Thursday, June 11

समीर रिजवी की शानदार 90 रनों की पारी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

आईपीएल 2026 के 8वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने एक बार फिर शानदार और संतुलित प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराया। इस मुकाबले में समीर रिजवी को उनकी 51 गेंदों पर 90 रनों की बेहतरीन पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दिल्ली अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मेजबान टीम ने 18.1 ओवरों में ही 163 रनों का लक्ष्य हासिल किया और टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

मुंबई इंडियंस की शुरुआत रही खराब, 162/6 तक ही पहुंच सकी टीम

पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं रही। टीम ने सिर्फ 18 के स्कोर पर अपने पहले दो विकेट गंवा दिए और पॉवरप्ले में ही दबाव में आ गई।

रोहित शर्मा ने 26 गेंदों पर 35 रन बनाकर पारी को थोड़ी स्थिरता दी, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। तिलक वर्मा बिना खाता खोले आउट हुए, जिससे टीम और दबाव में आ गई।

इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली और 36 गेंदों पर 51 रनों की पारी खेली। उन्होंने पारी को संभालने की कोशिश जरूर की, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से ज्यादा समर्थन नहीं मिला।

मिडिल ओवर्स में दिल्ली के गेंदबाजों ने शानदार नियंत्रण दिखाया और रन गति पर लगाम लगा दी। नमन धीर ने 21 गेंदों पर 28 रन बनाए, जबकि अंत में मिचेल सैंटनर ने 13 गेंदों पर नाबाद 18 रन जोड़कर स्कोर को 162/6 तक पहुंचाया।

दिल्ली की गेंदबाजी काफी संतुलित रही। मुकेश कुमार ने 3 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए। अक्षर पटेल ने 4 ओवर में सिर्फ 22 रन देकर 1 विकेट लिया, जो मैच का एक अहम स्पेल रहा। इसके अलावा लुंगी एनगिडी, विप्रज निगम और टी नटराजन ने भी 1-1 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी।

दिल्ली की खराब शुरुआत, लेकिन रिजवी ने बदल दिया मैच

163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत भी बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 1 रन पर केएल राहुल का विकेट गंवा दिया और 7 रन तक पहुंचते-पहुंचते नितीश राणा भी आउट हो गए। इस समय मैच पूरी तरह मुंबई के पक्ष में नजर आ रहा था, लेकिन यहीं से समीर रिजवी ने जिम्मेदारी संभाली।

रिजवी ने शुरुआत में थोड़ा समय लिया और फिर धीरे-धीरे अपने शॉट्स खेलने शुरू किए। उन्होंने पाथुम निसांका के साथ मिलकर पारी को संभाला और टीम को स्थिरता दी।

निसांका ने 30 गेंदों पर 44 रन बनाकर अहम योगदान दिया, लेकिन असली खेल रिजवी ने दिखाया। उन्होंने 51 गेंदों पर 90 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल थे।

उनकी बल्लेबाजी में नियंत्रण और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला। खासकर मिडिल ओवर्स में उन्होंने स्पिनर्स पर दबाव बनाकर मैच पूरी तरह दिल्ली के पक्ष में कर दिया।

18.1 ओवरों में मिली आसान जीत

जब रिजवी सेट हो गए, उसके बाद मैच पूरी तरह एकतरफा हो गया। उन्होंने डेविड मिलर के साथ मिलकर आसानी से मैच से खत्म किया। अंत में दिल्ली कैपिटल्स ने 18.1 ओवरों में 164/4 बनाकर 6 विकेट से यह मुकाबला जीत लिया। डेविड मिलर 18 गेंदों पर 21 रन और ट्रिस्टन स्टब्स 3 रन बनाकर नाबाद लौटे।

मुंबई इंडियंस की ओर से दीपक चाहर, मिचेल सैंटनर और कॉर्बिन बॉश को 1-1 विकेट मिला, लेकिन कोई भी गेंदबाज मैच में दबाव नहीं बना सका।

लगातार दूसरी जीत से मजबूत हुई दिल्ली

इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है और टीम का कॉम्बिनेशन काफी संतुलित नजर आ रहा है। बल्लेबाजी में गहराई है और गेंदबाजी भी सही समय पर विकेट निकाल रही है।

वहीं मुंबई इंडियंस के लिए यह मैच कई सवाल छोड़ गया है। खासकर टॉप ऑर्डर की अस्थिरता और मिडिल ओवर्स में रन बनाने की समस्या टीम के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version