हाल ही में यह खबर मिली है कि पूर्व भारतीय बाएँ हाथ के बल्लेबाज हेमांग बदानी (Hemang Badani) आईपीएल 2025 (IPL 2025) में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के नए हेड कोच के रूप में नजर आ सकते हैं। इसके अलावा, पूर्व तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल (Munaf Patel) को भी बड़ी भूमिका मिल सकती है।
बता दें कि, कैपिटल्स ने अगस्त में रिकी पोंटिंग को इस पद से हटा दिया था, जो 2018 से इस भूमिका में थे। हालांकि, रिकी पोंटिंग के मार्गदर्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने पहली बार 2020 में आईपीएल का फाइनल खेला था और उसके अगले सीजन अंक तालिका में पहले स्थान पर रहकर प्लेऑफ में भी पहुंचे थे। लेकिन उसके बाद से वह प्लेऑफ में क्वालीफाई नहीं कर सके।
आईपीएल 2025 के लिए भारतीय कोचों की तलाश कर रहा है दिल्ली कैपिटल्स
आईपीएल के एक सूत्र के हवाले से मिली खबर के मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स मैनेजमेंट अच्छे घरेलू कोचों की तलाश कर रहा है, जिसमें हेमांग बदानी और मुनाफ पटेल का नाम सामने आया है। माना जा रहा है कि, कैपिटल्स फ्रेंचाइजी बदानी को हेड कोच और पटेल को बॉलिंग कोच बनाने पर विचार कर रही है।
आईपीएल के एक सूत्र ने नाम न बताने की शर्त पर पीटीआई को बताया
DC मैनेजमेंट बेहतरीन घरेलू कोचों की तलाश कर रहा है और हेमांग एवं मुनाफ के नाम सामने आए हैं। अंतिम फैसला अभी लिया जाना बाकी है, लेकिन मुनाफ के मामले में यह गेंदबाजी कोच की नौकरी हो सकती है।
ऐसा रहा है Hemang Badani का कोचिंग करियर

भारत के लिए 40 वनडे और 4 टेस्ट खेल चुके हेमांग बदानी (Hemang Badani) ने तमिलनाडु प्रीमियर लीग के पहले सीजन (2016) में चेपक सुपर गिल्लीज के हेड कोच के रूप में काम किया। वह सात सीजन तक सुपर गिल्लीज के हेड कोच रहे, जिसमें सुपर गिल्लीज ने चार बार खिताब जीता।
47 वर्षीय बदानी लंका प्रीमियर लीग में जाफना किंग्स के सलाहकार के रूप में भी काम कर चुके है। इसके अलावा, दिसंबर 2021 में, बदानी को आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद टीम के फील्डिंग कोच और स्काउट के रूप में नियुक्त किया गया और जुलाई 2023 तक इस भूमिका में बने रहे। 2024 में उन्हें SRH का बैटिंग कोच भी बनाया गया। इतना ही नहीं, वह चेन्नई सुपर किंग्स एकेडमी के साथ भी जुड़े रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के साथ पहले भी जुड़े रहे हैं मुनाफ पटेल

2018 में अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने वाले पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल (Munaf Patel) दिल्ली कैपिटल्स के साथ पहले भी जुड़े रहे हैं। वह लीजेंड्स लीग में GMR स्पोर्ट्स के स्वामित्व वाली इंडिया कैपिटल्स का हिस्सा भी रहे हैं, जो दिल्ली कैपिटल्स में भी मालिकाना हक रखती है।
2011 में भारत की वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा रहे मुनाफ आईपीएल में भी राजस्थान रॉयल्स, मुंबई इंडियंस और गुजरात लायंस जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं। उन्हें आखिरी बार 2017 में सुरेश रैना की कप्तानी वाली गुजरात लायंस के लिए आईपीएल खेलते देखा गया था।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा, खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरों पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।


