India Squad For Zimbabwe Tour 2024
सोमवार (24 जून) को बीसीसीआई ने ज़िम्बाब्वे दौरे के लिए भारत की 15-सदस्यीय टीम घोषित कर दी है, जिसकी कमान शुभमन गिल के हाथों में है। उन्हें पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी करने का मौका मिला है। इतना ही नहीं, इस टीम में आईपीएल 2024 में तहलका मचाने वाले 5 खिलाड़ियों को पहली बार टीम में जगह मिली है।

गौरतलब हो कि, शुभमन गिल को टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए मुख्य टीम में जगह नहीं दी गई थी और उन्हें ट्रैवलिंग रिजर्व के रूप में रखा गया था। इतना ही नहीं, उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर खेली गई टी20 सीरीज में भी पहले मैच के बाद बाहर कर दिया गया रहा। हालांकि, अब उन्होंने सीधे कप्तान के रुप में भारतीय टी20 टीम में वापसी कर ली है।
आईपीएल 2024 में तहलका मचाने वाले 5 खिलाड़ियों को पहली बार मिला भारतीय टी20 टीम में मौका

आईपीएल 2024 में कई भारतीय खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उम्मीद के अनुरूप अब उन्हें ज़िम्बाब्वे दौरे के लिए पहली बार भारतीय टी20 टीम में भी जगह मिल गई है। वह पहली बार नीली जर्सी में भारत के लिए खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
इस साल आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, राजस्थान रॉयल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल, सनराइजर्स हैदराबाद के आलराउंडर नीतिश रेड्डी, राजस्थान रॉयल्स के आलराउंडर रियान पराग और चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने तहलका मचाया था। अब उन्हें पहली बार भारतीय टी20 टीम में जगह दी गई है।
कई खिलाड़ियों को मिला भारतीय टी20 टीम में वापसी करने का मौका

ज़िम्बाब्वे दौरे के लिए कई खिलाड़ियों को भारतीय टी20 टीम में वापसी करने का भी मौका मिला है। सबसे बड़ी वापसी शुभमन गिल की हुई है, जो इस दौरे के लिए सीधे भारत के कप्तान बनाए गए हैं। इसके अलावा, रिंकू सिंह, खलील अहमद, ऋतुराज गायकवाड़, रवि बिश्नोई, आवेश खान और मुकेश कुमार जैसे खिलाड़ियों की भी वापसी हुई है।

टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम में शामिल यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन को भी ज़िम्बाब्वे दौरे के लिए घोषित भारतीय टी20 टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, यह देखना बेहद दिलचस्प रहेगा कि युवा कप्तान शुभमन गिल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कप्तानी में कैसी सफलता हासिल करते हैं।
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारत की स्क्वाड:
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नीतिश रेड्डी, रियान पराग, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, आवेश खान, खलील अहमद, मुकेश कुमार, तुषार देशपांडे।
India Squad For Zimbabwe Tour 2024







