IND vs ZIM 1st T20I Match Report
भारत और जिम्बाब्वे के बीच 5 मैचों की T20I सीरीज का पहला मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया, जिसमें मेजबान टीम को 13 रनों से जीत हासिल हुई। इस लो-स्कोरिंग मुकाबले में जिम्बाब्वे ने T20I क्रिकेट इतिहास में भारत के खिलाफ अपना सबसे न्यूनतम टोटल (115) डिफेंड किया है। हालांकि, जिम्बाब्वे की जीत के बाद उनके कप्तान सिकंदर रजा (Sikandar Raza) को 19 गेंदों पर 17 रन और 4 ओवरों में 3/25 के शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाया था 115/9 का स्कोर

मैच के बारे में अधिक बात करें तो, भारतीय कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और मेजबान जिम्बाब्वे को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 9 विकेट खोकर 115 रन बनाए और भारत के सामने 116 रनों का लक्ष्य रखा।
जिम्बाब्वे की ओर से क्लाइव माडण्डे ने सबसे ज्यादा 25 गेंदों पर 29* रन बनाए। उनके अलावा, डायोन मेयर्स ने 22 गेंदों पर 23 रन, वेस्ली मधेवरे ने 22 गेंदों पर 21 रन और कप्तान सिकंदर रजा ने 19 गेंदों पर 17 रन बनाए।
रवि बिश्नोई ने इस मैच में की सबसे अच्छी गेंदबाजी

भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई ने इस मैच में सबसे अच्छी गेंदबाजी की और 4 ओवरों में मात्र 13 रन खर्च करते हुए 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा, वाशिंगटन सुंदर ने 4 ओवरों में 11 रन खर्च करते हुए 2 विकेट, मुकेश कुमार ने 3 ओवरों में 17 रन खर्च करते हुए 1 विकेट और आवेश खान ने 4 ओवरों में 29 रन खर्च करते हुए 1 विकेट हासिल किए।
भारतीय टीम को 13 रनों से मिली हार

116 रनों के मामूली से लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। इसके अलावा, नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के चलते वह 19.5 ओवरों में 102 रनों पर ऑलआउट हो गई, जिसके चलते उन्हें 13 रनों से हार झेलनी पड़ी। इस मैच में युवा भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद ही खराब रहा। कप्तान गिल के अलावा, कोई भी बल्लेबाज 16 से ज्यादा रन नहीं बना सका।
अपना डेब्यू मैच खेल रहे सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (4 गेंदों पर 0 रन) बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। उनके आउट होने के कुछ देर बाद ऋतुराज गायकवाड़ (9 गेंदों पर 7 रन) भी कुछ कमाल नहीं दिखा सके। उनके अलावा, डेब्यूटेंट रियान पराग (2 गेंदों पर 3 रन) और ध्रुव जुरेल (14 गेंदों पर 6 रन) भी इस मैच में कुछ कमाल नहीं दिखा सके और सस्ते में ही विकेट गँवा बैठे।
लंबे समय बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे रिंकू सिंह भी इस मैच में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, जबकि कप्तान शुभमन गिल में 29 गेंदों पर 31 रन बनाए। उनके अलावा, रवि बिश्नोई ने 8 गेंदों पर 9 रन, आवेश खान ने 12 गेंदों पर 16 रन, मुकेश कुमार ने 3 गेंदों पर 0 रन, वाशिंगटन सुंदर ने 34 गेंदों पर 27 रन बनाए, जबकि खलील 1 गेंद पर 0 रन बनाकर नाबाद रहे।
जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने किया कमाल का प्रदर्शन
जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने इस मैच में कमाल का प्रदर्शन किया और मात्र 115 रनों का लो-स्कोरिंग टोटल डिफेंड कर लिया। उनकी ओर से कप्तान सिकंदर रजा (Sikandar Raza) ने 4 ओवरों में 25 रन देते हुए सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा, टेंडाई चतारा के खाते में भी 3 विकेट रहे, जबकि ब्रायन बेनेट, वेलिंगटन मस्काद्जा, ब्लेसिंग मुजाराबानी और ल्यूक जॉन्गवे के खाते में 1-1 विकेट रहे।
IND vs ZIM 1st T20I Match Report







