IND vs AUS, T20 World Cup 2024 – Rohit Sharma Records
सेंट लूसिया में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर-8 के मुकाबले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मात्र 19 गेंदों पर अर्धशतक जड़ते हुए 41 गेंदों पर 92 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। यह टी20 वर्ल्ड कप 2024 का सबसे तेज अर्धशतक भी है। इसके अलावा, उन्होंने इस मैच में 8 बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए हैं।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मुकाबले के बारे में अधिक बात करें तो, ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने विराट कोहली (0) का विकेट गिरने के बाद शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 205/5 का स्कोर बनाया। इस दौरान रोहित शर्मा 41 गेंदों पर 7 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 92 रन बनाकर ऑउट हुए।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया: रोहित शर्मा ने जड़ा टी20 वर्ल्ड कप 2024 का सबसे तेज अर्धशतक

रोहित शर्मा ने इस मैच में 19 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा, जो टी20 वर्ल्ड कप 2024 का सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने इस मामले में यूएसए के आरोन जोन्स और दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक को पीछे छोड़ दिया। जोन्स ने कनाडा के खिलाफ और डी कॉक ने इंग्लैंड के खिलाफ 22 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था।
T20 World Cup 2024: IND vs AUS मैच में ताबड़तोड़ पारी खेलकर Rohit Sharma तोड़े ये 8 बड़े रिकॉर्ड्स
1. T20I क्रिकेट में 200 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने जैसे ही इस मैच में अपना चौथा छक्का लगाया, वैसे ही उन्होंने T20I क्रिकेट में 200 छक्के पूरे कर लिए। इसी के साथ रोहित इस फॉर्मेट में यह उपलब्धि हासिल करने वाले इकलौते बल्लेबाज बन चुके हैं।
2. किसी एक टीम के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के

रोहित शर्मा ने इस मैच में जैसे ही अपना सातवां छक्का लगाया, वैसे ही उन्होंने किसी एक टीम के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ 130 छक्के लगाए हैं, जबकि रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 132 छक्के लगा लिए हैं।
3. टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के
रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए इस मैच में 8 छक्के लगाए। इसी के साथ, वह किसी एक टी20 वर्ल्ड कप मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ डरबन में 7 छक्के लगाए थे।
4. टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय

हिटमैन रोहित शर्मा ने सेंट लूसिया में खेले जा रहे मैच में 19 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। इसी के साथ वह टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर आ गए हैं। इस मामले में पहले स्थान पर युवराज सिंह (12 गेंदों पर) और दूसरे स्थान पर केएल राहुल (18 गेंदों पर) का नाम आता है।
5. T20I क्रिकेट में मिशेल स्टार्क के खिलाफ एक ओवर में सबसे ज्यादा रन
मिशेल स्टार्क ने इस मैच में अपने T20I करियर का सबसे महंगा ओवर फेंका। उन्होंने अपने दूसरे ओवर में 29 रन खर्च किए। रोहित ने इस ओवर में बल्ले से 28 रन बनाए और स्टार्क के खिलाफ एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले स्टार्क का T20I क्रिकेट में सबसे महंगा ओवर 22 रनों का था, जो उन्होंने 2021 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ फेंका था।
6. टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए दूसरी सबसे बड़ी पारी

रोहित शर्मा ने इस मैच में 92 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जो टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए दूसरी सबसे बड़ी पारी है। इस मामले में पहले स्थान पर सुरेश रैना का नाम आता है, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 101 रनों की पारी खेली थी।
7. टी20 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान दूसरी सबसे बड़ी पारी
रोहित शर्मा की 92 रनों की पारी टी20 वर्ल्ड कप में किसी भी कप्तान द्वारा खेली गई दूसरी सबसे बड़ी पारी है। इस मामले में पहले स्थान पर क्रिस गेल का नाम आता है, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2010 में भारत के खिलाफ बारबाडोस के ब्रिजटाउन में 98 रनों की पारी खेली थी।
8. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 19 हजार रन
रोहित शर्मा ने इस मैच में जैसे ही 81 रन बनाए वैसे ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 19 हजार रन पूरे कर लिए। रोहित यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के 15वें और भारत के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। भारत की ओर से यह उपलब्धि हासिल करने वाले बल्लेबाजों में सचिन तेंदुलकर (34,357 रन), विराट कोहली (26,799 रन) और राहुल द्रविड़ (24,208 रन) का नाम शामिल है।







