IND vs SL Test Series 2026: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज अगस्त के दूसरे सप्ताह में खेली जाएगी। हालांकि, मुकाबलों की फाइनल तारीखों का अभी ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने इसके लिए दो हफ्तों का विंडो तय कर लिया है। यह सीरीज मौजूदा ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI और श्रीलंका क्रिकेट के सूत्रों ने बताया है कि सीरीज 15 से 27 अगस्त के बीच आयोजित की जा सकती है।
लंका प्रीमियर लीग के बाद शुरू होगी IND vs SL टेस्ट सीरीज
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, BCCI औरश्रीलंका क्रिकेट टीम के सूत्रों ने बताया है कि दोनों टेस्ट मैच लंका प्रीमियर लीग खत्म होने के बाद खेले जाएंगे। LPL का फाइनल 9 अगस्त को होना है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि तय विंडो की जानकारी सीरीज से जुड़े सभी पक्षों, जिसमें भारतीय टीम भी शामिल है, के साथ साझा कर दी गई है।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने श्रीलंका दौरे को लेकर क्या कहा
BCCI के सचिव देवजीत सैकिया इस समय ICC के डेलीगेशन के साथ श्रीलंका दौरे पर हैं। इस दौरे का मकसद श्रीलंका क्रिकेट की मौजूदा स्थिति का आकलन करना है। हाल ही में राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके की सरकार ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को भंग कर दिया था। इसके बाद सरकार ने एक अंतरिम संस्था ‘श्रीलंका क्रिकेट ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी’ का गठन किया है।
6 जून से शुरू होगा टीम इंडिया का इंटरनेशनल सीजन
भारतीय टीम 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में होने वाले एक टेस्ट मैच के साथ अपने इंटरनेशनल मुकाबलों की शुरुआत करेगी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी। फिर टीम इंडिया इसके बाद आयरलैंड, इंग्लैंड और ज़िम्बाब्वे का दौरा करेगी, जिसके बाद टीम श्रीलंका रवाना होगी।







