Tuesday, June 16

पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज किया और अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ा।

आईपीएल (IPL) में रन चेज करना हमेशा से आसान नहीं रहा है। पहले 180 का लक्ष्य भी बड़ा माना जाता था, लेकिन अब क्रिकेट का अंदाज बदल चुका है। टी20 फॉर्मेट में बल्लेबाज ज्यादा आक्रामक हो गए हैं और पॉवरहिटिंग के चलते 200 से ज्यादा रन का पीछा करना भी अब सामान्य बात बनती जा रही है। हाल ही में पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 265 रनों का टारगेट चेज किया, जो अब आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज बन चुका है।

इसके अलावा, पिछले कुछ सीजन में कई ऐसे मुकाबले देखने को मिले हैं, जहां टीमों ने बिना किसी दबाव के बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया। इन मैचों में सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि गेम अवेयरनेस, स्ट्राइक रोटेशन और डेथ ओवरों की प्लानिंग भी अहम भूमिका निभाती है। इस लिस्ट में हम आपको IPL इतिहास के सबसे बड़े सफल रन चेज के बारे में बता रहे हैं।

ये हैं IPL इतिहास के सबसे बड़े सफल रन चेज

1. 265/4 (टारगेट: 265) – पंजाब किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, 2026

आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ा रन चेज करने का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम दर्ज है, जो टी20 क्रिकेट इतिहास का भी सबसे बड़ा रन चेज है। उन्होंने 2026 में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स द्वारा दिए गए 265 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.5 ओवरों में 265/4 बनाकर 6 विकेट से ऐतिहासिक जीत हासिल की। इसी के साथ उन्होंने आईपीएल में सबसे बड़े सफल रन चेज के मामले में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा।

इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 264/2 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। केएल राहुल ने 67 गेंदों पर 152* रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 16 चौके और 9 छक्के शामिल थे। उनके साथ नितीश राणा ने 44 गेंदों पर 91 रन बनाकर दूसरे विकेट के लिए 220 रनों की बड़ी साझेदारी की, जिससे टीम एक मजबूत स्थिति में पहुंच गई।

हालांकि, इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। प्रियांश आर्य ने 17 गेंदों पर 43 रन बनाए, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने सिर्फ 26 गेंदों पर 76 रनों की तूफानी पारी खेली और पॉवरप्ले में ही मैच का रुख बदल दिया।

इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों पर 71* रन बनाकर पारी को संभाला और अंत तक टिके रहे। उनके साथ शशांक सिंह ने 10 गेंदों पर 19* रन बनाकर मैच फिनिश किया। पंजाब की टीम ने यह विशाल लक्ष्य 7 गेंदें बाकी रहते हासिल कर लिया, जो आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज बन गया।

2. 262/2 (टारगेट: 262) – पंजाब किंग्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, 2024

आईपीएल इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा रन चेज करने का रिकॉर्ड भी पंजाब किंग्स के नाम ही दर्ज है। उन्होंने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स में 262 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 18.4 ओवरों में 262/2 बनाकर 8 विकेट से जीत हासिल की थी, जो उस समय आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज था।

इस मुकाबले में पंजाब की शुरुआत ही तूफानी रही, जहां प्रभसिमरन सिंह ने सिर्फ 20 गेंदों पर 54 रन बनाकर मैच का टोन सेट कर दिया। इसके बाद जॉनी बेयरस्टो ने 48 गेंदों पर 108* रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। उनके साथ शशांक सिंह ने भी 28 गेंदों पर 68* रन ठोक दिए और अंत तक मैच को एकतरफा बना दिया।

दिलचस्प बात यह रही कि कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 261/6 का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जहां फिल सॉल्ट और सुनील नरेन ने तेजी से रन बनाए थे, लेकिन इसके बावजूद पंजाब ने इस टारगेट को बेहद आसान बना दिया। यह मुकाबला पूरी तरह बल्लेबाजों के नाम रहा और आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज यहीं दर्ज हुआ।

3. 247/2 (टारगेट: 246) – सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्स, 2025

आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज सनराइजर्स हैदराबाद के नाम दर्ज है। उन्होंने 2025 में हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में पंजाब किंग्स द्वारा दिए गए 246 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 18.3 ओवरों में 247/2 बनाकर 8 विकेट से शानदार जीत हासिल की थी।

इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने ऐसी पारी खेली, जिसने मैच का पूरा रुख बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 55 गेंदों पर 141 रन ठोक दिए, जिसमें 14 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। शुरुआत में ट्रैविस हेड ने भी 37 गेंदों पर 66 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दी और दोनों के बीच बड़ी साझेदारी ने मैच को एकतरफा बना दिया।

पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 245/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था, जहां श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों पर 82 रन बनाए और मार्कस स्टोइनिस ने अंत में तेजी से रन जोड़े। लेकिन इसके बावजूद हैदराबाद की बल्लेबाजी के सामने यह स्कोर छोटा साबित हुआ। खास बात यह रही कि सनराइजर्स ने यह लक्ष्य 9 गेंदें बाकी रहते हासिल कर लिया, जो इस मैच की एकतरफा कहानी को साफ दिखाता है।

4. 229/5 (टारगेट: 229) – सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स, 2026*

सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में एक हाई स्कोरिंग थ्रिलर देखने को मिला, जहां सनराइजर्स हैदराबाद ने 229 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.3 ओवरों में 229/5 बनाकर 5 विकेट से शानदार जीत हासिल की।

इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 228/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 37 गेंदों पर 103 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 12 छक्के शामिल थे। उनके अलावा ध्रुव जुरेल ने 35 गेंदों पर 51 रन बनाए, जबकि डोनोवन फरेरा ने 16 गेंदों पर 33 रन की तेज पारी खेलकर टीम को 220 के पार पहुंचाया।

हालांकि, इसके जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत तेज रही, लेकिन ट्रैविस हेड जल्दी आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। अभिषेक ने 29 गेंदों पर 57 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने सिर्फ 31 गेंदों पर 74 रन की विस्फोटक पारी खेली।

मिडिल ऑर्डर में हेनरिक क्लासेन ने 24 गेंदों पर 29 रन का योगदान दिया, वहीं नितीश कुमार रेड्डी ने 18 गेंदों पर 36 रन बनाकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। अंत में सलिल अरोड़ा ने 3 गेंदों पर 8 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई और सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मुकाबले को 18.3 ओवर में ही खत्म कर दिया।

इस तरह यह मैच आईपीएल इतिहास के सबसे तेज और रोमांचक रन चेज में से एक बन गया, जहां 229 जैसे बड़े स्कोर को भी सनराइजर्स हैदराबाद ने आसानी से हासिल कर लिया।

5. 230/4 (टारगेट: 228) – रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, 2025

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 2025 में लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स द्वारा दिए गए 228 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.4 ओवरों में 230/4 बनाकर 6 विकेट से जीत हासिल की थी।

इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 227/3 का मजबूत स्कोर खड़ा किया था, जहां ऋषभ पंत ने 61 गेंदों पर 118* रनों की शानदार पारी खेली और मिचेल मार्श ने 37 गेंदों पर 67 रन बनाए। दोनों के बीच बड़ी साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

हालांकि, इसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की बल्लेबाजी ने मैच पूरी तरह पलट दिया। विराट कोहली ने 30 गेंदों पर 54 रन बनाकर अच्छी शुरुआत दी, लेकिन असली फर्क जीतने वाली साझेदारी ने बनाया। जितेश शर्मा ने 33 गेंदों पर 85* रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि मयंक अग्रवाल ने 23 गेंदों पर 41* रन बनाकर उनका पूरा साथ दिया।

दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए तेज साझेदारी हुई, जिसने मैच को पूरी तरह RCB के पक्ष में कर दिया। टीम ने यह बड़ा लक्ष्य 8 गेंदें बाकी रहते हासिल कर लिया, जो इस बात को दिखाता है कि यह चेज कितना शानदार और कंट्रोल में था।

 

6. 226/6 (टारगेट: 224) – राजस्थान रॉयल्स बनाम किंग्स XI पंजाब (अब पंजाब किंग्स), 2020

राजस्थान रॉयल्स ने 2020 में शारजाह के मैदान पर किंग्स XI पंजाब (अब पंजाब किंग्स) द्वारा दिए गए 224 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.3 ओवरों में 226/6 बनाकर 4 विकेट से रोमांचक जीत हासिल की थी।

इस मुकाबले में किंग्स XI पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 223/2 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। टीम के लिए मयंक अग्रवाल ने 50 गेंदों पर 106 रन की शानदार पारी खेली, जबकि केएल राहुल ने 54 गेंदों पर 69 रन बनाए। अंत में निकोलस पूरन ने 8 गेंदों पर 25 रन बनाकर स्कोर को 220 के पार पहुंचाया।

हालांकि, इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन स्टीव स्मिथ ने 27 गेंदों पर 50 और संजू सैमसन ने 42 गेंदों पर 85 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा।

इसके बाद राहुल तेवतिया ने 31 गेंदों पर 53 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, जिसमें उन्होंने शेल्डन कॉट्रेल के एक ओवर में लगातार 5 छक्के लगाकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। अंत में जोफ्रा आर्चर ने 3 गेंदों पर 13 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई और राजस्थान ने आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े रन चेज में से एक को अपने नाम कर लिया।

7. 224/8 (टारगेट: 224) – राजस्थान रॉयल्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, 2024

राजस्थान रॉयल्स ने 2024 में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा दिए गए 224 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवरों में 224/8 बनाकर आखिरी गेंद पर 2 विकेट से जीत हासिल की थी।

इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 223/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। टीम के लिए सुनील नरेन ने 56 गेंदों पर 109 रन की धमाकेदार पारी खेली, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 30 और रिंकू सिंह ने 20 रन का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत तेज रही, लेकिन बीच के ओवरों में टीम ने लगातार विकेट गंवाए और मैच पूरी तरह फंस गया। इसके बाद जोस बटलर ने 60 गेंदों पर 107 रन की शानदार पारी खेलते हुए टीम को मैच में बनाए रखा।

अंतिम ओवरों में रोवमैन पॉवेल ने 13 गेंदों पर 26 रन की तेज पारी खेलकर मैच को आखिरी गेंद तक पहुंचाया। आखिरकार राजस्थान ने आखिरी गेंद पर जरूरी रन बनाकर यह मुकाबला जीत लिया और आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े और रोमांचक रन चेज में अपना नाम दर्ज करा दिया।

(Note: यहां दिए गए सभी आंकड़े आईपीएल 2026 में 25 अप्रैल को खेले गए राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मुकाबले के समाप्त होने तक अपडेटेड हैं।)

आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version