भारत औरबांग्लादेश के बीच 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला (IND vs BAN 1st Test) चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने अपने टेस्ट करियर का छठा शतक लगाया। इसी के साथ उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली।

सबसे पहले मैच के बारे में अधिक बात करें तो, मेजबान भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने 144 के स्कोर पर 6 विकेट गँवा दिए थे। हालाँकि, इसके बाद रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन ने सातवें विकेट के लिए 195 रनों की नाबाद साझेदारी करके पहले दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी टीम का स्कोर 339/6 तक पहुंचाया।
भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने सबसे ज्यादा 112 गेंदों पर 102* रन, रविंद्र जडेजा ने 117 गेंदों पर 86* रन और सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 118 गेंदों पर 54 रन बनाए। हालाँकि, अश्विन ने इस मैच में अर्धशतक जड़ते ही टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया।
IND vs BAN 1st Test: टेस्ट क्रिकेट में 8वें या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने रविचंद्रन अश्विन

भारत के अनुभवी आलराउंडर रविचंद्रन अश्विन इस मुकाबले में आठवें स्थान पर बल्लेबाजी करने उतरे और शानदार शतक लगाया। उन्होंने आठवें या उससे निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए अपना चौथा टेस्ट शतक लगाया। इसी के साथ वह टेस्ट क्रिकेट में आठवें या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर आ गए हैं।
इस मामले में पहले स्थान पर न्यूजीलैंड के पूर्व बॉलिंग आलराउंडर डेनियल विटोरी 5 शतकों के साथ पहले स्थान पर हैं। इसके अलावा, पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल और वेस्ट इंडीज के आलराउंडर जेसन होल्डर 3-3 शतकों के साथ इस सूची में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं।
ऐसा रहा है टेस्ट क्रिकेट में Ravichandran Ashwin का अब तक का बैटिंग करियर

यदि अश्विन के टेस्ट करियर पर नजर डालें तो, उन्होंने 2011 से लेकर अब तक 101 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, जिसकी 142 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 6 शतकों और 14 अर्धशतकों की मदद से 3411 रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनकी सबसे बड़ी पारी 124 रनों की रही है।







