले थे।

6. एक टेस्ट में LBW आउट होने वाले बल्लेबाज़ों की बड़ी संख्या

ओवल टेस्ट में कुल 12 बल्लेबाज़ LBW आउट हुए, जो इस मैदान पर खेले गए 108 टेस्ट मैचों में दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। सिराज ने अकेले पांच बल्लेबाज़ों को LBW आउट किया। यह किसी भी भारतीय तेज़ गेंदबाज़ के लिए एक टेस्ट में दूसरा सबसे अच्छा प्रदर्शन है।

इस सूची में इरफान पठान सबसे ऊपर हैं, जिन्होंने 2004 में ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ 7 बल्लेबाज़ों को LBW आउट किया था।

7. स्टंप्स पर लगती गेंदों पर सिराज का जबरदस्त असर

इस टेस्ट में सिराज ने ऐसी 39 गेंदें डालीं जो सीधे स्टंप्स पर जा रही थीं। इन पर उन्होंने 8 विकेट लिए। वहीं बाकी सभी तेज़ गेंदबाज़ों ने ऐसी गेंदों पर मिलकर सिर्फ 9 विकेट ही झटके।

8. जो रूट ने लगाया भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा अन्तर्राष्ट्रीय शतक

इस टेस्ट में जो रूट ने भारत के खिलाफ अपना 16वां अन्तर्राष्ट्रीय शतक लगाया। यह किसी भी बल्लेबाज़ द्वारा भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने का संयुक्त रिकॉर्ड है। उनके अलावा, स्टीव स्मिथ भी 16 शतक लगा चुके हैं।

9. भारत के खिलाफ तीन सीरीज में 500+ रन

जो रूट ने इस सीरीज में 500 से ज्यादा रन बनाए। इससे पहले वह 2014, 2021-22 और अब 2025 में यह कारनामा कर चुके हैं। इसी के साथ वह भारत के खिलाफ तीन सीरीजों में 500+ रन बनाने वाले वह पहले बल्लेबाज़ हैं।

10. हैरी ब्रूक ने 50 पारियों में लगाया 10वां टेस्ट शतक

हैरी ब्रूक ने सिर्फ 50 टेस्ट पारियों में अपना 10वां शतक जड़ा। यह टेस्ट इतिहास में नौवां सबसे तेज़ और पिछले 80 सालों में सबसे तेज़ रिकॉर्ड है। उन्होंने यह शतक भारत के खिलाफ चौथी पारी में 113.86 की स्ट्राइक रेट से बनाया, जो भारत के खिलाफ चौथी पारी में सबसे तेज़ शतक है।

11. चौथी बार किसी सीरीज के पांचों टेस्ट पांचवें दिन तक पहुंचे

इस टेस्ट सीरीज के सभी पांच मुकाबले पांचवें दिन तक चले। ऐसा 21वीं सदी में सिर्फ चौथी बार हुआ है। इससे पहले 2001 में दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज, 2004-05 में इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका और 2017-18 में ऑस्ट्रेलिया में हुई एशेज सीरीज में ऐसा हुआ था।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version