Wednesday, June 17

IPL 2020 में जब जोफ्रा आर्चर ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए गेंद थामी थी, तब उन्होंने अपनी धारदार गेंदबाज़ी से MVP का खिताब जीता था। लेकिन उस सीजन उनकी टीम ने अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर रहकर सीजन का अंत किया था।

अब पांच साल बाद जब आर्चर एक बार फिर रॉयल्स की जर्सी में लौटे हैं, तो भी हालात कुछ वैसे ही दिख रहे हैं। फर्क बस इतना है कि इस बार इंग्लिश गेंदबाज के पास पिछली बार के मुकाबले ज्यादा अनुभव है, लेकिन टीम की किस्मत अब भी वैसी ही दिख रही है।

पॉवरप्ले में आर्चर अकेले लड़े, बाकी गेंदबाज़ बेअसर

IPL 2025 में आर्चर ने पॉवरप्ले में अब तक 25 के औसत और 7.89 की इकॉनमी से छह विकेट लिए हैं। वहीं राजस्थान के बाकी पेसर्स मिलकर सिर्फ दो विकेट ले सके हैं और उनका औसत 109.5 और इकॉनमी 9.25 रही है। ये आंकड़े साफ दिखाते हैं कि पावरप्ले में टीम का दारोमदार सिर्फ आर्चर के कंधों पर रहा है। यही कहानी 2020 में भी थी, जब आर्चर ने पॉवरप्ले में 10 विकेट चटकाए थे, जबकि बाकी पेसर्स सिर्फ चार ही ले सके थे।

बता दें कि, रॉयल्स के पहले मुकाबले में आर्चर को नई गेंद नहीं दी गई थी और उन्होंने 76 रन लुटाए। इसके बाद के आठ मैचों में उन्हें पावरप्ले में गेंद मिली और उन्होंने पहले ओवर में ही तीन विकेट निकाले हैं। उनकी गेंदों पर फॉल्स शॉट का प्रतिशत 53.7 रहा है, यानी हर दूसरी गेंद पर बल्लेबाज़ गलती कर रहे हैं। इसके बावजूद वो विकेट कॉलम में बढ़त नहीं बना पा रहे।

चिन्नास्वामी में बाउंस मिला, फिर भी विकेट नहीं

RCB के खिलाफ बेंगलुरु में खेले गए मुकाबले में चिन्नास्वामी की पिच पर उछाल था, खासकर लंबे गेंदबाज़ों के लिए। आर्चर ने इसका फायदा उठाया और दो ओवर में 50% फॉल्स शॉट निकाले, लेकिन फिर भी उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। उन्होंने एक भी गेंद फुल लेंथ पर नहीं डाली और उनकी एवरेज लेंथ 8.75 मीटर रही। दूसरी तरफ बाकी गेंदबाज़ फुल लेंथ डाल रहे थे, लेकिन उनका फॉल्स शॉट प्रतिशत 16% से भी कम रहा।

एज तो बहुत निकाले, लेकिन विकेट सिर्फ एक

IPL 2025 में आर्चर ने अब तक बल्लेबाज़ों से 25 एज निकाले हैं, जो इस सीज़न में सबसे ज़्यादा हैं। लेकिन इनमें से सिर्फ एक ही विकेट में बदला। इन एज पर बल्लेबाज़ों ने 51 रन बना दिए। तुलना करें तो जोश हेज़लवुड ने 22 एज में से 7 विकेट निकाले हैं और अर्शदीप सिंह ने 18 एज में से 6 विकेट। इसका मतलब साफ है कि आर्चर का नसीब उनका साथ नहीं दे रहा।

फॉर्म में हैं आर्चर, लेकिन बदकिस्मती ने किया परेशान

आर्चर इस सीज़न में 33.3% फॉल्स शॉट निकाल रहे हैं, जो गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के बराबर है। लेकिन जहां कृष्णा के पास 16 विकेट हैं, वहीं आर्चर सिर्फ 9 पर रुके हुए हैं। उनके आंकड़े इस बात का सबूत हैं कि उन्होंने मेहनत में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन किस्मत ने उन्हें बार-बार धोखा दिया।

राजस्थान की हालत नाज़ुक, आर्चर फिर से देख रहे हैं वही सपना

राजस्थान रॉयल्स लगातार पांच मुकाबले हार चुकी है और अब अगर वो बाकी बचे सभी मैच जीत भी ले, तो भी सिर्फ 14 अंक तक पहुंच सकती है। ऐसे में प्लेऑफ में पहुँचने की उम्मीद कम ही नजर आ रही है। जोफ्रा आर्चर के लिए ये स्थिति किसी Deja vu से कम नहीं, जहां वो फिर से अपनी गेंदबाजी से तो चमक रहे हैं, लेकिन टीम के नतीजे उन्हें लगातार मायूस कर रहे हैं।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version