Saturday, March 21

पिछले कई वर्षों में क्रिकेट को तेजी से पॉपुलैरिटी मिली हैं और खिलाड़ी इसमें अपना करियर बनाने की सोच रहे हैं। इसके लिए वो कोई भी फील्ड छोड़ने को राजी हैं। ऐसे कई उदहारण भी हैं जब लोगों ने दूसरी फील्ड में काम छोड़कर क्रिकेट की ओर रुख किया और उसमें सफलता हासिल की। हालांकि इंग्लैंड की एक खिलाड़ी ऐसी हैं जिन्होंने वकालत की पढ़ाई करने के लिए इस खेल से संन्यास ले लिया है। तो चलिए जानते हैं इस प्लेयर के बारे में।

फ्रेया डेविस ने लिया क्रिकेट से संन्यास

Freya Davies Retires From Cricket
Freya Davies Retires From Cricket

दरअसल यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि इंग्लैंड की तेज़ गेंदबाज़ फ्रेया डेविस हैं। उन्होंने मात्र 29 साल की उम्र में क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। इस तरह उनका 15 साल का सफल करियर खत्म हो गया है। उन्होंने वकील बनने के लिए यह कदम उठाया है।

क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद, वह अब ट्रेनी सॉलिसिटर के रूप में एक नया सफर शुरू करेंगी। डेविस ने मार्च 2019 में कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ टी20 मैच खेलकर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था। इस तेज गेंदबाज ने इंग्लैंड के लिए अपना आखिरी मैच साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एजबेस्टन में खेला था।

15 साल लम्बे करियर पर लगाया पूर्ण विराम

डेविस ने मात्र 14 वर्ष में ही ससेक्स के लिए अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने डोमेस्टिक में वेस्टर्न स्टॉर्म, साउथ ईस्ट स्टार्स, लंदन स्पिरिट, वेल्श फायर, सदर्न वाइपर्स और हैम्पशायर जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया। इस तेज गेंदबाज ने साल 2013 में ससेक्स को काउंटी चैंपियनशिप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।

डेविस ने अपने घरेलू करियर में 86 मैच खेले हैं। 2019 में, फ्रेया महिला क्रिकेट सुपर लीग की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ बनी थी जब उन्होंने उस सीजन 19 विकेट चटकाए थे। इंटरनेशनल लेवल पर, तेज गेंदबाज ने 2019 से 2023 तक इंग्लैंड के लिए 35 मैच खेलते हुए कुल 33 विकेट अपने नाम किए।

इसी साल सितम्बर में खेला अपना आखिरी मुकाबला

फ्रेया ने अपना आखिरी मैच 21 सितंबर 2025 को रोज़ बाउल में लैंकशायर के खिलाफ हैम्पशायर के लिए वनडे कप फाइनल में खेला था। हैम्पशायर की टीम चैंपियन नहीं बन सकी थी लेकिन डेविस ने उस सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया और 14 मैचों में 19 विकेट लिए। सरे के खिलाफ सेमीफाइनल में, उन्होंने 9.5 ओवर में 39 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्होंने महिला हंड्रेड में 37 मैच भी खेले, जिनमें लंदन स्पिरिट और वेल्श फायर के लिए कुल 36 विकेट लिए।

वकील बनने के लिए छोड़ी क्रिकेट

डेविस क्रिकेट खेलते समय भी अपनी पढ़ाई में सक्रिय रहीं। उन्होंने लीगल प्रैक्टिस कोर्स (एलपीसी) और एलएलएम पूरा किया और अब वकील बनने के लिए क्रिकेट से संन्यास ले रही हैं। रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए तेज गेंदबाज ने कहा कि क्रिकेट में अपनी यात्रा को मजबूती से समाप्त करने के बाद अब वह अपने नए पेशे में आगे बढ़ना चाहती हैं।

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने दी बधाई

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने उनके संन्यास पर बधाई देते हुए लिखा: “फ्रेया डेविस को शुभकामनाएँ, जिन्होंने इंग्लैंड के लिए 35 मैच खेले। अब वह सॉलिसिटर बनने के लिए क्रिकेट से संन्यास ले रही हैं। भविष्य के लिए शुभकामनाएँ!”

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

आकाश अवस्थी स्पोर्ट्स डाइजेस्ट हिंदी में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में दो वर्षों का अनुभव रखते हैं। इससे पहले वे इंडिया न्यूज़ और स्पोर्ट्सविकी जैसे प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म्स के साथ भी काम कर चुके हैं। क्रिकेट, कबड्डी और अन्य खेलों की बारीकियों को गहराई से समझना और उन्हें आसान व रोचक अंदाज में पाठकों तक पहुंचाना उनकी खासियत है। खेल जगत के साथ साथ पॉलिटिक्स की हर हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है।

Leave A Reply

Exit mobile version