पंजाब किंग्स ने अर्शदीप सिंह की फिटनेस को लेकर नया बयान जारी कर सभी अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की है।
आईपीएल 2026 में लगातार छह हार झेल चुकी पंजाब किंग्स (PBKS) इस समय दबाव में नजर आ रही है। इसी बीच टीम के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की फिटनेस को लेकर भी लगातार सवाल उठ रहे थे। हालांकि, अब पंजाब किंग्स ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए साफ कर दिया है कि अर्शदीप पूरी तरह फिट हैं और नियमित रूप से टीम के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि यह बयान टीम के स्पोर्ट्स साइंस हेड एंड्रू लीपस के पुराने बयान के बिल्कुल उलट माना जा रहा है। लीपस ने हाल ही में कहा था कि अर्शदीप के शरीर में कुछ फिजिकल रेस्ट्रिक्शंस देखने को मिले थे, जिसकी वजह से उनके प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव आ रहा था।
पंजाब किंग्स ने बयान जारी कर क्या कहा?
पंजाब किंग्स ने अपने बयान में कहा कि अर्शदीप सिंह पूरी तरह फिट हैं और टीम मैनेजमेंट उनके प्रोग्रेस से काफी खुश है। फ्रेंचाइजी ने यह भी कहा कि नेट्स में उनकी लय, ऊर्जा और कमिटमेंट काफी सकारात्मक रही है और वह आगे भी टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।
यह बयान ऐसे समय आया है जब टीम लगातार हार के दौर से गुजर रही है और अर्शदीप का प्रदर्शन भी चर्चा में बना हुआ है।
एंड्रू लीपस ने पहले क्या कहा था?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले से पहले एंड्रू लीपस ने कहा था कि उनकी मेडिकल टीम अर्शदीप सिंह के शरीर में हो रही कुछ समस्याओं पर काम कर रही है। उनके मुताबिक यही वजह हो सकती है कि इस सीजन अर्शदीप का प्रदर्शन उतना कंसिस्टेंट नहीं रहा।
उन्होंने यह भी कहा था कि पिछले कुछ हफ्तों में अर्शदीप की शारीरिक स्थिति में सुधार हुआ है और वह बेहतर महसूस कर रहे हैं। लेकिन अब फ्रेंचाइजी के नए बयान ने इस पूरे मामले को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।
हाल के मैचों में संघर्ष करते दिखे अर्शदीप
आईपीएल 2026 के दूसरे हाफ में अर्शदीप सिंह अपने पुराने अंदाज में नजर नहीं आए हैं। खासकर डेथ ओवरों में उनकी यॉर्कर और बाउंसर उतनी प्रभावी नहीं दिखी, जिसके लिए वह जाने जाते हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में भी उन्होंने 4 ओवरों में 43 रन खर्च किए और सिर्फ 1 विकेट हासिल किया। पंजाब किंग्स को उस मैच में 23 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
लगातार हार के बाद मुश्किल में पंजाब किंग्स
पंजाब किंग्स ने लगातार छह जीत और एक नो रिजल्ट के साथ आईपीएल 2026 सीजन की शुरुआत शानदार तरीके से की थी, लेकिन अब वह लगातार छह मुकाबले हार चुकी है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम के पास अब सिर्फ एक लीग मैच बचा है।
पंजाब किंग्स के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि अब वह अधिकतम 15 अंकों तक ही पहुंच सकती है और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अब उन्हें दूसरे टीमों के रिजल्ट पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। ऐसे में अर्शदीप सिंह की फिटनेस और फॉर्म टीम के लिए काफी अहम रहने वाली है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







