इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले मैच को लेकर पिछले कुछ समय से लागतार सवाल बने हुए थे। हालाँकि अब इस पर फैसला आ गया है। आरसीबी फैंस को टूर्नामेंट शुरू होने से पहले खुशखबरी मिली हैं। कर्नाटक सरकार ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन को मैच आयोजित करने की अंतिम मंजूरी दे दी है।
इसके साथ ही पक्का हो गया है कि आईपीएल 2026 का ओपनिंग मुकाबला बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही खेला जाएगा। 28 मार्च को यहां बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच सीजन का पहला मैच होगा।
चिन्नास्वामी में मुकाबले कराने के लिए सरकार से मिली इजाजत
आपको बता दें कि, आईपीएल 2025 में RCB की जीत के बाद विक्ट्री परेड का आयोजन किया गया था जिसमें भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 11 लोगों की जान गई थी, जिसके बाद स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर पर सवाल उठे थे।
मामले की जांच के लिए जस्टिस डी’कुन्हा कमेटी बनाई गई थी, जिसने सुरक्षा को लेकर कई अहम सुझाव दिए थे। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन को 15 मार्च तक जरूरी सुधार करने का समय दिया गया था। सभी जरूरी काम पूरे कर लिए गए हैं, जिसके बाद सरकार ने मैच आयोजित करने की अनुमति दे दी है।
बेंगलुरु में होगा उद्घाटन मैच
बीसीसीआई ने 12 मार्च को आईपीएल 2026 के शुरुआती 20 मैचों का शेड्यूल जारी किया था। इस शेड्यूल के अनुसार, चिन्नास्वामी स्टेडियम सिर्फ सीजन का पहला मैच ही नहीं बल्कि 5 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के मुकाबले की भी मेजबानी करेगा।
IPL 2026 में आरसीबी अपने कुल 5 मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी। इसके अलावा टीम के दो घरेलू मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में होंगे।
रजत पाटीदार की कप्तानी में फिर से वही प्रदर्शन दोहराना चाहेगी आरसीबी
5 राज्यों में होने वाले चुनाव की तारीखें भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि IPL 2026 के बाकी मैचों का पूरा शेड्यूल भी जल्द जारी कर दिया जाएगा।
अगर RCB की बात करें तो टीम ने IPL 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब जीता था। अब टीम इस बार अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। IPL 2026 में भी टीम की कप्तानी रजत पाटीदार के हाथों में होगी। उनकी कप्तानी में ही RCB ने 18 साल बाद ट्रॉफी जीती थी। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस सीजन टीम कैसा प्रदर्शन करती है।







