IPL 2025 Playoffs Qualification Scenario After Restart: IPL 2025 का रोमांच अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है, लेकिन भारत-पाक तनाव के कारण टूर्नामेंट को बीच में रोकना पड़ा था। करीब एक हफ्ते तक कोई भी मुकाबला नहीं हुआ, लेकिन अब 17 मई से यह टूर्नामेंट फिर से शुरू होने जा रहा है। फैंस को अब बाकी बचे मैचों में जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी, क्योंकि प्लेऑफ में पहुंचने की होड़ बहुत कड़ी हो गई है।
अभी तक सिर्फ गुजरात टाइटंस और RCB ऐसी टीमें हैं, जो मजबूत स्थिति में नजर आ रही हैं। लेकिन पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमें भी रेस में बनी हुई हैं। हर टीम के पास अब सीमित मौके बचे हैं और एक हार इस टूर्नामेंट में उनके सफर को खत्म कर सकती है। ऐसे में जानिए IPL 2025 के पॉइंट्स टेबल में टॉप 7 में मौजूद टीमों के प्लेऑफ में पहुँचने का समीकरण क्या है।
ये है IPL 2025 में टॉप 7 टीमों का प्लेऑफ में पहुँचने का समीकरण
1. गुजरात टाइटंस (GT)
गुजरात टाइटंस फिलहाल पॉइंट्स टेबल में 16 अंकों के साथ पहले नंबर पर है। टीम को अभी तीन मैच खेलने हैं और सिर्फ एक जीत से यह 18 अंकों के संभावित कट-ऑफ को पार कर लेगी। ऐसे में GT का प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है।
बचे मुकाबले: बनाम दिल्ली कैपिटल्स, बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
2. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)
RCB भी 16 अंकों के साथ अच्छी स्थिति में है। टीम को तीन मुकाबले और खेलने हैं। अगर ये टीम अब एक मैच भी जीत लेती है, तो 18 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंच सकती है। इतना ही नहीं, लगातार जीत मिलने पर यह टॉप-2 में भी जगह बना सकती है।
बचे मुकाबले: बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स
3. पंजाब किंग्स (PBKS)
पंजाब की टीम 15 अंकों पर है और उसे भी तीन मैच खेलने हैं। अगर टीम इनमें से दो मैच जीत जाती है तो प्लेऑफ में उसकी जगह तय हो सकती है। यह टीम पिछले दस साल से प्लेऑफ में नहीं पहुंची है, इसलिए इस बार उसके लिए यह मौका खास है।
बचे मुकाबले: बनाम राजस्थान रॉयल्स, बनाम दिल्ली कैपिटल्स, बनाम मुंबई इंडियंस
4. मुंबई इंडियंस (MI)
मुंबई इंडियंस के पास 14 अंक हैं और टीम को अब तीन मुकाबले खेलने हैं। अगर मुंबई इनमें से कोई भी मुकाबला हारती है, तो वह प्लेऑफ की रेस से बाहर हो सकती है। इसलिए हर मैच में जीत ज़रूरी होगी।
बचे मुकाबले: बनाम गुजरात टाइटंस, बनाम पंजाब किंग्स, बनाम दिल्ली कैपिटल्स
5. दिल्ली कैपिटल्स (DC)
दिल्ली के पास 13 अंक हैं और तीन मैच बाकी हैं। अगर यह टीम अगले तीनों मैच जीत जाती है तो सीधे 19 अंकों के साथ क्वालीफाई कर जाएगी। लेकिन एक भी हार प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीदों को कमजोर कर देगी।
बचे मुकाबले: बनाम गुजरात टाइटंस, बनाम मुंबई इंडियंस, बनाम पंजाब किंग्स
6. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)
कोलकाता की टीम इस समय 11 अंकों पर है और सिर्फ दो मैच बचे हैं। अगर KKR दोनों जीत लेता है और पंजाब अपने तीनों मैच हारता है, साथ ही दिल्ली सिर्फ पंजाब से जीते और बाकी दो हारे, तो ही KKR की उम्मीदें बच सकती हैं। यानी अब सिर्फ जीत से नहीं, बाकी टीमों के नतीजों से भी उसकी किस्मत जुड़ेगी।
बचे मुकाबले: बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, बनाम राजस्थान रॉयल्स
7. लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)
लखनऊ के पास 10 अंक हैं और तीन मुकाबले बचे हैं। अगर टीम तीनों जीत जाती है, तो उसके 16 अंक हो जाएंगे। लेकिन इसके साथ ही मुंबई और दिल्ली को ज़्यादा जीत नहीं मिलनी चाहिए, तभी LSG की प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रहेंगी।
बचे मुकाबले: बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, बनाम गुजरात टाइटंस, बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

