Wednesday, February 11

Who Was the First Indian Cricketer to Hit Six Sixes in an Over?: क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाना आज भी बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। यह वो कारनामा है, जिसे बहुत कम खिलाड़ी हासिल कर पाए हैं। जब किसी भारतीय बल्लेबाज ने पहली बार यह कमाल किया, तब यह सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बन गया था।

हालांकि, जब भी कभी एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज की बात की जाती है, तो क्रिकेट फैंस को युवराज सिंह द्वारा इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ एक ओवर में लगाए गए छह लगातार छक्के याद आते हैं। लेकिन युवराज पहले भारतीय नहीं थे, जिन्होंने प्रोफेशनल क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाए थे। आइए जानते हैं कि, एक ओवर में छह छक्के लगाने वाला पहला भारतीय क्रिकेटर कौन था?

रवि शास्त्री थे एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर

पूर्व क्रिकेटर रवि शास्त्री ने 10 जनवरी 1985 को एक रणजी ट्रॉफी मैच में बॉम्बे (अब मुंबई) के लिए खेलते हुए बतौर भारतीय खिलाड़ी सबसे पहले एक ओवर में छह छक्के लगाने का कारनामा किया था। वह मैच बॉम्बे (अब मुंबई) और बड़ौदा के बीच खेला गया था। शास्त्री ने यह कमाल बड़ौदा के गेंदबाज़ तिलक राज के एक ओवर में किया था।

यह पारी सिर्फ छह छक्कों की वजह से नहीं, बल्कि रवि शास्त्री की आक्रामक बल्लेबाज़ी शैली की वजह से भी याद की जाती है। उन्होंने उस मैच में 123 गेंदों में 13 छक्कों की मदद से 200 रन बनाए थे और उन्होंने सिर्फ 113 मिनट में दोहरा शतक पूरा किया था, जो उस समय रणजी ट्रॉफी में सबसे तेज़ डबल सेंचुरी थी।

युवराज सिंह हैं अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले इकलौते भारतीय क्रिकेटर

पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज युवराज सिंह अब भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले इकलौते भारतीय क्रिकेटर हैं। उन्होंने 2007 टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के जड़े थे। हालांकि, युवराज सिंह का यह रिकॉर्ड अंतरराष्ट्रीय मंच पर था, लेकिन उनसे करीब 22 साल पहले रवि शास्त्री यह कारनामा घरेलू क्रिकेट में कर चुके थे।

आज तक कितने भारतीयों ने लगाए हैं एक ओवर में छह छक्के?

अब तक बहुत कम भारतीय बल्लेबाज यह कारनामा कर पाए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युवराज सिंह और घरेलू या अन्य प्रतियोगिताओं में बॉम्बे (अब मुंबई) के रवि शास्त्री, महाराष्ट्र के ऋतुराज गायकवाड़ (विजय हजारे ट्रॉफी 2022 में यूपी के गेंदबाज शिवा सिंह के खिलाफ एक ओवर में सात छक्के) और आंध्र प्रदेश के वामसी कृष्णा (रेलवेज के स्पिनर दमनदीप सिंह के खिलाफ कर्नल सीके नायडू 2024 टूर्नामेंट में) जैसे नामों ने यह उपलब्धि हासिल की है, लेकिन सबसे पहले यह गौरव रवि शास्त्री ने हासिल किया था।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version