Glenn Maxwell Dream ODI XI: ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल हमेशा अपने आक्रामक अंदाज और क्रिएटिव शॉट्स के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी Dream ODI XI का ऐलान किया, जिसमें केवल भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाड़ियों को शामिल करने की शर्त रखी गई थी।
मैक्सवेल की टीम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के दिग्गजों का बोलबाला है, जबकि इंग्लैंड का कोई भी खिलाड़ी जगह नहीं बना पाया। उनकी पसंद दर्शाती है कि उन्होंने केवल आंकड़ों पर नहीं, बल्कि मैच विनिंग इम्पैक्ट, क्लच परफॉर्मेंस और टीम बैलेंस पर ध्यान दिया है। आइए जानते हैं ग्लेन मैक्सवेल द्वारा चुनी गई ड्रीम वनडे XI में शामिल हर खिलाड़ी की भूमिका और उनके चयन के पीछे की सोच क्या है।
ये है ग्लेन मैक्सवेल द्वारा चुनी गई Dream ODI XI
1. सचिन तेंदुलकर (भारत) – ओपनर
‘मास्टर ब्लास्टर’ सचिन तेंदुलकर का नाम किसी भी ऑलटाइम ODI XI में लगभग तय रहता है। उनके 18,426 रन, 49 शतक और हर परिस्थिति में रन बनाने की क्षमता उन्हें बाकी सब से अलग करती है।
मैक्सवेल के अनुसार, सचिन वो खिलाड़ी हैं जो पारी की शुरुआत में स्थिरता भी देते हैं और जरूरत पड़ने पर आक्रामक भी हो सकते हैं।
सचिन की तकनीकी निपुणता और मैच सिचुएशन को समझने की क्षमता टीम को मजबूत नींव देती है। वनडे क्रिकेट इतिहास में बतौर ओपनर उनका कोई विकल्प नहीं हो सकता है।
2. रोहित शर्मा (भारत) – ओपनर
‘हिटमैन’ रोहित शर्मा सचिन के आदर्श ओपनिंग पार्टनर हैं। तीन दोहरे शतक और शानदार टाइमिंग उन्हें मॉडर्न ODI क्रिकेट का लीजेंड बनाते हैं। रोहित लंबे इनिंग्स खेलने में माहिर हैं और बड़े टूर्नामेंटों में उनका रिकॉर्ड गजब का है। उनका संयम और आक्रामकता का मिश्रण टीम को आदर्श शुरुआत देता है।
हालाँकि, उनकी जगह डेविड वॉर्नर या जॉनी बेयरस्टो विकल्प हो सकते थे, लेकिन रोहित की स्थिरता और लगातार प्रदर्शन उन्हें आगे रखता है।
3. विराट कोहली (भारत) – नंबर 3
विराट कोहली आधुनिक युग में वनडे क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज हैं। उनके नाम 14 हजार से ज्यादा रन दर्ज हैं और उनका औसत लगभग 58 का औसत है। मैक्सवेल ने कहा कि, कोहली वो खिलाड़ी हैं जो किसी भी टारगेट को चेज करते समय टीम को जीत दिला सकते हैं।
उनका फोकस, फिटनेस और मैच अवेयरनेस टीम के लिए बेहद अहम रहा हैं। कोहली की उपस्थिति ही बल्लेबाजी लाइनअप में आत्मविश्वास भर देती है। हालाँकि, नंबर 3 पर स्टीव स्मिथ या जो रूट के भी आंकड़े वनडे क्रिकेट में अच्छे हैं, लेकिन कोहली की रन चेज क्षमता उन्हें बाकी सब से ऊपर रखती है।
4. रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) – मिडल ऑर्डर
रिकी पोंटिंग को ‘क्लच परफॉर्मर’ कहना गलत नहीं होगा। उनके 13,704 रन और तीन वर्ल्ड कप खिताब (2 कप्तान के रूप में) यह साबित करते हैं कि वो वनडे क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं।
पोंटिंग की आक्रामक बल्लेबाजी और कप्तानी दोनों उन्हें इस टीम में आवश्यक बनाती हैं। वो बीच के ओवरों में स्ट्राइक रोटेशन और तेज रन रेट दोनों संभाल सकते हैं। हालाँकि, उनकी जगह पर केविन पीटरसन भी एक विकल्प हो सकते थे, लेकिन पोंटिंग का अनुभव और निरंतरता कहीं आगे है।
5. माइकल बेवन (ऑस्ट्रेलिया) – फिनिशर
माइकल बेवन वनडे क्रिकेट के पहले सच्चे ‘फिनिशर’ माने जाते हैं। उनका औसत 53.58 रहा और उन्होंने अपने शांत स्वभाव और सटीक टाइमिंग से अपनी टीम को दर्जनों मैच जिताए।
मैक्सवेल के मुताबिक, बेवन वो खिलाड़ी हैं जो अंत तक टिककर टीम को जीत दिला सकते हैं। आज के जमाने में भले ही जोस बटलर जैसा पावर हिटर हो, लेकिन बेवन का मैच सिचुएशन पढ़ने का कौशल औरों से काफी अलग था।
