LPG सप्लाई संकट की खबरों के बीच आईपीएल 2026 के टलने की अटकलें तेज हो गई हैं, जिस पर चेयरमैन अरुण धूमल का बयान सामने आया है।
भारत में टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ऐतिहासिक जीत के बाद अब क्रिकेट फैंस की नजरें आईपीएल 2026 पर टिक गई हैं। हालांकि टूर्नामेंट शुरू होने में ज्यादा समय नहीं बचा है, लेकिन अभी तक इसका आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं हुआ है।
इसी बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि देश में LPG गैस सप्लाई से जुड़ी समस्या और अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण आईपीएल 2026 के आयोजन को लेकर चिंता बढ़ गई है।
LPG सप्लाई संकट से बढ़ी चिंता
रिपोर्ट्स के अनुसार पश्चिम एशिया में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर तेल और गैस सप्लाई पर पड़ रहा है। इसका असर भारत में भी देखने को मिल रहा है, जहां कुछ शहरों में LPG की सप्लाई सीमित बताई जा रही है।
चेन्नई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में होटल एसोसिएशन ने बताया है कि उनके पास केवल एक या दो दिन के लिए ही LPG स्टॉक बचा है। इसी कारण कई होटलों ने गैस की खपत कम करने के लिए अपने मेन्यू भी सीमित कर दिए हैं।
आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने क्या कहा
इन अटकलों के बीच आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल (Arun Dhumal) ने भी स्थिति पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है और हालात के अनुसार फैसला लिया जाएगा।
अरुण धूमल ने कहा, “हम इस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। यह लगातार बदलती हुई परिस्थिति है, इसलिए अभी कुछ भी निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता। हालात को देखते हुए हम आगे फैसला लेंगे।”
अभी तक जारी नहीं हुआ आईपीएल का शेड्यूल
आईपीएल 2026 का शेड्यूल अभी तक आधिकारिक रूप से जारी नहीं किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक टूर्नामेंट की शुरुआत 28 मार्च से होने की संभावना है, लेकिन शेड्यूल में देरी के पीछे राज्य चुनावों को भी एक वजह माना जा रहा है। बीसीसीआई फिलहाल इस बात पर भी काम कर रहा है कि मैचों की तारीखें और वेन्यू चुनाव कार्यक्रम से टकराएं नहीं।
लॉजिस्टिक्स भी बना बड़ी चुनौती
हाल ही में समाप्त हुए टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भी लॉजिस्टिक्स से जुड़ी समस्याएं सामने आई थीं। पश्चिम एशिया में तनाव के कारण कुछ टीमों की फ्लाइट रूट प्रभावित हुई थीं, जिससे खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को अपने देशों तक पहुंचने में देरी हुई थी। ऐसे में आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट के आयोजन में भी लॉजिस्टिक्स एक अहम मुद्दा बन सकता है।
कई टीमों ने शुरू कर दिया है ट्रेनिंग कैंप
हालांकि अटकलों के बीच कई आईपीएल फ्रेंचाइजी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स का ट्रेनिंग कैंप पिछले कई दिनों से चल रहा है और टीम के खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं।
इसके अलावा पंजाब किंग्स ने भी धर्मशाला में अपना कैंप शुरू कर दिया है, जहां खिलाड़ी आगामी सीजन की तैयारी में जुटे हुए हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







