CSK vs GT मैच में साई सुदर्शन ने 87 रनों की पारी खेलकर 159 रनों का टारगेट चेज कराने में अहम भूमिका निभाई।
आईपीएल 2026 के 37वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। चेपॉक के मैदान पर खेले गए इस मैच में 159 रनों के लक्ष्य को गुजरात ने सिर्फ 16.4 ओवरों में ही हासिल कर लिया।
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स 20 ओवर में 158 रन ही बना सकी। इसके जवाब में गुजरात ने बेहद आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच को एकतरफा बना दिया।
ऋतुराज गायकवाड़ की पहली अर्धशतकीय पारी गई बेकार
इस मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही, जहां टीम ने पॉवरप्ले में ही 28 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। संजू सैमसन 15 गेंदों पर मात्र 11 रन बनाकर आउट हुए, जबकि उर्विल पटेल और सरफराज खान भी ज्यादा देर टिक नहीं सके।
इन शुरुआती झटकों के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभाला और 60 गेंदों में 74 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि, शिवम दुबे ने 22 और जेमी ओवरटन ने 18 रनों की तेज पारी खेली, जिससे टीम किसी तरह 158 तक पहुंच सकी।
गुजरात के गेंदबाजों ने पहले ही रख दी थी जीत की नींव
गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। कगिसो रबाडा ने 4 ओवरों में 25 रन देकर 3 विकेट लिए और चेन्नई की टॉप ऑर्डर को पूरी तरह तोड़ दिया। मोहम्मद सिराज और मानव सुथार ने भी कसी हुई गेंदबाजी की, जबकि अर्शद खान ने भी 2 विकेट हासिल किया।
साई सुदर्शन ने अकेले ही खत्म कर दिया खेल
159 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की शुरुआत शानदार रही। साई सुदर्शन ने 46 गेंदों में 87 रनों की मैच विनिंग पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा शुभमन गिल ने 33 रन बनाए और दोनों के बीच अच्छी साझेदारी ने मैच को पूरी तरह गुजरात की तरफ झुका दिया।
बटलर और मिडिल ऑर्डर ने किया काम आसान
गिल के आउट होने के बाद जोस बटलर ने जिम्मेदारी संभाली और 39 रन बनाकर नाबाद रहे। वॉशिंगटन सुंदर ने अंत में 1 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। अंत में गुजरात ने 159 रनों लक्ष्य सिर्फ 20 गेंदें शेष रहते ही हासिल कर लिया, जिससे यह साफ हो गया कि चेन्नई का स्कोर इस पिच पर बिल्कुल भी चुनौतीपूर्ण नहीं था।
चेन्नई की गेंदबाजी रही बेअसर
चेन्नई के गेंदबाज इस मैच में बिल्कुल असर नहीं छोड़ सके। केवल नूर अहमद और अकील हुसैन को 1-1 विकेट मिला, जबकि बाकी गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए। गुजरात ने पावरप्ले में ही 55 रन बना लिए थे, जिससे मैच का रुख पूरी तरह तय हो गया था।
पॉइंट्स टेबल पर असर
गुजरात टाइटंस ने इस जीत के साथ 8 मैचों में 4 जीत और 4 हार के बाद कुल 8 अंक हासिल कर लिए हैं, लेकिन उनका नेट रन रेट अभी भी -0.475 पर बना हुआ है।
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स की हालत इस हार के बाद और मुश्किल हो गई है। टीम ने 8 मैचों में सिर्फ 3 जीत दर्ज की हैं और उनके खाते में अभी 6 अंक हैं, जबकि उनका नेट रन रेट -0.121 हो गया है। अब उन्हें अपने बाकी बचे हुए 6 मैचों में कम से कम 5 मैचों में जीत हासिल करनी होगी।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







