भारत के हेड कोच गौतम गंभीर ने मंगलवार को एबीपी न्यूज़ के ‘इंडिया ऐट 2047’ समिट में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने टीम इंडिया की कोचिंग से जुड़ी कई अहम बातों के अलावा विराट कोहली के साथ अपने रिश्ते पर भी खुलकर बात की। गंभीर ने साफ किया कि भले ही मैदान पर दोनों खिलाड़ियों के बीच कभी-कभी टकराव देखने को मिला हो, लेकिन उनके आपसी रिश्ते में कोई दरार नहीं है।

IPL 2023 के विवाद पर गंभीर की सफाई

गंभीर और विराट कोहली के बीच सबसे ज्यादा चर्चित टकराव IPL 2023 में देखने को मिला था। उस दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के एक मुकाबले में पोस्ट-मैच हैंडशेक के दौरान विराट और नवीन-उल-हक के बीच बहस हो गई थी। इसके बाद गौतम गंभीर, जो उस समय लखनऊ टीम के मेंटर थे, भी बीच में आ गए और मामला गर्मा गया। यह झगड़ा इतना बड़ा बन गया कि दोनों टीमों के खिलाड़ियों और स्टाफ को बीच-बचाव करना पड़ा था।

“हम दोस्त थे, हैं और रहेंगे” – गंभीर का बयान

अब गौतम गंभीर ने इन सारी अफवाहों और अटकलों को खारिज करते हुए कहा है कि मैदान पर विरोधी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए भिड़ंत होना सामान्य बात है।

उन्होंने कहा, “हम दोस्त थे, हैं और हमेशा रहेंगे। जब आप दो अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व करते हैं, तो मैदान पर अपनी टीम के लिए लड़ने का हक़ होता है। लेकिन मैदान के बाहर जो रिश्ता होता है, वो सभी को बताने की ज़रूरत नहीं है। बहुत कुछ सिर्फ TRP के लिए बोला और दिखाया गया।”

मीडिया और सोशल मीडिया पर गंभीर की चुटकी

गंभीर ने यह भी कहा कि उन्होंने और विराट ने एक-दूसरे के साथ काफी क्रिकेट खेला है और उनका संबंध दिल्ली से भी जुड़ता है।

उन्होंने मज़ाकिया लहज़े में कहा, “दो दिल्ली के लड़के मस्ती कर रहे हैं। अगर ये किसी को दिक्कत है, तो मैं BCCI से कहूंगा कि इस पर सोशल मीडिया पोस्ट करना बंद कर दें।”

विराट कोहली की फिटनेस पर गंभीर की तारीफ

इस समिट के दौरान गौतम गंभीर ने विराट कोहली की फिटनेस की भी दिल खोलकर तारीफ की।

उन्होंने हँसते हुए कहा, “अगर मुझे किसी क्रिकेटर के शरीर में प्रवेश करने का मौका मिले, तो वो विराट कोहली का होगा, क्योंकि वो टीम का सबसे फिट खिलाड़ी है।”

अटकलों पर विराम, आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया

यह बयान कई मायनों में अहम है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों से मीडिया और सोशल मीडिया पर गौतम गंभीर और विराट कोहली के बीच दरार की खबरें लगातार सामने आती रही हैं। IPL 2023 के उस टकराव के बाद तो ये चर्चा और भी तेज़ हो गई थी। लेकिन अब खुद गंभीर ने इस विषय पर फुल स्टॉप लगा दिया है।

गौतम गंभीर ने आगे यह भी कहा कि लोगों को क्रिकेट को उसके असली रूप में समझना चाहिए। उन्होंने कहा, “आप मैदान पर हार या जीत के लिए लड़ते हैं, और यह खेल की खूबसूरती है। लेकिन इससे रिश्ते प्रभावित नहीं होते। विराट ने भारतीय क्रिकेट के लिए जो किया है, वो काबिले-तारीफ है और हमें उस पर गर्व करना चाहिए।”

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version