आईपीएल 2026 को शुरू होने में थोड़ा समय बाकी है। यह दुनिया की सबसे टफेस्ट लीग है। इस सीजन पैट कमिंस ही सिर्फ बतौर गेंदबाज टीम की कमान संभाल रहे हैं। गेंदबाजों को अच्छा कप्तान नहीं माना जाता है, लेकिन धीरे-धीरे वह भ्रम भी टूट रहा है। तो चलिए जानते हैं कि अब तक आईपीएल में किन-किन गेंदबाजों ने कप्तानी की है।
आईपीएल में बतौर गेंदबाज कप्तानी करने वाले खिलाड़ी
1. शेन वॉर्न
गेंदबाजों को कप्तान नहीं बनाया जाता है, लेकिन साल 2008 में राजस्थान रॉयल्स ने सबसे पहले यह गैम्बल लिया था कि शेन वॉर्न को कप्तान बनाया जाए। पहले ही सीजन में उन्होंने इतिहास रच दिया था। सभी उनकी टीम को हल्के में ले रहे थे, लेकिन उन्होंने शानदार कप्तानी करते हुए टीम को टाइटल जिता दिया।
उनके टाइटल जीतने के बाद ही आगे आने वाले गेंदबाजों के लिए रास्ता खुला कि वे भी कप्तान बन सकते हैं।वॉर्न ने आईपीएल में 55 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें 30 में जीत और 24 में हार का सामना करना पड़ा है।
2. अनिल कुंबले
अनिल कुंबले उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से हैं जिन्होंने आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तानी की है। कुंबले को साल 2009 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने कप्तान बनाया था। उसी सीजन वे अपनी टीम को फाइनल तक ले गए थे।
कुंबले ने आईपीएल में 26 मैचों में कप्तानी की है। इस दौरान उनकी टीम को 15 मैचों में जीत और 11 में हार का सामना करना पड़ा है।
3. हरभजन सिंह
हरभजन सिंह को भी साल 2010 में मुंबई इंडियंस ने कप्तान नियुक्त किया था। उन्होंने 2012 तक बीच-बीच में कप्तानी संभाली, लेकिन उन्हें वह सफलता नहीं मिली जो बाकी गेंदबाजी कप्तानों को मिली थी।
हरभजन सिंह ने आईपीएल में 20 मैचों में कप्तानी की, जिसमें 10 मैचों में जीत और 10 में हार का सामना करना पड़ा।
4. डेनियल वेटोरी
डेनियल वेटोरी ने साल 2011-12 में बैंगलोर की टीम की कमान संभाली थी। इस दौरान उनकी कप्तानी में टीम ने पहले सीजन में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। वे फाइनल तक पहुंचने में सफल रहे थे, जहां उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
वेटोरी ने आईपीएल में 22 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें 12 में जीत और 10 में हार झेलनी पड़ी थी।
5. ज़हीर खान
टीम इंडिया के दिग्गज गेंदबाज ज़हीर खान को साल 2016 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने कप्तान बनाया था, ताकि वे अच्छा प्रदर्शन कर सकें। लेकिन इस बार भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं रहा। ज़हीर ने दो साल कप्तानी की, लेकिन टीम प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना सकी।
ज़हीर खान ने दो सीजन में 23 मुकाबलों में कप्तानी की। इस दौरान उनकी टीम को 10 मैचों में जीत और 13 में हार का सामना करना पड़ा।
6. रविचंद्रन अश्विन
रविचंद्रन अश्विन काफी इंटेलिजेंट क्रिकेटर माने जाते हैं, जिसके चलते किंग्स इलेवन पंजाब ने साल 2018-19 में उन्हें कप्तानी देकर दांव खेला था। शुरुआत तो अच्छी हुई, लेकिन टीम प्लेऑफ में क्वालिफाई नहीं कर पाई। उनका यह पैंतरा भी काम नहीं आया और टीम को निराशा झेलनी पड़ी।
अश्विन ने आईपीएल में 28 मैचों में कप्तानी की, जिसमें 12 में जीत और 16 में हार का सामना करना पड़ा।
7. पैट कमिंस
पैट कमिंस पिछले कुछ सालों में बतौर गेंदबाज कप्तान बनने वाले इकलौते खिलाड़ियों में से हैं। उनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और फिर वर्ल्ड कप में हराकर छठी ट्रॉफी जीती थी, जिसके चलते सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 2024 में कप्तान बनाया।
पैट की कप्तानी में पहले ही सीजन में हैदराबाद ने अपने खेलने का तरीका बदला और वह फाइनल में पहुंचने में सफल रही। इस सीजन वे चोट के चलते शुरुआती मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे। कमिंस ने आईपीएल में 30 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें 15 में जीत और 14 में हार का सामना करना पड़ा है।







