26वीं पारी में 1000 रन का आंकड़ा छूते ही सूर्यवंशी, T20 में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले भारतीयों की बल्लेबाज़ों की लिस्ट में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है।
क्रिकेट की दुनिया में एक नया सितारा तेजी से उभर रहा है। महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिसने बड़े-बड़े खिलाड़ियों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए। आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए इस युवा बल्लेबाज़ ने इतिहास रच दिया।
जयपुर में खेले गए इस मैच में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाज़ों की जमकर धुनाई करते हुए सिर्फ 36 गेंदों में शतक ठोक दिया। वैभव ने 12 छक्कों और 5 चौकों की मदद से अपना दूसरा आईपीएल शतक पूरा किया। इससे पहले भी उन्होंने आईपीएल 2025 में महज 35 गेंदों में सेंचुरी जड़कर सभी को चौंका दिया था।
इस मुकाबले में उन्होंने पहली ही गेंद से आक्रामक अंदाज़ अपनाया और हैदराबाद के गेंदबाज़ों पर दबाव बना दिया। महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा करते हुए उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी का नमूना पेश किया। उनकी इस शानदार पारी ने उन्हें रिकॉर्ड बुक में शीर्ष पर पहुंचा दिया।
1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बने सबसे युवा वैभव
दरअसल, वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 45 रन बनाते ही टी20 क्रिकेट में अपने 1000 रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह यह मुकाम हासिल करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। उन्होंने यह उपलब्धि महज 15 साल 29 दिन की उम्र में हासिल की, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड है।
सूर्यवंशी ने अपने टी20 करियर की सिर्फ 26वीं पारी में 1000 रन पूरे किए, जिससे वह इस फॉर्मेट में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज़ भी बन गए। इस दौरान उन्होंने सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने यह आंकड़ा 31 पारियों में छुआ था।
T20 क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले टॉप 5 इंडियन बल्लेबाज
- देवदत्त पडिक्कल- 25 पारी
- रोहन कदम- 27 पारी
- वैभव सूर्यवंशी – 26 पारी
- सचिन तेंदुलकर – 31 पारी
- अंकित लांबा- 32 पारी
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से सभी को प्रभावित किया है। उन्होंने तीसरी बार सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर अपना जलवा दिखाया। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने आईपीएल 2026 में महज 7 मैचों में 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 357 रन बना लिए हैं।
पिछले सीजन, यानी आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक जड़कर वह टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में सेंचुरी लगाने वाले खिलाड़ी बने थे। यह शतक आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक भी था।
अपने डेब्यू सीजन में ही उन्होंने 8 मैचों में 292 रन बनाए थे, जिसमें उनका औसत 41.71 और स्ट्राइक रेट 229.92 रहा।जो उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी का साफ सबूत है।