6. शेन वॉटसन (ऑस्ट्रेलिया) – ऑलराउंडर
वॉटसन वह खिलाड़ी हैं जो टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलन देते हैं। उनके 5753 रन और 168 विकेट दिखाते हैं कि वे कितने उपयोगी ऑलराउंडर रहे हैं। मैक्सवेल ने हार्दिक पांड्या, बेन स्टोक्स या एंड्रू फ्लिंटॉफ जैसे विकल्पों को नजरअंदाज करते हुए वॉटसन को चुना, क्योंकि उनके पास अनुभव और निरंतरता दोनों हैं।
वॉटसन की खासियत यह थी कि वे किसी भी पोजीशन पर बल्लेबाजी कर सकते थे और नई गेंद से विकेट भी निकाल सकते थे, जो कि बहुत कम ऑलराउंडर कर पाते हैं।
7. एमएस धोनी (भारत) – विकेटकीपर और कप्तान
मैक्सवेल की टीम में कप्तानी और विकेटकीपिंग दोनों की जिम्मेदारी महेंद्र सिंह धोनी को मिली है। धोनी का करियर 10,773 रन, 50+ औसत और 1000 से ज्यादा डिसमिसल्स के साथ लीजेंडरी रहा है। धोनी न सिर्फ शानदार फिनिशर थे, बल्कि वो गेम को पढ़ने में भी माहिर थे। उनकी शांति और रणनीति किसी भी टीम को सफलता की ओर ले जा सकती है।
हालाँकि, विकेटकीपर बल्लेबाजों में इस समय जोस बटलर अधिक विस्फोटक हैं, लेकिन धोनी का नेतृत्व और फिनिशिंग क्लास उन्हें अलग स्तर पर पहुंचाता है।
8. ब्रेट ली (ऑस्ट्रेलिया) – तेज गेंदबाज
ब्रेट ली की स्पीड और अटैकिंग अप्रोच टीम को शुरुआती ओवरों में बढ़त दिलाती है। उनके 380 विकेट और औसत 23.36 दिखाते हैं कि वे कितने घातक गेंदबाज रहे हैं।
ली की तेज रफ्तार और नई गेंद से स्विंग बल्लेबाजों के लिए हमेशा चुनौती रही है। वो निचले क्रम में उपयोगी रन भी जोड़ सकते हैं। हालाँकि, उनकी जगह पर मिचेल स्टार्क या जेम्स एंडरसन भी अच्छे विकल्प हैं, लेकिन ली की पेस और इंटेंसिटी उन्हें खास बनाती है।
9. अनिल कुंबले (भारत) – स्पिनर
मैक्सवेल ने स्पिनर के रूप में अनिल कुंबले को चुना, जिन्होंने 337 विकेट लेकर भारत को कई जीत दिलाई। कुंबले की सटीक लाइन-लेंथ और लगातार दबाव बनाने की क्षमता उन्हें खास बनाती है।
हालाँकि, वह स्पिनर के रूप में शेन वॉर्न को भी चुन सकते थे, लेकिन वह वनडे में उतने प्रभावशाली नहीं रहे, जितने कुंबले रहे। कुंबले का अनुभव और मानसिक मज़बूती टीम में स्थिरता लाती है।
10. जसप्रीत बुमराह (भारत) – डेथ बॉलर
जसप्रीत बुमराह आधुनिक वनडे क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद डेथ बॉलर हैं। उनके पास हर ओवर में विकेट निकालने और रन रोकने की क्षमता है।
बुमराह की यॉर्कर, स्लोअर वन और सटीक कंट्रोल उन्हें किसी भी टीम की जान बनाती है। मैक्सवेल के अनुसार, बुमराह वो बॉलर हैं जो किसी भी हाल में दबाव झेल सकते हैं।
11. ग्लेन मैक्ग्रा (ऑस्ट्रेलिया) – स्ट्राइक बॉलर
मैक्सवेल की ड्रीम वनडे टीम में ग्लेन मैक्ग्रा बॉलिंग यूनिट के स्तंभ हैं। वह 381 विकेट के साथ वनडे क्रिकेट इतिहास के सबसे सटीक तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं।
मैक्ग्रा की खासियत उनकी लाइन-लेंथ की निरंतरता थी, जो बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाती थी। वह ली, बुमराह और कुंबले के साथ मिलकर वह इस टीम की गेंदबाजी विभाग को एक घातक बॉलिंग कॉम्बिनेशन बनाते हैं।
ग्लेन मैक्सवेल की यह Dream ODI XI अनुभव, स्थिरता और मैच विनिंग क्षमता का मिश्रण है। सचिन और रोहित की जोड़ी शीर्ष क्रम में मजबूती देती है, जबकि कोहली और पोंटिंग बीच में क्लास जोड़ते हैं। बेवन और धोनी फिनिशिंग की जिम्मेदारी संभालते हैं और ऑलराउंडर वॉटसन टीम को बैलेंस देते हैं। ली, बुमराह, कुंबले और मैक्ग्रा की गेंदबाजी किसी भी विपक्ष को ध्वस्त कर सकती है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







