भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज Virat Kohli इंग्लैंड के खिलाफ नागपुर में खेले जा रहे पहले वनडे से बाहर हो गए हैं। टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस के दौरान इसकी जानकारी दी।
विराट कोहली की जगह टीम में युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को शामिल किया गया, जो इस मुकाबले से वनडे क्रिकेट में अपना डेब्यू कर रहे हैं। उनके साथ तेज गेंदबाज हर्षित राणा को भी प्लेइंग इलेवन में जगह मिली, जो भी अपना पहला वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे हैं।
इस वजह से पहले वनडे से बाहर हुए विराट कोहली

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस के बाद बताया कि, विराट कोहली को बुधवार की शाम ट्रेनिंग के दौरान दाएँ घुटने में चोट लग गई थी, जिसके चलते वे इस मैच में नहीं खेल पाएंगे।
रोहित ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। हम शुरुआत में आक्रामक होकर खेलना चाहते हैं और देखना चाहते हैं कि उसके बाद हम क्या कर सकते हैं। यह सीरीज हमें अच्छा खेलने का नया मौका देती है। जायसवाल और राणा ने अपना डेब्यू किया, दुर्भाग्य से कोहली नहीं खेल रहे हैं, कल रात उनके दाहिने घुटने में समस्या हो गई थी।”
गौरतलब हो कि, हाल के महीनों में कोहली की फॉर्म चर्चा का विषय रही है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वे संघर्ष करते नजर आए, जहाँ लगभग हर बार वे विकेटकीपर द्वारा या स्लिप में कैच आउट हुए। इसके बाद उन्होंने भारतीय टीम और आरसीबी के पूर्व बैटिंग कोच संजय बांगड़ के साथ स्पेशल ट्रेनिंग भी की।
कोहली ने अपनी तकनीक सुधारने के लिए रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के लिए भी एक मैच खेला, जो 2012 के बाद इस टूर्नामेंट में उनकी पहली उपस्थिति थी। हालाँकि, उस मैच में भी वे केवल 6 रन बनाकर बोल्ड हो गए थे।
IND vs ENG 1st ODI: रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी करेगी पारी की शुरुआत

बीसीसीआई द्वारा जारी टीम शीट के अनुसार, यशस्वी जायसवाल कप्तान रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। अगर कोहली फिट होते, तो शुभमन गिल ओपनिंग करते, लेकिन अब उन्हें नंबर 4 पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जाएगा। हालाँकि, फाइनल बैटिंग ऑर्डर मैदान पर स्थिति के अनुसार तय होगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच यह तीन मैचों की वनडे सीरीज चैंपियंस ट्रॉफी से पहले टीम इंडिया की आखिरी वनडे सीरीज है। भारतीय टीम ने पिछला वनडे अगस्त 2024 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था, जिसमें वे 2-0 से सीरीज हार गए थे, जबकि एक मैच टाई रहा था। इसके बाद से भारतीय टीम ने 50 ओवर क्रिकेट में कोई मुकाबला नहीं खेला था।
वनडे क्रिकेट में इतिहास रचने से मात्र 94 रन दूर हैं विराट कोहली

भले ही विराट कोहली के हालिया फॉर्म को लेकर सवाल उठ रहे हों, लेकिन वनडे क्रिकेट हमेशा से उनका पसंदीदा फॉर्मेट रहा है। वे इस फॉर्मेट में 14,000 रनों के आंकड़े से सिर्फ 94 रन दूर हैं।
अगर वे इस आंकड़े को छू लेते हैं, तो सचिन तेंदुलकर और कुमार संगकारा के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। खास बात यह होगी कि, वे सबसे तेज इस मुकाम तक पहुँचने वाले बल्लेबाज भी बन जाएंगे।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरें पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







