आईपीएल 2026 के 19वें सीजन के आगाज़ से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। टीम के दो तेज गेंदबाज हर्षित राणा और आकाश दीप चोट की वजह से पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। ऐसे में KKR ने आकाश दीप की जगह सौरभ दुबे को टीम में शामिल किया है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, 28 साल के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे को इस मौके पर टीम में जगह दी गई है। वह घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलते हैं इसके साथ पहले सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन अभी तक IPL में उन्हें डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है।
सुब्रोतो बनर्जी ने सौरभ दुबे के टीम शामिल होने पर क्या कहा
दुबे को टीम में शामिल किए जाने पर गेंदबाजी कोच सुब्रोतो बनर्जी ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि वह एक प्रतिभाशाली गेंदबाज हैं और गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की काबिलियत रखते हैं। उन्होंने 2019 ACC इमर्जिंग टीम्स एशिया कप का जिक्र करते हुए बताया कि तब दुबे राहुल द्रविड़ की देखरेख में बांग्लादेश दौरे पर गए थे। बनर्जी का मानना है कि KKR मैनेजमेंट ने सही फैसला लिया है, क्योंकि उन्होंने खुद दुबे के खेल को करीब से देखा है।
हालांकि, KKR ने अभी तक हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट पर कोई फैसला नहीं लिया है। टीम अभी भी सही विकल्प की तलाश में है और इसी वजह से किसी खिलाड़ी को फाइनल नहीं किया गया है।
IPL ऑक्शन में अनसोल्ड रहे सौरभ दुबे
दिलचस्प बात यह है कि सौरभ दुबे पिछले दिसंबर में हुए मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रह गए थे। उनकी बेस प्राइस 30 लाख रुपये थी और वह RAPP लिस्ट में शामिल थे, जो रिप्लेसमेंट के लिए जरूरी होता है। इससे पहले 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें साइन किया था, लेकिन चोट के चलते वह उस सीजन में भी डेब्यू नहीं कर पाए थे। अब तक वह 8 लिस्ट-ए और 3 टी20 मैच खेल चुके हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







