Tuesday, February 17

भारतीय टेस्ट क्रिकेट में एक नया युग शुरू होने जा रहा है। रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब टीम इंडिया एक नए कप्तान के साथ इंग्लैंड के कठिन दौरे पर उतरने जा रही है। पांच मैचों की इस अहम टेस्ट सीरीज़ के लिए बीसीसीआई ने 18 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है, जिसमें कई चौंकाने वाले नाम शामिल हैं और कुछ पुराने चेहरों की वापसी भी हुई है।

शुभमन गिल को टेस्ट कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत को उपकप्तान बनाया गया है। इस नए संयोजन के साथ टीम इंडिया इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज़ के ज़रिए आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नए साइकिल की शुरुआत करेगी।

नई शुरुआत की उम्मीद

भारत की यह टेस्ट टीम पूरी तरह से नए चेहरे और सोच के साथ तैयार हुई है। शुभमन गिल के रूप में एक युवा कप्तान, और उनके साथ कई ऐसे खिलाड़ी जो खुद को साबित करने के लिए बेकरार हैं। यह टीम एक नई दिशा में आगे बढ़ती दिख रही है, जिसमें युवा जोश, अनुभव और विविधता का अच्छा मिश्रण मौजूद है।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इंग्लैंड की कठिन परिस्थितियों में यह टीम कैसा प्रदर्शन करती है। पांच टेस्ट की यह सीरीज़ सिर्फ अंक तालिका के लिए नहीं, बल्कि भारतीय टेस्ट क्रिकेट के भविष्य की दिशा तय करने वाली साबित हो सकती है।

ये हैं इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित भारतीय टेस्ट टीम से जुड़ी अहम बातें

1. लंबे समय बाद टीम में लौटे करुण नायर

इस बार की टीम में सबसे ज़्यादा चर्चा करुण नायर की वापसी को लेकर हो रही है। करुण ने भारत के लिए आखिरी टेस्ट 2017 में खेला था, लेकिन उन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर फिर से जगह बनाई है। करुण नायर वही खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपने तीसरे ही टेस्ट में तिहरा शतक जड़ा था और अब विराट कोहली की गैरमौजूदगी में मिडल ऑर्डर को मजबूती देने के लिए एक अनुभवी विकल्प के तौर पर देखे जा रहे हैं।

चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने कहा कि, “करुण ने घरेलू क्रिकेट में खूब रन बनाए हैं। उनके पास टेस्ट और काउंटी क्रिकेट का अनुभव है। विराट की अनुपस्थिति में हमें मिडल ऑर्डर में अनुभव की ज़रूरत थी और करुण इस ज़िम्मेदारी को निभा सकते हैं।”

2. बुमराह का पाँच मैच खेलना मुश्किल

टीम के स्टार तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह फिट होकर टीम में लौटे हैं, लेकिन चयनकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि वे पूरे पांच टेस्ट नहीं खेल पाएंगे। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगी चोट के बाद बुमराह ने हाल ही में वापसी की है और अब टीम प्रबंधन को उनकी फिटनेस और वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए फैसला लेना होगा।

आगरकर ने बताया, “हमें नहीं लगता कि वह सभी पांच टेस्ट खेलेंगे। डॉक्टर और फिजियो से हमें यही जानकारी मिली है कि वह शायद तीन या चार टेस्ट के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। लेकिन हम खुश हैं कि वह फिट हैं और सीरीज़ के अहम हिस्सों में हमारे लिए उपलब्ध रहेंगे।”

3. टीम को अर्शदीप सिंह के रूप में मिला एक नया वैरायटी बॉलर

टीम इंडिया की गेंदबाज़ी में इस बार एक नया और दिलचस्प नाम जुड़ा है और वह नाम अर्शदीप सिंह का है। बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप ने अब तक भारत के लिए टेस्ट नहीं खेला है, लेकिन लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में उनकी काबिलियत सबने देखी है। उन्होंने काउंटी क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है और चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड की परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें मौका दिया है।

अजीत अगरकर ने कहा, “अर्शदीप एक ऊंचे कद का गेंदबाज़ है, जो नई गेंद से अच्छी स्विंग करा सकता है। उन्होंने रेड-बॉल क्रिकेट में भी अच्छा प्रदर्शन किया है और इंग्लैंड में बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ की भूमिका अहम हो सकती है।”

4. ऑलराउंडरों की चौकड़ी बनी टीम की ताकत

बीसीसीआई ने इस बार भी चार ऑलराउंडरों पर भरोसा जताया है, जो टीम कॉम्बिनेशन में फ्लेक्सिबिलिटी लाने में मदद करेंगे। दो स्पिन और दो तेज़ गेंदबाज़ी ऑलराउंडर के रूप में टीम के पास विकल्प मौजूद हैं।

रविंद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर स्पिन ऑलराउंडर के तौर पर टीम में शामिल हैं। जडेजा तो लंबे समय से इस भूमिका को निभा रहे हैं, जबकि सुंदर को उनकी विदेशी पिचों पर बेहतरीन गेंदबाज़ी और उपयोगी बल्लेबाज़ी के लिए जगह दी गई है।

तेज़ गेंदबाज़ी ऑलराउंडर के तौर पर शार्दुल ठाकुर की वापसी हुई है। उन्होंने अपनी बैटिंग और बॉलिंग से टेस्ट में कई बार टीम को संभाला है। उनके साथ युवा बल्लेबाज़ और ऑलराउंडर नीतिश कुमार रेड्डी को भी मौका मिला है, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने पहले टेस्ट दौरे में प्रभावित किया था।

अगरकर ने कहा, “शार्दुल एक बॉलिंग ऑलराउंडर हैं और टीम बैलेंस के लिहाज़ से वह अहम हो सकते हैं। वहीं नीतिश फिलहाल बैटिंग ऑलराउंडर के तौर पर टीम में हैं और उम्मीद है कि आने वाले समय में उनकी गेंदबाज़ी भी मैच जिताऊ बनेगी।”

5. नंबर चार पर खेलने के लिए कई विकल्प

विराट कोहली के जाने के बाद टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा सवाल है कि नंबर चार पर कौन खेलेगा? इस बारे में चयनकर्ताओं ने टीम मैनेजमेंट को फैसला लेने की छूट दी है। कप्तान शुभमन गिल और टीम निदेशक गौतम गंभीर इंग्लैंड पहुंचकर इस पर आखिरी फैसला लेंगे।

इस स्थान के लिए करुण नायर सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं, लेकिन शुभमन गिल खुद भी इस पोजिशन पर उतर सकते हैं। वहीं, ऋषभ पंत को भी इस रोल में इस्तेमाल किया जा सकता है, क्योंकि वह मिडिल ऑर्डर में आक्रामक बल्लेबाज़ी करके मैच का रुख बदल सकते हैं।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version